त्योहार आते ही घर में एक अलग ही रौनक दिखने लगती है. हर कोई चाहता है कि उसका घर साफ-सुथरा और खूबसूरती से सजा हुआ नजर आए. हर को दीये और रंग-बिरंगी झालरों से अपने घर को हर साल सजाता है, लेकिन इस बार क्यों न कुछ नया किया जाए. घर को नया लुक देने के लिए जरूरी नहीं कि आप महंगी चीजें खरीदें या पूरी सजावट बदल दें. कई बार छोटे-छोटे बदलाव भी घर की खूबसूरती बढ़ा देते हैं. मैजिकडेकोर के संस्थापक सिद्द पांडा ने घर को सजाने के लिए ऐसे ही आसान तरीके बनाए हैं, जिन्हें अपनाकर आप इस त्योहार अपने घर को थोड़ा अलग और खास बना सकते हैं.
दीवारों को दें नया लुक
घर की सजावट बदलने के लिए हमेशा नया फर्नीचर खरीदना जरूरी नहीं होता. कभी-कभी एक दीवार का रंग या डिजाइन बदलने से भी पूरा कमरा नया लगने लगता है. इस बार लिविंग रूम की किसी एक दीवार पर म्यूरल वॉलपेपर लगाकर देखें. कमल के फूल या मंदिर की आकृतियों वाले डिजाइन घर को पारंपरिक लुक दे सकते हैं. अगर कमरा छोटा है तो हल्के रंग और छोटे प्रिंट वाले वॉलपेपर चुनें.
फूलों से सजाएं घर
फूलों के बिना त्योहारों की सजावट कुछ अधूरी सी लगती है. गेंदे और गुलाब के फूल घर की खूबसूरती और बढ़ा देते हैं. इस बार दरवाजों और खिड़कियों पर फूलों की लड़ियां लगाकर देखें. सेंटर टेबल के लिए किसी सुंदर बर्तन में पानी भरकर उसमें कुछ फूल तैरा दें. ये सजावट देखने में अच्छी लगती है और इसके लिए ज्यादा मेहनत भी नहीं करनी पड़ती.
रंगोली बनाएं
त्योहारों पर घर के दरवाजे के पास रंगोली बनाने की परंपरा काफी पुरानी है. लेकिन हर बार रंगों से ही रंगोली बनाना जरूरी नहीं है. इस बार कुछ अलग करने के लिए फूलों की पंखुड़ियों का इस्तेमाल करें. रंगीन चावल और दालों से भी सुंदर डिजाइन बनाए जा सकते हैं. अगर आपके पास रंगोली बनाने के लिए ज्यादा जगह या समय नहीं है तो बाजार में मिलने वाली लकड़ी या धातु की रंगोली प्लेट भी अच्छा ऑप्शन है.
पुरानी साड़ियों और दुपट्टों से करें सजावट
कुछ पुरानी साड़ियां और दुपट्टे इस बार घर सजाने के काम में लाएं. बनारसी साड़ी को टेबल रनर की तरह इस्तेमाल करें. रंगीन दुपट्टों से खिड़कियों या घर के किसी कोने को सजाएं. सोफे पर नए कुशन कवर लगाना भी एक आसान तरीका है. इससे घर को नया लुक मिलेगा और पुरानी चीजें भी दोबारा काम आ जाएंगी.
पीतल और मिट्टी की चीजों का इस्तेमाल
घर को त्योहारों के लिए सजाते समय पीतल और मिट्टी की चीजों को भी शामिल करें. पीतल की उरली में पानी भरकर फूल और तैरते दीये रख सकते हैं. मिट्टी के कलश या छोटे दीपदान भी घर के कोनों को खूबसूरत बना सकते हैं. अगर घर में पहले से पीतल के पुराने बर्तन रखे हैं तो उन्हें साफ करके सजावट में इस्तेमाल करें.
सही रोशनी वाली लाइटें लगाएं
त्योहारों पर घर की सजावट में रोशनी की खास अहमियत होती है, लेकिन जरूरी नहीं कि हर कोने में चमकती झालरें ही लगाई जाएं. इस बार कुछ अलग करके देखें. बालकनी में रंग-बिरंगी कंदील लगाएं और घर के किसी कोने में खूबसूरत लालटेन रखें. हल्की पीली रोशनी वाली लाइटें भी अच्छी लगती हैं. इनसे घर में एक सुकून भरा माहौल बनता है.
यह भी पढ़ें:- प्लास्टिक की टूटी कुर्सी कैसे जोड़ें? प्लास्टिक का टूटा सामान जोड़ने का आसान तरीका
यह भी पढ़ें:- दिवाली के लिए छोटे अपार्टमेंट को कैसे सजाएं? बिना पैसों के दिवाली की सजावट करने का आसान DIY तरीका
यह भी पढ़ें:- तुलसी की मंजरी से घर पर बनाएं धूपबत्ती? बिना केमिकल के धूपबत्ती बनाने का आसान तरीका
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं