कड़ी पत्ते का इस्तेमाल लगभग हर घर में किया जाता है. ये पत्ता न केवल खाने का जायका बढ़ता है, बल्कि इसे सेहत के लिए भी बहुत अच्छा माना जाता है. ऐसे में ज्यादातर लोग इन फायदों को पाने के लिए अपने घर पर ही कड़ी पत्ते का पौधा लगा लेते हैं. अब, गर्मियों में तो कड़ी पत्ता खूब बढ़ता है, लेकिन सर्दी का मौसम आते ही इसकी पत्तियां झड़ने लगती है. पौधा कमजोर हो जाता है और बढ़ता नहीं है. ऐसे में अगर आपके घर में भी कड़ी पत्ते का पौधा है, तो ये आर्टिकल आपके लिए मददगार हो सकता है. गार्डनिंग एक्सपर्ट बिनय भारती ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक वीडियो शेयर किया है. इस वीडियो में उन्होंने सर्दी के मौसम में भी कड़ी पत्ते के पौधे को घना बनाए रखने और कड़ी पत्ते की ग्रोथ बढ़ाने का तरीका बताया है. आइए जानते हैं इसके बारे में-
सर्दी में कड़ी पत्ते के पौधे को घना कैसे करें?
गार्डनिंग एक्सपर्ट बताते हैं, ठंड के मौसम में कड़ी पत्ते का पौधा सुस्ती की स्थिति यानी डॉर्मेंसी में जा सकता है. इस दौरान पौधे की पत्तियां कम होने लगती हैं और उसकी ग्रोथ धीमी हो जाती है. ऐसे में सर्दियां शुरू होने से पहले पौधे की मिट्टी की हल्की गुड़ाई करें. इससे मिट्टी में हवा पहुंचती है और उसकी ऊपरी परत ढीली होती है. गुड़ाई सुबह के समय करें और पौधे को दिनभर धूप में रखें.
कड़ी पत्ते के पौधे की मिट्टी कैसी होनी चाहिए?एक्सपर्ट के मुताबिक, कड़ी पत्ते के पौधे की अच्छी ग्रोथ के लिए मिट्टी का सही होना जरूरी है. इसकी मिट्टी हमेशा एसिडिक होनी चाहिए. अगर मिट्टी ज्यादा क्षारीय यानी अल्कलाइन हो जाए, तो पौधे को पोषक तत्व लेने में परेशानी हो सकती है.
कड़ी पत्ते के पौधे की मिट्टी में क्या-क्या डालें?- गार्डनिंग एक्सपर्ट कहते हैं, कड़ी पत्ते के पौधे की मिट्टी को एसिडिक बनाने के लिए आप उसमें छाछ डाल सकते हैं. एक गिलास छाछ को पानी में मिलाकर पौधे की जड़ों के पास डालें.
- इसके अलावा आप इसमें फिटकरी डाल सकते हैं. थोड़ी सी फिटकरी को पीसकर पानी में घोलें और मिट्टी में डालें.
- इन सब से अलग आप पौधे में थोड़ा सफेद सिरका भी डाल सकते हैं. इसके लिए करीब डेढ़ लीटर पानी में दो ढक्कन सफेद सिरका मिलाएं. इस पानी को अच्छी तरह घोल लें, फिर पौधे से थोड़ा दूर मिट्टी में डाल दें.
अच्छी ग्रोथ के लिए एक्सपर्ट कड़ी पत्ते के पौधे में नीम खली पाउडर और वर्मी कंपोस्ट डालने की सलाह देते हैं. सबसे पहले नीम की खली के पाउडर को पौधे की जड़ों के आसपास मिट्टी में डालें. इसके बाद एक मुट्ठी वर्मी कंपोस्ट मिलाएं.
गार्डनिंग एक्सपर्ट बताते हैं, नीम की खली मिट्टी को पोषण देने के साथ कीटों और फंगस की समस्या को कम करने में भी मदद कर सकती है. वहीं, वर्मी कंपोस्ट पौधे को जरूरी पोषक तत्व देता है.
इन बातों का भी रखें ध्यानइन सब से अलग गार्डनिंग एक्सपर्ट कहते हैं, कड़ी पत्ते के पौधे को अच्छी धूप वाली जगह पर रखें. पौधे को रोज पानी न दें, जरूरत के अनुसार पानी दें और गमले में पानी जमा न होने दें. सर्दियों में पौधे को ठंडी हवा और पाले से बचाएं. इस तरह छोटी-छोटी बातों को ध्यान में रखकर आप ठंड में भी अपने कड़ी पत्ते के पौधे को हरा-भरा और घना रख सकते हैं. साथ ही पौधे की ग्रोथ को बढ़ा सकते हैं.
यहां देखें वीडियो-
यह भी पढ़ें- चांदी के बर्तन और गहने हो गए हैं काले? किचन में रखी इन 3 चीजों से सिर्फ 20 मिनट में चमकाएं, जानें आसान तरीका
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं