घर में इस्तेमाल होने वाली प्लास्टिक कुर्सियां अक्सर किसी एक हिस्से से टूट जाती हैं. ऐसे में ज्यादातर लोग उसे बेकार समझकर फेंक देते हैं या कबाड़ी को बेच देते हैं. कई लोग प्लास्टिक की कुर्सी को गोंद से जोड़ने की कोशिश भी करते हैं, जो 2-4 दिन तो जुड़ी रहती है, लेकिन फिर टूट जाती है. अगर आपके घर में भी कुर्सी टूटी हुई है और उसे फिर से इस्तेमाल के लायक बनाना चाहते हैं तो इसे आसान तरीके फिर से जोड़ सकते हैं. प्लास्टिक की कुर्सी को जोड़ने के लिए गोंद के साथ तार का भी इस्तेमाल करना पड़ेगा. जिससे टूटा हुआ हिस्सा ज्यादा मजबूती से जुड़ता है और लंबे समय तक टिक सकता है.
प्लास्टिक की टूटी कुर्सी कैसे जोड़ें
यूट्यूब पर @SandeepVartikaVloge नाम के एक चैनल पर एक वीडियो शेयर किया गया. इस वीडियो में प्लास्टिक की टूटी कुर्सी जोड़ने का आसान तरीका बताया गया है. वीडियो में आप देख सकते हैं कि कुर्सी जहां से टूटी है, सबसे पहले उस हिस्से को अच्छी तरह साफ करें. इसके बाद मजबूत गोंद की मदद से दोनों हिस्सों को सही जगह पर जोड़ दें. गोंद लगाने के बाद कुछ समय तक उसे सूखने दें ताकि शुरुआती पकड़ बन जाए.
तार से बांधें
कुर्सी को गोंद से चिपकाने के बाद एक मजबूत तार का इस्तेमाल करें. इसके लिए किसी पुराने बिजली के तार के अंदर तांबे की तार को निकालें. ये टूटी हुई जगह को मजबूती देने का काम करेगा. इसके बाद कुर्सी की टूटी हुई जगह के दोनों तरफ समान दूरी पर छोटे-छोटे छेद बना लें. इसके लिए गर्म कील, सुई या किसी नुकीली चीज का इस्तेमाल करें. छेद एक-दूसरे के सामने हों ताकि तार आसानी से निकल सके. अब तार को एक छेद से दूसरे छेद में निकालते हुए सिलाई की तरह पूरे हिस्से में पिरो दें. तार को अच्छी तरह कसते हुए लगाएं ताकि टूटा हुआ हिस्सा मजबूती से जुड़ जाए.
फिनिशिंग के लिए लगाएं पुट्टी या फिलर
तार लगाने के बाद टूटी हुई जगह पर प्लास्टिक फिलर, पुट्टी या किसी मजबूत रिपेयरिंग कंपाउंड की पतली परत लगाएं. इससे छेद और तार का हिस्सा ढक जाएगा. इसके अलावा कुर्सी के रंग से मिलता-जुलता पेंट लगा सकते हैं. इससे कुर्सी देखने में लगभग नई जैसी लगेगी.
प्लास्टिक का टूटा सामान जोड़ने का आसान तरीका
अगर आपके घर पर में प्लास्टिक का अन्य कोई और सामान टूट गया है जैसे- टब, बाल्टी या फिर अन्य चीजें तो उसे भी इस तरह आसानी से जोड़ सकते हैं. इससे प्लास्टिक की चीज ज्यादा मजबूती से जुड़ जाती है.
यह भी पढ़ें:- घर को महकाने के लिए एयर फ्रेशनर जेल कैसे बनाएं? Air Freshener Gel बनाने के आसान तरीके
यह भी पढ़ें:- तुलसी की मंजरी से घर पर बनाएं धूपबत्ती? बिना केमिकल के धूपबत्ती बनाने का आसान तरीका
यह भी पढ़ें:- पुराने पीतल को कैसे साफ करें? काला पीतल कैसे साफ करें
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं