बालाकोट एयर स्ट्राइक के बाद जब पाकिस्तानी फाइटर जेट्स ने भारतीय सीमा में घुसने की कोशिश की थी, तब भारत के कुछ बेखौफ फाइटर पायलट्स ने उड़ान भरी और इन सभी जेट्स को सीमा पार खदेड़ दिया. इस दौरान ग्रुप कैप्टन अभिनंदन वर्धमान ने पाकिस्तानी F-16 फाइटर जेट को मार गिराया और इस दौरान उनका जेट भी हिट हुआ, जिसके बाद वो इजेक्ट कर पाकिस्तान में पहुंच गए थे. भारतीय एयरफोर्स के इस जांबाज पायलट ने अब नौकरी छोड़ दी है. बताया गया है कि अब वो प्राइवेट एयरलाइन के साथ काम कर रहे हैं. ऐसे में आज हम आपको बताएंगे कि एक फाइटर पायलट को रिटायरमेंट के बाद कितनी पेंशन मिलती है.
कौन हैं अभिनंदन वर्धमान?
अभिनंदन वर्धमान 19 जून 2004 को भारतीय वायुसेना में फाइटर पायलट बने थे. इसके बाद उनका नाम चर्चा में तब आया जब फरवरी 2019 में पुलवामा हमले के बाद भारतीय वायुसेना ने बालाकोट में एयरस्ट्राइक की थी. इस स्ट्राइक के बाद पाकिस्तानी फाइटर जेट्स ने भी यही काम करने की कोशिश की, लेकिन मिग-21 बाइसन उड़ा रहे अभिनंदन ने उनके इन मंसूबों पर पानी फेर दिया.
रिटायरमेंट के बाद कितनी मिलती है पेंशन?
ग्रुप कैप्टन के पद से रिटायर हुए अभिनंदन वर्धमान को भारतीय वायुसेना के नियमों के मुताबिक पेंशन मिलेगी. क्योंकि उन्होंने 20 साल सर्विस वाली जरूरी शर्त पूरी की है, ऐसे में उन्हें आजीवन पेंशन का लाभ दिया जाएगा. पेंशन तय करने के लिए एक फॉर्मूला होता है, जिसमें आखिरी बेसिक पे+ MSP+ क्लास पे+ टेक्निकल पे को जोड़ा जाता है और इसे 2 से डिवाइड किया जाता है. इससे जो अमाउंट आता है, उसमें डीए जोड़ा जाता है और फिर पेंशन बनती है.
एयरफोर्स में ग्रुप कैप्टन का पद Level 13 में आता है, ऐसे में इस लेवल के अधिकारियों की बेसिक सैलरी करीब 1 लाख 30 हजार तक होती है. वहीं इसमें फ्लाइंग अलाउंस और एमएसपी जैसी चीजें भी जुड़ती हैं. जिसके बाद ये दो लाख से ज्यादा हो जाती है. यानी ग्रुप कैप्टन के पद से रिटायर हुए अभिनंदन को ये सब मिलाकर काफी अच्छी पेंशन मिलेगी, जो 70 हजार से भी ज्यादा हो सकती है.
ये भी पढ़ें - Apple के नए CEO को मिलेगी 5500000000 रुपये की सैलरी, जानें क्या है जॉन टर्नस की एजुकेशन
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं