विज्ञापन

"नरोत्तम मिश्रा की टिकट क्या कटी, BJP की पोल खुल गई", पवन खेड़ा का भाजपा के आपसी विवाद पर तंज

दतिया उपचुनाव में डॉ. नरोत्तम मिश्रा का टिकट कटने के बाद भाजपा में मचे घमासान पर कांग्रेस ने बड़ा हमला बोला है. कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने सोशल मीडिया पर भाजपा के अनुशासन और आंतरिक लोकतंत्र पर सवाल उठाते हुए तीखा तंज कसा है.

"नरोत्तम मिश्रा की टिकट क्या कटी, BJP की पोल खुल गई", पवन खेड़ा का भाजपा के आपसी विवाद पर तंज
कांग्रेस नेता पवन खेड़ा.

Datia By-Election: मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव को लेकर भाजपा के भीतर शुरू हुआ विवाद अब राजनीतिक बहस का बड़ा मुद्दा बन गया है. पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा का टिकट कटने और उनकी जगह युवा नेता आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार बनाए जाने के बाद कांग्रेस ने भाजपा पर तीखा हमला बोला है. कांग्रेस नेता पवन खेड़ा का कहना है कि जो पार्टी लगातार दूसरों को अनुशासन और संगठन की सीख देती है, वह अब अपने ही कार्यकर्ताओं की नाराजगी से घिरी हुई नजर आ रही है.

सोशल मीडिया पर कांग्रेस का तीखा तंज

कांग्रेस नेता ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में भाजपा को निशाने पर लेते हुए लिखा, "नरोत्तम मिश्रा की टिकट क्या कटी, बीजेपी की पोल खुल गई. जो पार्टी हर रोज़ दूसरों को अनुशासन और उच्च चरित्र का पाठ पढ़ाती है, आज अपनी ही पार्टी द्वारा अपनी ही पार्टी के खिलाफ पथराव और हंगामा करती पकड़ी गई. दूसरों को नसीहत, खुद मियां फजीहत. भाजपाई बड़े खुश होकर एक-दूसरे को कह रहे हैं, बधाई हो लोकतंत्र हुआ है."

कांग्रेस का यह बयान ऐसे समय आया है जब दतिया में टिकट वितरण को लेकर भाजपा के भीतर असंतोष खुलकर सामने आ गया है.

आशुतोष तिवारी को मिला टिकट, नरोत्तम मिश्रा को झटका

भाजपा ने दतिया उपचुनाव के लिए आशुतोष तिवारी को अपना अधिकृत उम्मीदवार घोषित किया है. आशुतोष तिवारी को केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान का करीबी माना जाता है. वे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की पृष्ठभूमि से आते हैं और संगठन में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा चुके हैं. भाजपा सरकार में वे मध्य प्रदेश गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष भी रह चुके हैं.

दूसरी ओर डॉ. नरोत्तम मिश्रा को इस सीट का मजबूत दावेदार माना जा रहा था. उन्होंने नामांकन पत्र भी खरीद लिया था और चुनावी तैयारियों में सक्रिय थे. ऐसे में अंतिम समय में टिकट कटने को बड़ा राजनीतिक झटका माना जा रहा है.

समर्थकों का प्रदर्शन बना बड़ा विवाद

टिकट घोषणा के बाद नरोत्तम मिश्रा के समर्थकों ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया. प्रदर्शन के दौरान नेशनल हाईवे-44 पर करीब 11 घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही. इसका असर चार जिलों की यातायात व्यवस्था पर पड़ा. पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच टकराव की खबरें भी सामने आईं, जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल हुए.

नरोत्तम मिश्रा ने की शांति की अपील

विवाद बढ़ने के बाद डॉ. नरोत्तम मिश्रा स्वयं सामने आए और कार्यकर्ताओं से शांति बनाए रखने की अपील की. उन्होंने समर्थकों से पार्टी के फैसले का सम्मान करने और किसी भी तरह के विरोध प्रदर्शन से बचने को कहा. हालांकि इस पूरे घटनाक्रम ने भाजपा के भीतर की नाराजगी को सार्वजनिक कर दिया है, जिस पर अब कांग्रेस लगातार हमलावर बनी हुई है.

यह भी पढ़ें- हाईवे जाम, 11 घंटे तक बवाल और SDOP, SP और ASP घायल; नरोत्तम मिश्रा का टिकट कटने पर मचा कोहराम

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Datia Bypoll 2026, Narottam Mishra News, Madhya Pradesh Politics
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com