उत्तर प्रदेश में प्राथमिक शिक्षकों के 11 हजार से ज्यादा पदों पर निकली भर्ती में शिक्षा मित्रों को बड़ी राहत मिल सकती है. शिक्षा मित्रों की तरफ से लंबे समय से नियमित करने और सैलरी बढ़ाए जाने की मांग को देखते हुए अब भर्ती में उन्हें छूट देने की तैयारी की जा रही है, हालांकि अभी तक अंतिम फैसला नहीं लिया गया है. सरकार की तरफ से शिक्षा सेवा चयन आयोग को हाईकोर्ट के 2020 में दिए गए एक आदेश की जानकारी दी गई है, जिसमें कहा गया था कि शिक्षा मित्रों को भर्ती में राहत दी जाए. अगर सरकार ये फैसला लेती है तो राज्य में काम कर रहे 1.42 लाख से ज्यादा शिक्षा मित्रों के लिए किसी तोहफे से कम नहीं है.
स्पेशल टीईटी में बैठने का मिलेगा मौका
यूपी के शिक्षा मित्र लगातार मांग कर रहे हैं कि उन्हें भी बाकी शिक्षकों की तरह स्पेशल टीईटी में बैठने का मौका दिया जाए, अब अगर सरकार राहत देने का फैसला लेती है तो उन्हें इस पात्रता परीक्षा में बैठने की इजाजत मिल जाएगी. यानी वो टीईटी पास कर सकते हैं और फिर उनके पास शिक्षक भर्ती में वेटेज लेकर नौकरी पक्की करने का मौका है.
कितने नंबर का मिल सकता है वेटेज?
शिक्षा विभाग की तरफ से 2017 में जारी नोटिफिकेशन में बताया गया था कि भर्ती प्रक्रिया में शिक्षा मित्रों को उनके अनुभव के लिए प्रति वर्ष 2.5 अंक का वेटेज दिया जाएगा. यानी अगर कोई शिक्षा मित्र पिछले 10 साल से पढ़ा रहा है तो उसे 25 नंबर का वेटेज दिया जाएगा. हालांकि वेटेज की अधिकतम सीमा भी 25 अंक ही रखी गई थी. इस बार भी यही फॉर्मूला लगाया जा सकता है.
बता दें कि इससे पहले की सरकार (सपा) ने शिक्षा मित्रों की नौकरी पक्की करके उन्हें सहायक अध्यापक के पद पर नियुक्ति दी थी, जिसे सुप्रीम कोर्ट ने रद्द कर दिया था. इसके बाद यूपी में काम करने वाले तमाम शिक्षा मित्र सरकार से नौकरी पक्की करने की मांग करते हुए प्रदर्शन कर रहे हैं. अब चुनाव से ठीक पहले उन्हें बड़ी राहत मिल सकती है.
ये भी पढ़ें - BPSC ने टाली प्रोजेक्ट मैनेजर भर्ती परीक्षा, 4 अक्टूबर को नहीं होगा एग्जाम
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं