भारतीय सशस्त्र बलों के 62 अधिकारियों ने IIM अहमदाबाद में आर्म्ड फोर्सेज प्रोग्राम (AFP) के 20वें बैच के साथ अपने प्रोफेशनल डेवलपमेंट की नई शुरुआत की है. 6 महीने के इस रेजिडेंशियल प्रोग्राम का उद्देश्य अधिकारियों को कॉरपोरेट जगत में दूसरी पारी के लिए जरूरी मैनेजमेंट कौशल और व्यावसायिक समझ से लैस करना है. AFP का पाठ्यक्रम आधुनिक मैनेजमेंट और ग्लोबल कॉरपोरेट प्रैक्टिस पर केंद्रित है. इसमें कॉरपोरेट फाइनेंस, मार्केटिंग, बिजनेस एनालिटिक्स, स्टैटिस्टिक्स, इकोनॉमिक्स, एंटरप्रेन्योरशिप, बिजनेस लॉ, सप्लाई चेन मैनेजमेंट, इंफॉर्मेशन सिस्टम्स, फाइनेंशियल डिसीजन मेकिंग और हेल्थकेयर मैनेजमेंट जैसे विषय शामिल हैं. कार्यक्रम में अकाउंटिंग, ह्यूमन रिसोर्स मैनेजमेंट, ऑर्गनाइजेशनल बिहेवियर, स्ट्रैटेजी, ऑपरेशंस और डिसीजन साइंसेज जैसे क्षेत्रों को भी शामिल किया गया है.
सशस्त्र बलों के अनुभव को मैनेजमेंट शिक्षा से जोड़ना
ये कोर्स अधिकारियों के पहले से मौजूद ऑपरेशंस, लीडरशिप, ह्यूमन रिसोर्स मैनेजमेंट, स्ट्रैटेजी, इंफ्रास्ट्रक्चर मैनेजमेंट, प्रोजेक्ट मैनेजमेंट और ऑर्गनाइजेशनल बिहेवियर जैसे अनुभवों को मैनेजमेंट शिक्षा के साथ जोड़ता है. इसका उद्देश्य अधिकारियों की एनालिटिकल और मैनेजरियल क्षमताओं को कॉरपोरेट क्षेत्र की जरूरतों के अनुरूप विकसित करना है.

केस स्टडी और इंडस्ट्री एक्सपोजर पर जोर
IIM अहमदाबाद की केस-स्टडी आधारित शिक्षण पद्धति कोर्स का अहम हिस्सा है. अधिकारियों को अलग-अलग इंडस्ट्री और संगठनों से जुड़े वास्तविक कारोबारी मामलों का अध्ययन कराया जाता है. इसके अलावा इंडस्ट्री विजिट, विशेषज्ञों के व्याख्यान और कॉरपोरेट जगत के लोगों के साथ संवाद के जरिए उन्हें व्यावहारिक अनुभव भी दिया जाता है.
दूसरी पारी के लिए तैयार करना उद्देश्य
कोर्स का मेन फोकस अधिकारियों की प्रोफेशनल दक्षता बढ़ाने, उन्हें पूरे एंटरप्राइज के नजरिए से सोचने, ग्लोबल कॉरपोरेट कल्चर को समझने और सशस्त्र बलों से कॉरपोरेट क्षेत्र में सुगम बदलाव के लिए तैयार करना है. 6 महीने का ये फुल-टाइम कोर्स हर साल अक्टूबर से मार्च तक आयोजित किया जाता है.
सेना से रिटायरमेंट या फिर अर्ली रिटायरमेंट के बाद अक्सर सैन्य अफसर दूसरे मौके की तलाश में रहते हैं. उनके लिए फिट होने वाला रोल आमतौर पर बड़ी कंपनियों में होता है, लेकिन इसके लिए जरूरी चीजें उन्हें पता नहीं होती हैं. IIM अहमदाबाद में उन्हें यही चीजें बताई जा रही हैं.
ये भी पढ़ें - IIT बॉम्बे से लेकर IIT मद्रास तक, JEE टॉपर्स की पहली पसंद बने ये संस्थान
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं