मौसम में बदलाव होते ही छोटे बच्चों को खांसी-जुकाम होना एक आम परेशानी है. इस दौरान पेरेंट्स की चिंता बढ़ जाती है. खासकर जब बच्चे को सर्दी, खांसी या जुकाम हो जाता है, तो खानपान पर ज्यादा ध्यान दिया जाता है. आपने भी घर में बड़े-बुजुर्गों को ये कहते हुए सुना होगा कि बच्चे को खांसी-जुकाम होने पर केला नहीं खिलाना चाहिए, क्योंकि इससे कफ बढ़ जाता है. लेकिन क्या वाकई ऐसा है? क्या वाकई केला खाने से बच्चों की खांसी बढ़ सकती है? इस सवाल को लेकर डॉक्टर अंशिका जैन ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया है. आइए जानते हैं अपने इस वीडियो में डॉक्टर क्या कहती हैं-
क्या केला खाने से कफ बढ़ता है?
डॉक्टर अंशिका जैन बताती हैं, केला खाने से कफ नहीं बढ़ता है और न ही इससे सर्दी-जुकाम की समस्या ज्यादा होती है. ये एक आम गलतफहमी है, जिसे लोग लंबे समय से मानते आ रहे हैं. खांसी आमतौर पर वायरस, एलर्जी या गले में किसी तरह की जलन के कारण होती है.
खांसी-जुकाम में केला खाने से क्या होता है?डॉक्टर बताती हैं, केले में पोटैशियम, विटामिन बी 6, फाइबर जैसे पोषक तत्व अच्छी मात्रा में होते हैं. ये सभी पोषक तत्व बच्चे के शरीर की कोशिकाओं को ठीक करने में मदद करते हैं, इम्यून सिस्टम को मजबूत बनाते हैं और बच्चे को एनर्जी देते हैं. इसके अलावा जब बच्चा बीमार होता है, तो कई बार उसकी भूख कम हो जाती है. ऐसे में केला एक अच्छा ऑप्शन हो सकता है. केला एक मुलायम, आसानी से पचने वाला और स्वादिष्ट फल है. बच्चे इसे खाना भी काफी पसंद करते हैं. इसलिए अगर बच्चे को सर्दी-जुकाम है और वह केला खाना चाहता है, तो उसे बिना किसी डर के केला दिया जा सकता है. ज्यादातर मामलों में इससे नुकसान की जगह बच्चे को उल्टा फायदा ही होता है.
इन दो स्थितियों में केला देने से बचें- डॉक्टर आगे कहती हैं, कुछ बच्चों को केले से एलर्जी हो सकती है. ऐसे में केला खाने के बाद खुजली, सूजन या दूसरी एलर्जी के लक्षण दिखाई दे सकते हैं. ऐसी स्थिति में बच्चे को केला न दें.
- इसके अलावा बच्चे को फ्रिज से तुरंत निकला हुआ बहुत ठंडा केला भी देने से बचें. इससे कुछ बच्चों के गले में जलन या परेशानी हो सकती है.
इसके अलावा आप सादा केला बच्चे को दे सकते हैं. इससे बच्चे को कोई नुकसान नहीं होता है, उल्टा उसे जल्दी हील होने के लिए पोषण और एनर्जी मिलेगी.
यहां देखें वीडियो-
यह भी पढ़ें- मिट्टी के दीये से छाछ में तड़का कैसे लगाएं? जानें तड़का छाछ बनाने का आसान तरीका
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं