हिंदू धर्म में तुलसी के पौधे को बहुत पवित्र माना जाता है. तुलसी का पौधा लगभग हर घर में होता है और इसकी पूजा भी की जाती है. तुलसी के पौधे पर निकलने वाले छोटे-छोटे फूलों और बीजों को तुलसी की मंजरी कहा जाता है. जब तुलसी के पौधे में मंजरी निकलती है, तो कई लोग उसे तोड़कर मंदिर या तिजोरी में रख देते हैं. तुलसी की मंजरी का उपयोग करके घर पर नेचुरल और सुगंधित धूपबत्ती बनाई जा सकती है. ये धूपबत्ती न केवल घर को खुशबू से भर देती है, बल्कि धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इसे जलाना शुभ भी माना जाता है. चलिए आपको बताते हैं घर पर तुलसी की मंजरी से धूपबत्ती कैसे बनाएं.
तुलसी की मंजरी से धूपबत्ती बनाने का तरीका
यूट्यूब पर @GudiyaCookingRecipe ने नाम के चैनल पर एक वीडियो शेयर किया गया. इस वीडियो में तुलसी की मंजरी से धूपबत्ती बनाने का आसान तरीका बताया है. अगर आपके पास तुलसी की काफी मंजरी इकट्ठी हो गई है, तो सबसे पहले उसे अच्छी तरह सुखा लें. इसके लिए मंजरी को 2-3 दिन पंखे के नीचे रखें या फिर कुछ देर धूप में सुखा सकते हैं. सूखने के बाद इसे मिक्सी में डालकर बारीक पाउडर बना लें. तुलसी मंजरी के पाउडर में 4-5 तेजपत्ते, लगभग 2 चम्मच लौंग, 12-13 कपूर और एक चौथाई चम्मच हल्दी डालकर फिर से बारीक पीस लें. इसमें थोड़ी-सी हवन सामग्री भी मिला सकते हैं, जिससे इसकी सुगंध और धार्मिक महत्व दोनों बढ़ जाते हैं.
अब इस पाउडर में 2 चम्मच गंगाजल या गुलाबजल, 1 चम्मच शहद और जरूरत के अनुसार घी मिलाएं. शहद पेस्ट को बांधने में मदद करता है, जबकि घी इसे अच्छी तरह आकार देने का काम करेगा. इन सभी चीजों को मिलाकर नरम आटे जैसा पेस्ट तैयार कर लें. अब इसे हाथों से धूपबत्ती का आकार दें. सभी धूपबत्तियां बनने के बाद उन्हें एक थाली में रखकर 2-3 दिन पंखे की हवा में सूखने दें. इससे उनमें मौजूद नमी खत्म हो जाएगी और जलाने पर वे अच्छी तरह सुलगेंगी.
तुलसी मंजरी का महत्व
तुलसी भगवान विष्णु को प्रिय मानी जाती है, इसलिए तुलसी मंजरी से बनी धूपबत्ती को घर के मंदिर में जलाना शुभ माना जाता है. इसकी खुशबू पूरे घर में फैलती है और घर का वातावरण सकारात्मक महसूस होता है. अगर आपके घर में भी तुलसी की मंजरी जमा हो रही है, तो इस आसान तरीके से धूपबत्ती बनाकर उसका इस्तेमाल कर सकते हैं.
यह भी पढ़ें:- रसोई के गंदे और चिकनाई भरे कपड़े मिनटों में होंगे साफ, कुकर में कपड़े धोने का देसी जुगाड़, अपनाएं ये आसान तरीका
यह भी पढ़ें:- सोने की अंगूठी साफ करने का तरीका? सोना काला हो जाए तो कैसे साफ करें
यह भी पढ़ें:- पुराने पीतल को कैसे साफ करें? काला पीतल कैसे साफ करें
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं