उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले सीएम योगी आदित्यनाथ ने भर्तियों का खजाना खुलने की बात कही है. शिक्षकों के भी हजारों पदों पर भर्ती नोटिफिकेशन जारी होने वाला है, लेकिन इसी बीच हजारों की संख्या में अभ्यर्थी सड़कों पर उतर रहे हैं और मांग कर रहे हैं कि भर्ती की संख्या को बढ़ाया जाए. फिलहाल सरकार की तरफ से बताया गया है कि बेसिक शिक्षा परिषद में असिस्टेंट टीचर के कुल 11 हजार 508 पदों पर भर्ती निकाली जाएगी, जिसे बढ़ाने की मांग अभ्यर्थी कर रहे हैं. उनका कहना है कि पिछले कई सालों से टीचर की भर्ती नहीं निकाली गई है, ऐसे में लाखों की संख्या में टीईटी पास उम्मीदवार हैं, जिनके लिए 11 हजार भर्ती कुछ भी नहीं है. ऐसे में आइए जानते हैं कि यूपी में टीचर्स की आखिरी भर्ती कब निकाली गई थी और कितने पद खाली हैं.
8 साल पहले निकली थी भर्ती
यूपी में प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थी इसलिए परेशान हैं, क्योंकि वो पिछले करीब 8 साल से शिक्षक भर्ती का इंतजार कर रहे हैं. अब चुनाव से पहले नोटिफिकेशन जारी हो रहा है, लेकिन इसमें भी कुछ हजार पदों पर ही वैकेंसी निकाली जा रही है. जबकि पिछले 8 साल में योग्य उम्मीदवारों की संख्या 15 से 20 लाख तक पहुंच चुकी है. कुछ दिन पहले आए यूपी टीईटी के रिजल्ट में 13 लाख से ज्यादा अभ्यर्थी क्वालिफाई हुए हैं.
69 हजार शिक्षक भर्ती का मामला
साल 2019 में यूपी सरकार की तरफ से 69,000 असिस्टेंट टीचर्स की भर्ती निकाली गई थी. इसके बाद इन सभी पदों पर नियुक्ति नहीं हो पाई और कोर्ट के आदेश के बाद 2022 में महज 5,886 उम्मीदवारों को नौकरी मिली. आरक्षण से लेकर तमाम गड़बड़ियों के चलते ये 69 हजार भर्ती का मामला आज तक सुप्रीम कोर्ट में चल रहा है. 2024 में इलाहाबाद हाईकोर्ट ने नई मेरिट लिस्ट जारी करने का आदेश जारी किया था, लेकिन फिर मामला सुप्रीम कोर्ट चला गया.
कितने पद हैं खाली?
यूपी के बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह ने विधानसभा में एक लिखित जवाब में बताया था कि प्राथमिक विद्यालयों में सहायक अध्यापकों के कुल 46944 पद खाली हैं. वहीं सभी शिक्षकों के खाली पदों की संख्या 80 हजार से भी ज्यादा है.
जल्द आने वाला है नोटिफिकेशन
यूपी सरकार की तरफ से बताया गया है कि करीब 40 हजार शिक्षकों की भर्ती के लिए जल्द ही नोटिफिकेशन जारी होने वाला है. इसमें प्राथमिक, जूनियर, TGT-PGT, असिस्टेंट प्रोफेसर और प्रिसिंपल के पद शामिल हैं. हालांकि सवाल टीईटी पास करने वाले अभ्यर्थियों का है, जिनके लिए इस बार कॉम्पिटिशन काफी ज्यादा हाई हो सकता है. इसी बीच 69 हजार शिक्षक भर्ती के मामले को लेकर सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर भी यूपी के हजारों अभ्यर्थियों और सरकारी नौकरी करने वाले टीचर्स की नजरें टिकी हुई हैं.
ये भी पढ़ें - पटना में 70वीं BPSC रद्द करने की मांग पर सड़क पर उतरे छात्र,CM आवास घेरने निकले अभ्यर्थी, पुलिस से टकराव
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं