विज्ञापन
This Article is From Apr 09, 2016

पुणे सुपरजायन्ट्स के चार गेंदबाजों ने अपने पहले ओवर की पहली ही गेंद पर लिया विकेट...

पुणे सुपरजायन्ट्स के चार गेंदबाजों ने अपने पहले ओवर की पहली ही गेंद पर लिया विकेट...
ईशांत शर्मा ने रोहित शर्मा को आउट कर मुंबई इंडियंस को शुरुआती झटका दिया।
मुंबई: आईपीएल में पहली बार उतरी राइजिंग पुणे सुपरजायन्ट्स की टीम ने अपने प्रदर्शन से शनिवार को हर किसी को प्रभावित किया। गत विजेता मुंबई इंडियंस टीम को 121 के स्कोर पर रोकना इस टीम की बड़ी कामयाबी मानी जा सकती है। टीम के कप्तान धोनी ने बातचीत के दौरान कहा कि विदेशी खिलाड़ियों के आने में देर हुई, इस कारण टीम को एक साथ प्रैक्‍टिस करने का पर्याप्त समय नहीं मिल पाया, इसके बावजूद यूनिट के रूप में इस टीम का प्रदर्शन शानदार रहा। शनिवार के मैच में पुणे टीम की खास बात यह रही कि इसके चार गेंदबाजों ने अपने पहले ओवर की पहली ही गेंद पर विकेट हासिल किया।

विकेट गिराने की शुरुआत टीम इंडिया के गेंदबाज ईशांत शर्मा ने की। वे पारी के दूसरे ओवर में गेंदबाजी के लिए आए और अपनी पहली ही गेंद पर विपक्षी टीम के कप्तान रोहित शर्मा को पगबाधा आउट किया। इसके बाद बारी मिचेल मार्श की थी। पारी के पांचवें और अपने पहले ओवर की पहली गेंद पर उन्होंने खतरनाक अंदाज में खेल रहे हार्दिक पांड्या को पैवेलियन लौटाया। इस ओवर में मार्श ने जोश बटलर का भी विकेट लिया।

ऑलराउंडर रजत भाटिया भी कहां पीछे रहने वाले थे। उन्होंने अपने पहले ओवर (पारी का आठवां ओवर) में पोलार्ड को चलता किया। बेहद आश्चर्यजनक रूप से धोनी ने अपने 'ट्रंप कार्ड' रविचंद्रन अश्विन को काफी देर से गेंदबाजी के लिए उतारा। रविचंद्रन अश्विन 16वें ओवर में गेंदबाजी के लिए आए और उन्होंने पहली ही गेंद पर अंबाती रायडू का विकेट हासिल किया। मैच में धोनी ने कुल छह गेंदबाजों का इस्तेमाल किया और इसमें से चार अपने पहले ओवर की पहली ही गेंद पर सफलता लेकर आए। एक और खास बात यह रही कि इस्तेमाल किए गए सभी छहों गेंदबाजों ने कम से कम एक विकेट जरूर लिया।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
राइजिंग पुणे सुपरजाइंट्स, आईपीएल-9, मुंबई इंडियंस, ईशांत शर्मा, मिचेल मार्श, रजत भाटिया, रविचंद्रन अश्विन, Rising Pune Supergiants, Ishant Sharma, Mitchell Marsh, Rajat Bhatia, IPL9, IPL9 2016, IPL 2016, R Ashwin, आईपीएल 2016, आईपीएल 9