चांदी की पायल और दूसरे गहने कुछ समय बाद काले पड़ने लगते हैं. आप घर पर ही चांदी की पाजेब साफ कर सकती हैं. वह भी बिना हाथ लगाए. जी हां, चांदी की पाजेब को आप घर पर ही साफ कर सकती हैं और उसके लिए आपको एक पैसा खर्च करने की जरूरत नहीं है. आपको सारा सामान घर पर ही मिल जाएगा. वैसे भी हर कोई चाहता है कि चांदी की पाजेब से लेकर जेवर तक चमकते हुए पहने जाए. फिर देर किस बात की तैयार कर लें घर पर चांदी साफ करने वाला घोल. बता दें कि चांदी गहनों की चमक वापस लाने के लिए सोशल मीडिया पर बताए गए घरेलू नुस्खे अजमा सकते हैं. इन दिनों चायपत्ती, नींबू, डिटर्जेंट और बेकिंग सोडा मिलाकर चांदी के गहने उबालने का तरीका चर्चा में है. दावा किया जा रहा है कि इससे पायल की कालिख और गंदगी साफ हो जाती है. लेकिन क्या यह तरीका हर तरह के चांदी के गहने के लिए सुरक्षित है. इसे आजमाने से पहले कुछ जरूरी बातें जानना बेहतर है.
चायपत्ती से चांदी की पाजेब साफ करें
एक बर्तन में दो गिलास पानी डाल दें. अब इसमें दो चम्मच चायपत्ती डाल दें और एक चम्मच कपड़े धोने वाला पाउडर और एक नींबू डाल दें. जब इस पानी में उबाल आ जाए तो आप इसमें एक चम्मच हल्दी पाउडर डाल दें. अब इसमें आपके पास जो चांदी की पाजेब है, वह इस पानी में डाल दें. दो मिनट बाद चूल्हा बंद कर दें. ठंडा होने के बाद आप जब पाजेब निकालेंगे तो पाजेब बिल्कुल नई जैसी हो जाएंगी.
चांदी की पायल साफ करने का सुरक्षित तरीका क्या है
ज्वेलरी की देखभाल से जुड़ी गाइडलाइंस के अनुसार, साधारण और बिना नग वाली चांदी की पायल पर हल्के गुनगुने पानी और थोड़े से माइल्ड साबुन का इस्तेमाल किया जा सकता है. इसके लिए ये तरीके अपनाएं, सबसे पहले एक कटोरी में हल्का गुनगुना पानी लें और उसमें थोड़ा माइल्ड लिक्विड सोप मिलाएं. फिर पायल को मुलायम कपड़े से धीरे-धीरे साफ करें. बारीक डिजाइन वाली जगहों पर बहुत नरम ब्रश का इस्तेमाल करें. साथ ही साफ पानी से धोकर मुलायम सूखे कपड़े से अच्छी तरह पोंछ लें. अगर पायल पर कालापन ज्यादा है तो चांदी के लिए बने सिल्वर पॉलिशिंग कपड़े का इस्तेमाल किया जा सकता है.
ये भी पढ़ें- छत की काई को हटाने के क्या उपाय हैं? जानिए छत की काई कैसे साफ करें
बेकिंग सोडा और पानी से चांदी की सफाई
बता दें कि अगर आपकी चांदी की पायल या बिछिया काली पड़ गई है, तो बेकिंग सोडा से उन्हें फिर से चमकाया जा सकते हैं. ये घरेलू उपाय आपके लिए काफी फायदेमंद साबित होगे, साथ ही इसके लिए ज्यादा पैसा खर्च करने की जरूरत भी नहीं पड़ेगी. इसके लिए एक कटोरी में थोड़ा गुनगुना पानी ले लीजिए और उसमें एक चम्मच बेकिंग सोडा मिलाकर गाढ़ा पेस्ट तैयार हो जाएगा.अब इस पेस्ट को किसी नरम टूथब्रश या कपड़े की मदद से गहनों पर हल्के हाथों से लगाएं. इसे कुछ मिनटों के लिए ऐसे ही छोड़ की रख दें, फिर हल्के हाथों से धीरे-धीरे रगड़ना शुरू करें. कुछ ही समय बाद गंदगी और कालापन गायब हो जाएगा और आपकी चांदी के गहने बिल्कुल नए जैसे दिखने लगेंगे.
एल्युमिनियम फॉयल से करें चांदी साफ करने का तरीका
चांदी की पायल या बिछिया को चमकाने के लिए एल्युमिनियम फॉयल एक असरदार तरीका माना गया है. इसके लिए एक बाउल में गर्म पानी डाल लें और उसमें एल्युमिनियम फॉयल का एक टुकड़ा डाल दें. अब इसमें 2 चम्मच बेकिंग सोडा और थोड़ा सा नमक डालकर मिला दें. जब मिश्रण तैयार हो जाए, तो अपने गहनों को इसमें करीब 10 मिनट तक डुबोकर रख दें. इसके बाद उन्हें बाहर निकालकर साफ पानी से अच्छी तरह से धो लें. इससे आपकी पायल का कालापन दूर होकर वह नई जैसी चमकदार दिखने लगेगी.
इन गहनों पर घरेलू नुस्खे आजमाने से बचें
अगर आपकी पायल चांदी की प्लेटिंग वाली है या उसमें मोती, ओपल, पन्ना जैसे नाजुक पत्थर लगे हैं तो उसे पानी में उबालने या तेज केमिकल से साफ करने की कोशिश न करें. एंटीक और खास डिजाइन वाले गहनों को जौहरी से साफ करवाना बेहतर है.
चांदी की चमक लंबे समय तक कैसे बनाए रखें
इसके अलावा, पायल इस्तेमाल करने के बाद उसे मुलायम सूखे कपड़े से पोंछें. परफ्यूम, लोशन और घरेलू सफाई वाले केमिकल के संपर्क से बचाएं. गहनों को अलग-अलग सूखे पाउच या एयरटाइट डिब्बे में रखें. इससे उन पर कालापन आने की प्रक्रिया धीमी हो सकती है.
ये भी पढ़ें- कार की वायरिंग को चूहों से कैसे बचाएं? अपनाएं ये आसान घरेलू उपाय, नहीं होगा हजारों का नुकसान
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं