Winters Water Tank Warming Hacks: सर्दियों का सीजन शुरू हो गया है और इस सीजन में सुबह में नल से निकलने वाला बर्फ जैसा ठंडा पानी अक्सर परेशानी बढ़ा देता है. हर घर में गीजर लगाना या बार-बार इलेक्ट्रिक रॉड का इस्तेमाल करना आसान और किफायती नहीं होता. ऐसे में आप कुछ आसान और कम खर्च वाले उपाय अपनाकर टंकी के पानी को गर्म रख सकते हैं. इन तरीकों से पानी बहुत गर्म तो नहीं होगा, लेकिन उसकी ठंडक काफी हद तक कम हो सकती है, जिससे सर्दियों में नहाने और घरेलू कामों में काफी सुविधा मिलती है. साथ ही इन हैक्स की मदद से गीजर की जरूरत भी कम हो सकती है. इसी कड़ी में आइए जानते हैं ऐसे में 3 आसान हैक्स जो बिना बिजली खर्च किए टंकी के पानी को गर्म रखने में मदद कर सकते हैं.
1. इंसुलेशन का करें इस्तेमाल
टंकी के पानी को सर्दियों में थोड़ा गर्म बनाए रखने के लिए इंसुलेशन का इस्तेमाल करना एक आसान और असरदार तरीका माना जाता है. इसके लिए आप पानी की टंकी को मोटी थर्माकोल शीट से ढक सकते हैं. दरअसल, थर्माकोल ठंडी हवा को अंदर पहुंचने से रोकता है और पानी की गर्माहट को लंबे समय तक बनाए रखने में मदद करता है, खासकर सुबह के समय. इसके अलावा, बबल रैप भी एक अच्छा ऑप्शन हो सकता है. बबल रैप के छोटे-छोटे हवा भरे बबल गर्मी को जल्दी बाहर नहीं निकलने देते, जिससे पानी ज्यादा देर तक कम ठंडा रहता है.

Photo Credit: pexels
2. तिरपाल और लकड़ी की शेड
टंकी को ढककर रखना भी सर्दियों में पानी को कम ठंडा रखने का एक आसान और कारगर तरीका है. इसके लिए आप तिरपाल, लकड़ी की शेड या टिन की छोटी छत का इस्तेमाल कर सकते हैं. इससे टंकी पर ओस नहीं जमती और ठंडी हवाएं सीधे पानी तक नहीं पहुंच पातीं, जिससे पानी जल्दी ठंडा नहीं होता. इनके अलावा आप टंकी को मोटे कपड़े जैसे कंबल से भी लपेट कर रख सकते हैं. इससे पानी की टंकी को इंसूलेशन मिलता है और पानी की गर्माहट बनी रहती है.
3. डार्क रंग से करें पेंट
पानी को गर्म रखने के लिए आप पानी को डार्क रंग से पेंट कर सकते हैं. टंकी को काले, गहरे नीले या गहरे भूरे रंग से कलर करने से वो ज्यादा गर्मी सोखती है और दिनभर में पानी को धीरे-धीरे गर्म करती रहती है. साथ ही, टंकी को छत पर ऐसी जगह रखें जहां दिनभर अच्छी धूप आती हो. इससे पानी नेचुरली गर्म रहेगा.
यह भी पढ़ें: घर पर मशरूम कैसे उगाएं? जानिए गमले में मशरूम उगाने का सही तरीका
यह भी पढ़ें: Homemade Potato Soap: घर पर आलू और एलोवेरा से साबुन बनाने का आसान तरीका, नहाने के बाद मुलायम रहेगी स्किन
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं