कप्तान फातिमा सना के नाबाद 47 रन और चार विकेट के शानदार प्रदर्शन के बावजूद श्रीलंका ने महिला एशिया कप के सेमीफाइनल में शुक्रवार को पाकिस्तान को चार विकेट से हराकर फाइनल में जगह पक्की कर ली. डिफेंडिंग चैंपियन श्रीलंका का सामना रविवार को फाइनल मैच में भारत से होगा. श्रीलंका ने पिछले एशिया कप के फाइनल में भारत को हराकर पहली बार खिताब अपने नाम किया था. पाकिस्तान की बुरी हार के बाद कप्तान फातिमा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है.
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि मैच के बाद फातिमा अपने आंसुओं पर काबू नहीं रख पाईं. वह मैदान पर बैठकर फूट-फूटकर रो रही थीं. उनकी साथी खिलाड़ियों ने उन्हें संभाला. फातिमा ने टीम को फाइनल में पहुंचाने के लिए हर संभव प्रयास किया, लेकिन उन्हें उनकी टीम का साथ नहीं मिला और अंततः उनके प्रयास व्यर्थ गए.
भारत के खिलाफ जीतने का सपना हुआ चकनाचूर
दरअसल, ये वही कप्तान हैं जिन्हें महिला एशिया कप 2026 के नौवें मुकाबला में भारत के खिलाफ मैच से पहले फैंस से जीतने का वादा किया था. एक वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि पाकिस्तान महिला टीम की कप्तान फातिमा फैंस के साथ एक वीडियो रिकॉर्ड कर रही होती हैं, जिसमें उनके पीछे स्टेडियम में मौजूद कुछ फैंस कहते नजर आ रहा हैं, 'इंडिया के खिलाफ जीतना है, और एशिया कप भी जीतना है.' इसके जवाब में कप्तान 'इंशाअल्लाह' कहते हुए नजर आती हैं.
हार के बाद फूट-फूटकर रोईं फातिमा सना
एशिया कप के दूसरे सेमीफाइनल की बात करें तो पाकिस्तान को पांच विकेट पर 130 रन पर रोकने के बाद श्रीलंका ने शुरुआती झटकों से उबरते हुए 18.4 ओवर में छह विकेट पर 134 रन बनाकर जीत दर्ज की. श्रीलंका ने दूसरे ओवर में पांच रन तक दो विकेट गंवा दिए थे और टीम 6.2 ओवर में चार विकेट पर 33 रन बनाकर संकट में थी. इसके बाद हर्षिता समरविक्रमा (31 गेंद में 36 रन) और कविशा दिलहारी (33 गेंद में 33 रन) ने पांचवें विकेट के लिए 67 रन की साझेदारी कर पारी को संभाला.
यह साझेदारी टूटने के बाद निलाक्षिका सिल्वा (नाबाद 18) और कौशिनी नुथ्यांगा (नाबाद 10) ने दबाव के क्षणों में आक्रामक बल्लेबाजी की और आठ गेंद शेष रहते टीम को लक्ष्य तक पहुंचा दिया. पाकिस्तान के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच' फातिमा सना ने चार विकेट लिए, लेकिन 3.4 ओवर में 38 रन भी दिए। सादिया इकबाल और उम्म-ए-हानी को एक-एक सफलता मिली.
फातिमा ने बल्ले से भी किया शानदार प्रदर्शन
इससे पहले फातिमा ने बल्ले से भी शानदार प्रदर्शन किया. उन्होंने 36 गेंद में नाबाद 47 रन की पारी में चार चौके और दो छक्के लगाए. उन्होंने गुल फिरोजा (21) के साथ पांचवें विकेट के लिए 38 गेंद में 40 रन और तुबा हसन (नाबाद 12) के साथ छठे विकेट के लिए 24 गेंद में 38 रन की अटूट साझेदारी की. सलामी बल्लेबाज शवाल जुल्फिकार ने शुरुआती ओवरों में आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 16 गेंद में 24 रन बनाए. उन्होंने दो चौके और दो छक्के लगाए, लेकिन कप्तान चामरी अटापट्टू की गेंद पर विकेटकीपर कौशिनी ने शानदार कैच लपककर उनकी पारी का अंत किया.
मुनीबा अली (दो), आयशा जफर (सात) और सदफ शम्स (आठ) बल्ले से खास योगदान नहीं दे सकीं. शवाल ने शुरुआती ओवरों और फातिमा ने अंतिम ओवरों में तेजी से रन बनाकर इसकी भरपाई की. पाकिस्तान की टीम 16 ओवर के बाद पांच विकेट पर 92 रन बनाकर संघर्ष कर रही थी, लेकिन फातिमा ने गर्मी और उमस के कारण बल्लेबाजी के लिए मुश्किल परिस्थितियों में तेजी से रन जुटाए. मांसपेशियों में खिंचाव के कारण उन्हें कई बार फिजियो की मदद भी लेनी पड़ी. पाकिस्तान ने अंतिम पांच ओवर में 47 रन जोड़े. श्रीलंका की ओर से अटापट्टू और चामुंडी प्रबोधा ने दो-दो विकेट लिए, जबकि सुगंधिका कुमारी को एक सफलता मिली.
ये भी पढ़ें- ईशान किशन की चोट ने बढ़ाई टीम इंडिया की टेंशन, प्रैक्टिस के बीच में छोड़ा मैदान
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं