- साहिला हीर और नितिन कुमार सिंह बिहार कैडर के 2018 बैच के IAS अधिकारी हैं, जो शादी के बाद भी साथ काम कर रहे हैं
- साहिला हीर ने इंजीनियरिंग की पढ़ाई के बाद चौथे प्रयास में UPSC पास कर प्रशासनिक सेवा में प्रवेश किया
- साहिला को त्रिपुरा कैडर मिला था, शादी के बाद उन्होंने बिहार कैडर में तबादला करवा लिया और बक्सर की DM बनीं
यह सक्सेस स्टोरी बिहार कैडर में 2018 बैच के IAS अधिकारी साहिला हीर और नितिन कुमार सिंह की है. साहिला बिहार के बक्सर की जिलाधिकारी हैं, जबकि नितिन कुमार सिंह माध्यमिक शिक्षा के निदेशक हैं. साहिला जालंधर की रहने वाली हैं. नितिन उत्तर प्रदेश से हैं. दोनों की यूपीएससी जर्नी काफी रोचक है. एक साथ ट्रेनिंग की और दोस्ती को प्यार में बदला. साहिला हीर ने शादी के ग्राउंड पर नितिन कुमार सिंह के लिए त्रिपुरा कैडर छोड़ बिहार में तबादला करवा लिया था.
कौन हैं IAS साहिला हीर?
जालंधर की रहने वाली साहिला हीर ने एमजीएन स्कूल से शुरुआती शिक्षा पूरी की. इसके बाद उन्होंने पटियाला के थापर इंस्टीट्यूट ऑफ़ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी से इलेक्ट्रॉनिक्स एंड इंस्ट्रूमेंटेशन कंट्रोल में इंजीनियरिंग की पढ़ाई की. इवेंट मैनेजमेंट में पोस्ट ग्रेजुएशन किया. तकनीकी शिक्षा पूरी करने के बाद उन्होंने सिविल सेवा को अपना लक्ष्य बनाया. शुरुआती प्रयासों में असफलताएं मिलीं, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी. आखिरकार चौथे प्रयास में उनका चयन हुआ और उन्हें 572वीं रैंक मिली. यही वह मोड़ था, जहां इंजीनियरिंग की पढ़ाई करने वाली साहिला का सफर प्रशासनिक सेवा की ओर मुड़ गया.
साहिला के पिता बीएल हीर पंजाब स्टेट पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड में डिप्टी चीफ इंजीनियर रहे हैं. उनकी मां कुलजीत हीर प्रिंसिपल पद से सेवानिवृत्त हुई हैं. तकनीकी शिक्षा और शिक्षण से जुड़े परिवार में पली-बढ़ी साहिला ने भी पढ़ाई को अपने करियर का आधार बनाया. फर्क सिर्फ इतना था कि इंजीनियरिंग की डिग्री लेने के बाद वे सिविल सेवक बन गईं.
साहिला को पहली बार मिली जिले की कमान
IAS बनने के बाद साहिला को त्रिपुरा कैडर मिला. शादी के बाद वर्ष 2019 में उनका कैडर बिहार कर दिया गया. बिहार आने के बाद नरकटियागंज की SDO रहीं. सहरसा तथा पूर्णिया में DDC जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभालीं. साहिला प्राथमिक शिक्षा की निदेशक भी रहीं. दिसंबर 2025 में उन्हें बक्सर का जिलाधिकारी बनाया गया. यह पहला अवसर है जब साहिला किसी जिले की कमान संभाल रही हैं. वह जिले के विकास और सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में अहम भूमिका निभा रही हैं.
कौन हैं IAS नितिन कुमार सिंह?
नितिन कुमार सिंह उत्तर प्रदेश के वाराणसी के रहने वाले हैं. IIT कानपुर से केमिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की. वे बिहार कैडर में बतौर आईएएस पटना सदर के SDO रहे. इसके बाद मधेपुरा के DDC और फिर भागलपुर नगर आयुक्त के पद पर कार्य किया. दिसंबर 2025 में उन्हें कैमूर का जिलाधिकारी बनाया गया था. उसी समय साहिला को बक्सर की जिम्मेदारी मिली थी. यानी नितिन और साहिला के हाथों आस-पास के जिलों की कमान थी. हालांकि अगस्त 2026 में नितिन का तबादला हो गया और उन्हें माध्यमिक शिक्षा का निदेशक बनाया गया. वर्तमान में वह राज्य स्तर पर माध्यमिक शिक्षा से जुड़े प्रशासनिक कार्यों की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं.
पिता अब्दुल करीम सुनते रहे ताने, बेटी मेविश टाक बनीं IPS, अब सोनभद्र ASP बनकर रचा इतिहास
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं