विज्ञापन
This Article is From Aug 25, 2023

महिला टीचर ने मुस्लिम छात्र को उसी क्लास के लड़कों से लगवाए थप्पड़, वायरल हो रहा VIDEO

पुलिस ने कहा कि इस बात की जांच कर की जा रही है कि क्या टीचर की हरकत सांप्रदायिक प्रकृति की थी. वीडियो में टीचर ने सांप्रदायिक शब्दों का इस्तेमाल किया, जिसकी पुष्टि पुलिस ने भी की है.

महिला टीचर ने मुस्लिम छात्र को उसी क्लास के लड़कों से लगवाए थप्पड़, वायरल हो रहा VIDEO
प्रतीकात्मक फोटो.
मुज्जफरनगर:

उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में एक महिला टीचर के मुस्लिम छात्र को थप्पड़ पड़वाने का शर्मनाक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. महिला को वीडियो में हिंदू बच्चों को बुलाकार मुस्लिम छात्र को थप्पड़ मारने को कहते सुना जा सकता है. इस वीडियो को लेकर भारी आक्रोश देखा जा रहा है. इस मामले में पुलिस ने कहा कि उन्होंने वायरल वीडियो देखा है. शिक्षा विभाग से आरोपी महिला टीचर के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा गया है. बाल अधिकार निकाय ने भी महिला टीचर पर कार्रवाई करने का आदेश दिया है.

पुलिस ने कहा कि इस बात की जांच कर की जा रही है कि क्या टीचर की हरकत सांप्रदायिक प्रकृति की थी. वीडियो में टीचर ने सांप्रदायिक शब्दों का इस्तेमाल किया, जिसकी पुष्टि पुलिस ने भी की है.

एसपी सत्यनारायण प्रजापत ने कहा, "हमने एक वायरल वीडियो पर संज्ञान लिया है. एक महिला टीचर कुछ स्कूली छात्रों को मैथ की क्लास में टेबल न सीखने पर अपने क्लासमेट (मुस्लिम छात्र) को थप्पड़ मारने के लिए कह रही हैं. हमने वीडियो में आपत्तिजनक टिप्पणी के बारे में स्कूल के प्रिंसिपल से भी बात की है." 
    
वीडियो में महिला टीचर को सांप्रदायिक टिप्पणी करते सुना जा सकता हैं. टीचर कहती हैं, "मुस्लिम बच्चों की मांएं अपने बच्चों की पढ़ाई पर ध्यान नहीं देतीं. वे उनकी शैक्षणिक गिरावट के लिए जिम्मेदार हैं." पुलिस अधिकारी ने बयान में कहा, "हमने बेसिक शिक्षा अधिकारी को सूचित कर दिया है. टीचर के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी."

वायरल वीडियो को लेकर लोगों में काफी आक्रोश है. राष्ट्रीय लोकदल के नेता जयंत सिंह ने ट्विटर (अब X) पर पोस्ट किया, "मुज़फ्फरनगर स्कूल का वीडियो एक दर्दनाक चेतावनी है कि कैसे गहरी जड़ें जमा चुके धार्मिक विभाजन हाशिये पर पड़े अल्पसंख्यक समुदायों के खिलाफ हिंसा को भड़का सकते हैं. मुजफ्फरनगर के हमारे विधायक यह सुनिश्चित करेंगे कि यूपी पुलिस स्वत: मामला दर्ज करे और बच्चे की शिक्षा बाधित न हो!"

इस बीच पीड़ित छात्र के पिता ने मीडिया से कहा कि वो स्कूल के खिलाफ आरोप नहीं लगाएंगे, क्योंकि उन्होंने स्कूल अधिकारियों के साथ समझौता कर लिया है. उन्होंने कहा, "हालांकि मैं अब अपने बच्चे को उस स्कूल में नहीं भेजूंगा. स्कूल ने फीस वापस कर दी है. अब इस मामले को मैं आगे नहीं बढ़ाना चाहता."
 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
UP Teacher, Muslim Boy, Muslim Boy Beaten
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com