विज्ञापन

How to Make Boondi at Home: बाजार वाली छोड़िए! घर पर बना लें हलवाई जैसी मीठी रसीली बूंदी, बस 1 कटोरी बेसन के साथ मिला लें ये चीजें

सही बेसन, पतली चाशनी और कुछ आसान टिप्स की मदद से आप ऐसी बूंदी तैयार कर सकते हैं, जो स्वाद में बाजार की मिठाई को भी टक्कर दे सकती है. आइए जानते हैं हलवाई जैसी रसीली बूंदी बनाने का तरीका.

How to Make Boondi at Home: बाजार वाली छोड़िए! घर पर बना लें हलवाई जैसी मीठी रसीली बूंदी, बस 1 कटोरी बेसन के साथ मिला लें ये चीजें
दिवाली पर हलवाई जैसी बूंदी कैसे बनाएं?
Photo Credit: NDTV

How to Make Halwai Style Boondi: दिवाली का त्योहार आते ही घरों में मिठाइयों की खरीदारी शुरू हो जाती है और मीठी बूंदी या बूंदी के लड्डू भी लोगों की पहली पसंद में शामिल होते हैं. हालांकि बाजार में मिलने वाली मिठाइयों में मिलावट और क्वालिटी को लेकर अक्सर चिंता बनी रहती है. ऐसे में अगर आप घर पर ही हलवाई जैसी नरम, रसीली और रस से भरपूर मीठी बूंदी बनाना चाहते हैं, तो ये खबर आपके लिए जरूरी हो सकती है. आज हम आपको घर पर ही बूंदी बनाने का तरीका और ट्रिक बताने जा रहे हैं. सही बेसन, पतली चाशनी और कुछ आसान टिप्स की मदद से आप ऐसी बूंदी तैयार कर सकते हैं, जो स्वाद में बाजार की मिठाई को भी टक्कर दे सकती है. 

बूंदी बनाने के लिए सामग्री

  • 1 कटोरी सामान्य बेसन
  • लगभग आधी से तीन चौथाई कटोरी पानी
  • एक चुटकी मीठा सोडा
  • 2 कटोरी चीनी
  • 1.5 कटोरी पानी (चाशनी के लिए)
  • केसर, इलायची
  • तलने के लिए घी या तेल

यह भी पढ़ें: खून बढ़ाने वाली चटनी: हीमोग्लोबिन बढ़ाने के लिए घर पर बनाकर खा लें ये चटनी

सबसे पहले तैयार करें बैटर

एक कटोरी बेसन में पानी और थोड़ा सा मीठा सोडा मिलाएं. अब इसे अच्छी तरह फेंटें. चाहें तो मिक्सर में 30-40 सेकंड चला सकते हैं. बैटर न ज्यादा गाढ़ा होना चाहिए और न ही बहुत पतला. इसकी कंसिस्टेंसी बहने वाली होनी चाहिए ताकि बूंदी का आकार सही बने.

अब चाशनी बनाने के लिए एक बर्तन में 2 कटोरी चीनी और 1½ कटोरी पानी डालकर गर्म करें. स्वाद के लिए केसर या इलायची मिला सकते हैं. जब चाशनी में उबाल आ जाए तो इसे सिर्फ 1 मिनट तक पकाएं. ध्यान रखें कि चाशनी ज्यादा गाढ़ी नहीं होनी चाहिए. पतली चाशनी बूंदी के अंदर तक आसानी से पहुंचती है और उसे रस से भर देती है.

बूंदी तलने के लिए कढ़ाई में घी या तेल गर्म करें. झारे या बड़ी छलनी की मदद से बैटर को गर्म घी में डालें. बूंदी बनने के बाद इसे मीडियम फ्लेम पर अच्छी तरह फ्राई करें ताकि वो अंदर तक पक जाए. जब बूंदी सुनहरी और कुरकुरी हो जाए, तो उसे तुरंत निकालकर गर्म चाशनी में डाल दें.

तली हुई बूंदी को कम से कम 2 मिनट तक चाशनी में डुबोकर रखें. इससे बूंदी अच्छी तरह रस सोख लेती है. अगर चाहें तो 10-15 मिनट तक भी रख सकते हैं. 

जरूरी बातें

  • सुपर फाइन या बहुत बारीक बेसन का इस्तेमाल न करें.
  • चाशनी को ज्यादा देर तक न उबालें.
  • बूंदी को कम फ्राई न करें.
  • ठंडी और गाढ़ी चाशनी में बूंदी न डालें.
  • एक साथ बहुत ज्यादा बूंदी तलने से बचें.

कैसे करें स्टोर?

बूंदी बनाने के बाद उसे जालीदार बर्तन या छलनी पर थोड़ी देर रखें, ताकि अतिरिक्त चाशनी निकल जाए. इसके बाद एयरटाइट कंटेनर में रख दें. सही तरीके से बनाई गई मीठी बूंदी 5 से 7 दिन तक अच्छी रहती है.

यह भी पढ़ें: तवे पर बिना चिपकाए डोसा कैसे बनाएं? जानें नॉर्मल तवे पर डोसा बनाने की आसान ट्रिक

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Lifestyle News, Food News, Boondi
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com