Apne Ghar Par Mushroom Kaise Ugayen: मशरूम की सब्जी खाने में अधिकतर लोगों को पसंद होती है. इसकी अलग-अलग डिशेज बड़े चाव के साथ खाते हैं. ऐसे में कई लोगों को लगता है कि घर पर मशरूम उगाना काफी ज्यादा मुश्किल होता है. लेकिन आपको बता दें कि ऐसा बिल्कुल भी नहीं है. आपकी जानकारी के लिए बता दें कि मशरूम उगाने के लिए बड़े खेत या बगीचे की जरूरत नहीं पड़ती. आप इसे गमले या ग्रो बैग में भी आसानी से उगा सकते हैं. इसके लिए बस आपको सही तरीके और थोड़ी देखभाल की जरूरत होगी. इसी कड़ी में आज हम आपको घर पर मशरूम उगाने का सही तरीका बताने जा रहे हैं. इसकी जानकारी @P.SKrishiInformation नाम के यूट्यूब चैनल से दी गई है.
मशरूम उगाने के लिए जरूरी चीजें
- गेहूं का भूसा या पुआल
- वर्मी कम्पोस्ट या अच्छी तरह सड़ी हुई गोबर की खाद
- मशरूम का बीज
- गमला या ग्रो बैग
- पानी

सबसे पहले तैयार करें भूसा
वीडियो में बताया गया है कि मशरूम उगाने के लिए सबसे पहले गेहूं के भूसे को पानी में अच्छी तरह भिगो लें. इससे उसमें मौजूद धूल, मिट्टी और बाकी गंदगी निकल जाती हैं. कुछ समय बाद भूसे से अतिरिक्त पानी निकाल दें, ताकि वो नम तो रहे लेकिन उसमें पानी जमा न हो.
अब भूसे में वर्मी कम्पोस्ट या सड़ी हुई गोबर की खाद मिलाएं. मिश्रण को अच्छी तरह मिलाकर तैयार कर लें. अगर आप ऑर्गेनिक तरीके से मशरूम उगाना चाहते हैं, तो केवल ऑर्गेनिक फर्टिलाइजर का इस्तेमाल करें.
इसके बाद तैयार मिश्रण को गमले या ग्रो बैग में भर दें. फिर मशरूम के बीज को लेयर में फैलाकर डालें. ऊपर से फिर थोड़ा मिश्रण डालकर बीज को ढक दें. ध्यान रखें कि बीज पूरी तरह ढक जाए.
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि मशरूम को सीधे धूप की जरूरत नहीं होती. गमले को किसी ठंडी और छायादार जगह पर रखें. मशरूम प्रोडक्शन के लिए नमी बनाए रखना बेहद जरूरी है. इसलिए जरूरत अनुसार बीच-बीच में फुहारे से पानी का छिड़काव करते रहें.
आपको बता दें कि सही तापमान और नमी मिलने पर लगभग 25 से 30 दिनों में मशरूम उगना शुरू हो सकते हैं. जब मशरूम अच्छी तरह डेवलेर हो जाएं, तब उन्हें सावधानी से तोड़कर इस्तेमाल किया जा सकता है.
मशरूम उगाने के लिए सही समय
घर पर मशरूम उगाने के लिए अक्टूबर से फरवरी तक का समय सबसे अच्छा माना जाता है. दरअसल, इस दौरान तापमान अपेक्षाकृत कम रहता है, जिससे मशरूम बेहतर तरीके से उगता है.
इन बातों पर दें ध्यान
- गमले में पानी भरने न दें.
- नमी बनाए रखें, लेकिन जरूरत से ज्यादा पानी न डालें.
- मशरूम को हमेशा छायादार स्थान पर रखें.
- साफ-सफाई का खास ध्यान रखें.
यह भी पढ़ें: घर पर पाव भाजी मसाला कैसे बनाएं? नोट कर लें बाजार जैसा मसाला बनाने की रेसिपी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं