विज्ञापन

मध्‍य प्रदेश: बेकाबू ट्रक ने MBBS छात्र की जान ली, इकलौता बेटा था हर्षित, प‍िता का पूर्व में हो चुका न‍िधन 

MP के उज्जैन में आरडी गार्डी मेडिकल कॉलेज के MBBS छात्र हर्षित मेहरा की ट्रक की टक्कर से मौत हो गई. घटना के बाद छात्रों ने आगर रोड हाईवे पर चक्काजाम कर सुरक्षा इंतजाम की मांग की. पुलिस ने ट्रक जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया है.

मध्‍य प्रदेश: बेकाबू ट्रक ने MBBS छात्र की जान ली, इकलौता बेटा था हर्षित, प‍िता का पूर्व में हो चुका न‍िधन 

Ujjain Accident: मध्यप्रदेश के उज्जैन में शनिवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसे में आरडी गार्डी मेडिकल कॉलेज के एक MBBS छात्र की मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद आक्रोशित विद्यार्थियों ने आगर रोड हाईवे पर चक्काजाम कर प्रदर्शन किया, जिससे करीब एक घंटे तक यातायात प्रभावित रहा.

कॉलेज गेट के सामने हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, इंदौर निवासी हर्षित मेहरा, पिता स्वर्गीय संजीव मेहरा, आगर रोड स्थित आरडी गार्डी मेडिकल कॉलेज में MBBS सेकेंड ईयर का छात्र था. वह कॉलेज परिसर के हॉस्टल में रहता था. शनिवार सुबह वह बाइक से बाहर जा रहा था. इसी दौरान आगर की ओर से आ रहे एक ट्रक ने कॉलेज गेट के सामने उसे टक्कर मार दी. हादसा इतना भीषण था कि हर्षित की घटनास्थल पर ही मौत हो गई.

छात्रों का हंगामा और मांगें

घटना से गुस्साए छात्रों ने मौके पर ही चक्काजाम कर दिया. विद्यार्थियों ने ट्रक और चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की. साथ ही कॉलेज गेट के सामने स्पीड ब्रेकर बनाने और बैरिकेट्स से जिक-जैक व्यवस्था लागू करने की मांग उठाई.

मौके पर पहुंचे टीआई गजेंद्र पचौरिया ने बताया कि ट्रक को जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है. सीएसपी पुष्पा प्रजापत और पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर तत्काल बैरिकेटिंग करवाई और छात्रों को समझाइश दी. करीब एक घंटे बाद जाम समाप्त हुआ. इस दौरान दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं.

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

कॉलेज स्टाफ के अनुसार, हर्षित परिवार का इकलौता बेटा था. उसके पिता का पहले ही निधन हो चुका है. उसकी मां मेहंदी डिजाइनर हैं. दोस्तों ने बताया कि हर्षित बेहद प्रतिभाशाली था. वह अच्छा सिंगर और गिटारिस्ट था और कॉलेज की हर गतिविधि में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेता था.

हाल ही में आयोजित रजत जयंती समारोह में उसने कई पुरस्कार जीते थे. फिजियोथैरेपी विभाग की डॉ. रुचि मिश्रा ने बताया कि हर्षित लगभग हर वाद्य यंत्र बजा लेता था और वह कॉलेज का होनहार विद्यार्थी था. उसके निधन से पूरे कॉलेज में शोक का माहौल है.

ये भी पढ़ें: कैलाश विजयवर्गीय Vs उमंग सिंघार: शिक्षा, संपत्ति और वोट में किसकी 'औकात' ज्यादा? MP में सियासी टकराव तेज

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Ujjain News, Ujjain Accident News, RD Gardi Medical College Ujjain, MBBS Student Death Ujjain, Harshit Mehra Accident
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com