Muslim Father Hindu Daughter: नंदीनी और अब्दुल हक खान की यह कहानी सिर्फ एक शादी समारोह तक ही सीमित नहीं, बल्कि इंसानियत, प्यार और रिश्तों की सबसे खूबसूरत मिसाल है. मध्य प्रदेश के राजगढ़ से आई यह खबर हर किसी के दिल को छू लेने वाली है. यहां एक मुस्लिम अब्दुल हक खान, हिंदू बेटी नंदीनी सिमोलिया का कन्यादान करने जा रहे हैं.
“खून से नहीं, अपनापन से बना रिश्ता”
NDTV से बातचीत में अब्दुल हक खान कहते हैं कि नंदीनी उनके लिए वह बेटी है, जिसे उन्होंने खून के रिश्ते से नहीं, बल्कि प्यार, जिम्मेदारी और अपनापन से अपना बनाया. अनाथ हुई नंदीनी को गोद लेकर उसे अपनी सगी बेटी की तरह पालने वाले अब्दुल हक खान आज उसे पूरे हिंदू रीति-रिवाजों के साथ विदा करने जा रहे हैं.

muslim father hindu daughter nandini performs kanyadaan in rajgarh madhya pradesh
राजगढ़ में होगी शाही शादी की तैयारी
एमपी के राजगढ़ ब्यावरा में ओल्ड कलेक्ट्रेट रोड, पुराना बस स्टैंड के रहने वाले अब्दुल हक खान बताते हैं कि यूं तो नंदीनी उनकी साली हैं, मगर उन्होंने उसे बेटी मानकर पाला है. नंदीनी की शादी 4 अप्रैल 2026 को ग्वालियर के अंश परमार से जिंदाबाद हाउस, राजगढ़ में धूमधाम से होगी. इस दौरान दोनों धर्मों के करीब 1500 से 2000 लोगों के भोजन की व्यवस्था की जा रही है.
यहां देखें नंदीनी की शादी में हल्दी की रस्म का वीडियो
बचपन में खोया माता-पिता का साया
दरअसल, नंदीनी के पिता रतिराम की साल 2010 में एक सड़क हादसे में मौत हो गई थी. इसके बाद साल 2012 में मां फूलवती का भी निधन हो गया. माता-पिता के गुजर जाने के बाद नंदीनी की बड़ी बहन प्रीति (आयशा) ने अब्दुल हक खान से लव मैरिज की और नंदीनी को अपने साथ ससुराल ले आई. तभी से नंदीनी इसी परिवार में पली-बढ़ी और पढ़ाई की.
कॉलेज से शुरू हुई प्रेम कहानी
अब्दुल हक खान के अनुसार, नंदीनी की 12वीं तक की पढ़ाई केंद्रीय विद्यालय और आगे की पढ़ाई ग्वालियर के कॉलेज से करवाई गई. कॉलेज के दौरान ही नंदीनी और ग्वालियर निवासी अंश परमार की दोस्ती हुई, जो बाद में प्यार में बदल गई.
परिवार की रजामंदी से होगा विवाह
जब नंदीनी ने अपने रिश्ते के बारे में अब्दुल हक खान को बताया, तो उन्होंने इसे सहर्ष स्वीकार किया और प्रेम विवाह की मंजूरी दे दी. अब दोनों का विवाह हिंदू रीति-रिवाजों के अनुसार पंडितों के मंत्रोच्चार के बीच अग्नि के सात फेरों के साथ संपन्न होगा.
यह भी पढ़ें- चार सगे भाई-बहन बने पुलिस कांस्टेबल, आखिर किसान परिवार ने कैसे लिखी सफलता की चौंकाने वाली कहानी?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं