घर में रखे चांदी के बर्तन और गहने समय के साथ अपनी चमक खोने लगते हैं. खासकर जब इन्हें लंबे समय तक इस्तेमाल नहीं किया जाता, तो इनका रंग काला पड़ने लगता है. ऐसे में कई लोग चांदी की पुरानी चमक वापस लाने के लिए बाजार में मिलने वाले महंगे क्लीनर का इस्तेमाल करते हैं. लेकिन क्या आप जानते हैं कि आपकी रसोई में मौजूद कुछ आम चीजों की मदद से भी चांदी को साफ किया जा सकता है? इसके लिए आपको ज्यादा मेहनत करने की भी जरूरत नहीं है. मास्टरशेफ पंकज भदौरिया ने अपने इंस्टाग्राम वीडियो में चांदी के बर्तन और गहने साफ करने का एक ऐसा ही आसान तरीका बताया है. आइए जानते हैं इसके बारे में-
किचन में मौजूद इन चीजों से साफ करें चांदी
पंकज भदौरिया ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक वीडियो शेयर किया है. अपने इस वीडियो में वे बताती हैं, आप केवल तीन चीजों की मदद से काली पड़ चुकी चांदी को फिर से चमकदार बना सकते हैं. ये तीन चीजें हैं-
- एल्युमिनियम फॉयल
- नमक और
- बेकिंग सोडा
- सबसे पहले एक बड़ा बाउल लें और उसके अंदर एल्युमिनियम फॉयल बिछा दें.
- अब, इसमें गर्म पानी डालें. इसके बाद पानी में थोड़ा नमक और बेकिंग सोडा डालकर अच्छी तरह मिला लें.
- अब, जिस चांदी के बर्तन या गहने को आपको साफ करना है, उसे इस पानी में डाल दें. ध्यान रखें कि चांदी की चीजें पानी में अच्छी तरह डूबी हों. इसे करीब 20 मिनट तक ऐसे ही छोड़ दें.
कुछ देर बाद आप देखेंगे कि चांदी पर जमा कालापन काफी हद तक कम हो गया है और उसकी चमक वापस आने लगी है. इसके बाद चांदी की इन चीजों को पानी से बाहर निकालें और एक साफ, मुलायम कपड़े से अच्छी तरह पोंछ लें. इतना करते ही आपकी चांदी की चीजों में नई जैसी चमक वापस लौट आएगी.
यहां देखें वीडियो-
यह भी पढ़ें- फूलों से लद जाएगा आपका मधुकामिनी का पौधा, गार्डनिंग एक्सपर्ट ने बताया क्या डालें
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं