उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनावों का बिगुल बजने ही वाला है, इससे पहले सरकार लगातार युवाओं पर अपना फोकस बढ़ा रही है. ऐसे में अब आने वाले कुछ ही दिनों में यूपी में बंपर भर्तियों के नोटिफिकेशन जारी होने वाले हैं. इसमें सबसे ज्यादा भर्ती शिक्षा विभाग में होनी हैं, जिनका पिछले करीब पांच सालों से अभ्यर्थी इंतजार कर रहे हैं. हाल ही में यूपी टीईटी का रिजल्ट जारी हुआ है, जिसमें 13 लाख से ज्यादा अभ्यर्थी पास हुए हैं. इन सभी को सुपर टेट या फिर दूसरी भर्तियों का इंतजार है. खुद सीएम योगी आदित्यनाथ भी ऐलान कर चुके हैं कि टीईटी पास करने वाले अभ्यर्थियों के लिए नौकरियों का खजाना खुलने वाला है. ऐसे में आइए जानते हैं कि यूपी में शिक्षकों की कितनी भर्ती निकलने वाली है और किस वर्ग के लिए कितने पदों पर वैकेंसी निकलेगी.
6 महीने में 60 हजार युवाओं को नौकरी
उत्तर प्रदेश शिक्षा चयन आयोग और यूपी लोक सेवा आयोग की कुल 60 हजार से ज्यादा पदों पर भर्ती निकालने की तैयारी है. इसमें बेसिक शिक्षा परिषद से लेकर प्रधानाध्यापक और एलटी ग्रेड समेत तमाम विभागों में भर्ती होनी है. बताया जा रहा है कि दिसंबर 2026 तक सभी भर्तियों की परीक्षाएं आयोजित कर ली जाएंगीं, यानी अगले कुछ ही दिनों में यूपी के लाखों अभ्यर्थियों को बड़ी खुशखबरी मिल सकती है.
सीएम योगी का ऐलान
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कुछ दिन पहले ही ऐलान किया कि प्रदेश में बड़े स्तर पर भर्ती निकलने वाली हैं. उन्होंने कहा, अभी यूपी टीईटी परीक्षा हुई थी, जिसमें 13 लाख नौजवान पास हुए हैं. उनके लिए भर्ती का अधियाचन जा चुका है, उसका विज्ञापन जारी होने वाला है और जल्दी से उन नौजवानों के लिए नौकरी का खजाना निकलने वाला है.
किस विभाग में कितने पदों पर भर्ती?
- बेसिक शिक्षा परिषद में असिस्टेंट टीचर, नगरीय क्षेत्र - कुल 11,508 पद
- ट्रेंड ग्रेजुएट टीचर (TGT) - 17 हजार पद
- पोस्ट ग्रेजुएट टीचर (PGT) - 2609 पद
- प्रिंसिपल (क्लास 11 से 12) - 1475 पद
- असिस्टेंट प्रोफेसर - 1929 पद
- प्राइमरी स्कूलों में असिस्टेंट टीचर - 897 पद
- अल्पसंख्यक शिक्षण संस्थानों में टीचर - 1700
क्या है अभ्यर्थियों की मांग?
भले ही यूपी सरकार की तरफ से बंपर भर्ती की बात कही जा रही है, लेकिन अभ्यर्थियों का कहना है कि प्राइमरी लेवल पर सिर्फ 11 हजार भर्ती निकालने से कुछ नहीं होगा, लाखों अभ्यर्थी इसके लिए क्वालिफाई कर चुके हैं, ऐसे में एक पद पर सैकड़ों दावेदार होंगे. इस बार पास 13 लाख अभ्यर्थियों के अलावा पहले से ही यूपी के लाखों अभ्यर्थी ऐसे हैं, जिन्होंने ये परीक्षा पास की है. ऐसे में कॉम्पिटिशन काफी ज्यादा होगा और आवेदन करने वाले योग्य उम्मीदवारों में से महज कुछ हजार को ही नौकरी मिल पाएगी.
ये भी पढ़ें - 'BCI को लॉ छात्रों पर कार्रवाई का अधिकार नहीं'... NALSAR मामले पर सुप्रीम कोर्ट का फैसला
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं