विज्ञापन

सुपरनोवा से कूदने वाले युवक के डिप्रेशन की वजह- पत्नी से तलाक और बच्चे के इलाज में 30 लाख का कर्ज

पुलिस के अनुसार, जैन ने घटना से पहले अपने मोबाइल फोन पर एक वीडियो भी रिकॉर्ड किया था, जिसमें उसने कर्ज को लेकर अपनी परेशानी का जिक्र किया और अपने इस फैसले के लिए खुद को जिम्मेदार ठहराया.

  • नोएडा की सुपरनोवा इमारत की 43वीं मंजिल से गुरुग्राम के 29 वर्षीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर संभव जैन ने आत्महत्या की
  • संभव जैन मानसिक तनाव में था, जिसकी वजह बच्चे की स्वास्थ्य समस्याएं, कर्ज और वैवाहिक विवाद थे
  • उसने घटना से पहले पिता से बात की थी और आत्महत्या की बात कही थी, हालांकि पिता ने रोका था
नई दिल्ली:

यूपी के नोएडा में शनिवार को गुरुग्राम के 29 साल के एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर के सबसे ऊंची इमारत सुपरनोवा से कूदकर आत्महत्या करने के मामले में नई जानकारी सामने आई है. खबरों के मुताबिक मानसिक तनाव की वजह से उसने तीन दिन पहले ही घर छोड़ दिया था. अपने पिता से वाट्सएप पर बात कर रहा था और बार-बार खुदकुशी कर लेने की बात कह रहा था. हालांकि पिता ने उसे ऐसा कोई भी कदम उठाने से मना किया था.

मृतक संभव जैन के बच्चे की प्रीमैच्योर डिलीवरी हुई थी, जिसकी वजह से बच्चे को स्वास्थ्य संबंधी कई तरह की दिक्कतें थी. इलाज में लगभग 30 लाख रुपये खर्च की बात सामने आ रही है, जिससे संभव जैन कर्ज में डूब गया था. बाद में घरेलू विवाद के बाद उसका पत्नी से भी तलाक हो गया. इन सब कारणों से वो गहरे मानसिक तनाव में था.

पुलिस ने भी बताया कि शुरुआती जांच में पारिवारिक परिस्थितियों, उसके बेटे की स्वास्थ्य संबंधी समस्या, बढ़ते कर्ज और वैवाहिक विवाद के कारण उसके मानसिक तनाव में होने की बात सामने आई है. एक अधिकारी ने बताया कि संभव जैन अपने पिता के संपर्क में था और उसने उनसे कहा था कि वह जीवित नहीं रहेगा और आत्महत्या कर लेगा.

Latest and Breaking News on NDTV

पुलिस के अनुसार, जैन ने घटना से पहले अपने मोबाइल फोन पर एक वीडियो भी रिकॉर्ड किया था, जिसमें उसने कर्ज को लेकर अपनी परेशानी का जिक्र किया और अपने इस फैसले के लिए खुद को जिम्मेदार ठहराया.

गुरुग्राम के मानेसर क्षेत्र का रहने वाला संभव जैन नोएडा सेक्टर-94 स्थित ‘सुपरनोवा स्पायरा' इमारत में अकेले आया था और उसने एक दिन के लिए एक कमरा किराये पर लिया था.

सुपरनोवा बिल्डिंग की 43वीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या का वीडियो भी सामने आया है. इमारत से कूदने से ठीक पहले जैन बालकनी की रेलिंग से लटका हुआ था. वहां मौजूद लोगों ने उसे ऐसा करने से रोकने की कोशिश भी की. बगल के फ्लैट में एसी रिपेयर का काम कर रही टीम ने भी युवक को बचाने का प्रयास किया, लेकिन कुछ ही देर बाद जैन इमारत से नीचे कूद गया. इसके बाद आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई.

ऊंचाई से गिरने के कारण युवक की मौके पर ही मौत हो गई. पुलिस के अनुसार, घटनास्थल पर शव की स्थिति बेहद गंभीर थी. उसके अलग-अलग हिस्से इमारत की अलग-अलग जगहों पर मिले. मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि शव के कई हिस्से नीचे बिखर गए थे.

पुलिस और ज्यादा जानकारी के लिए इमारत और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है. साथ ही घटना के समय आसपास मौजूद लोगों से भी पूछताछ कर रही है. पुलिस का कहना है कि आत्महत्या के पीछे वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा.

इसे भी पढ़ें: आर्थिक तंगी से परेशान था संभव जैन, पिता ने रोका था, फिर भी नोएडा की सुपरनोवा की 43वीं मंजिल से कूद गया

इसे भी पढ़ें: नोएडा की सबसे ऊंची इमारत सुपरनोवा की 43वीं मंजिल से कूदा शख्स, शरीर के हो गए कई टुकड़े, VIDEO

हेल्पलाइन
वंद्रेवाला फाउंडेशन फॉर मेंटल हेल्‍थ 9999666555 या help@vandrevalafoundation.com
TISS iCall 022-25521111 (सोमवार से शनिवार तक उपलब्‍ध - सुबह 8:00 बजे से रात 10:00 बजे तक)
(अगर आपको सहारे की ज़रूरत है या आप किसी ऐसे शख्‍स को जानते हैं, जिसे मदद की दरकार है, तो कृपया अपने नज़दीकी मानसिक स्‍वास्‍थ्‍य विशेषज्ञ के पास जाएं)

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
UP Noida, Supernova Flats, Software Engineer Suicide In Noida, Software Engineer Suicide
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com