केदारेश्वर, काशी, मथुरा और अयोध्या...चुनाव से पहले धार्मिक यात्रा पर निकलेंगे अखिलेश
समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव 2027 विधानसभा चुनाव से पहले एक बड़ी धार्मिक यात्रा की तैयारी में हैं. यह यात्रा सिर्फ अयोध्या तक सीमित नहीं होगी, बल्कि इटावा के केदारेश्वर धाम, मथुरा-वृंदावन, काशी विश्वनाथ और चित्रकूट जैसे प्रमुख तीर्थस्थलों तक जाएगी. बताया जा रहा है कि अखिलेश यादव 12 दिसंबर को अयोध्या पहुंच सकते हैं, जहां डिंपल यादव के साथ हनुमानगढ़ी और रामलला के दर्शन का कार्यक्रम प्रस्तावित है. इस बीच अखिलेश ने PDA को नया राजनीतिक अर्थ देते हुए 'पहले दर्शन, फिर आशीर्वाद' बताया है. सपा इस यात्रा के जरिए यह संदेश देने की कोशिश में है कि आस्था किसी एक दल तक सीमित नहीं है.
AAP ने खेला बड़ा दांव, 8 विधायकों के टिकट काटे; 2 सांसदों को विधानसभा चुनाव में उतारा
आम आदमी पार्टी ने पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की सूची जारी करते हुए बड़ा फेरबदल किया है. पार्टी ने 8 मौजूदा विधायकों के टिकट काट दिए हैं, जबकि दो लोकसभा सांसदों गुरमीत सिंह मीत हेयर और राज कुमार चब्बेवाल को विधानसभा चुनाव में उतारा है. मीत हेयर को बरनाला और चब्बेवाल को फगवाड़ा से टिकट मिला है. वहीं खरड़ से अनमोल गगन मान का टिकट काटकर परमिंदर सिंह गोल्डी को उम्मीदवार बनाया गया है. AAP के इन फैसलों को चुनाव से पहले संगठन और चुनावी रणनीति में बड़े बदलाव के तौर पर देखा जा रहा है.
खबर विस्तार से पढ़ें: AAP ने पंजाब में काटे 8 विधायकों के टिकट, दो सांसद उतारे; 31 उम्मीदवारों की आई दूसरी लिस्ट
जेल से निकलते ही आजम खान की फिर गिरफ्तारी, अब 4 दिन तक ED करेगी पूछताछ
समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान की मुश्किलें बढ़ गई हैं. ED को गाजियाबाद की विशेष अदालत से 4 दिन की कस्टडी रिमांड मिल गई है और अब उन्हें पूछताछ के लिए लखनऊ लाया जाएगा.मामला मौलाना मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी और उससे जुड़े ट्रस्ट की फंडिंग, सरकारी धन के कथित इस्तेमाल तथा जमीन से जुड़े आरोपों से संबंधित है. ED का आरोप है कि यूनिवर्सिटी निर्माण में सरकारी संसाधनों और संदिग्ध स्रोतों से आए धन का उपयोग हुआ. एजेंसी इससे पहले यूनिवर्सिटी की 426.46 करोड़ रुपये की संपत्तियां अस्थायी रूप से कुर्क कर चुकी है.
यूपी में नया मोर्चा, ओवैसी-चंद्रशेखर साथ आए; 58 सीटों पर बदल सकता है खेल
यूपी विधानसभा चुनाव 2027 से पहले असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद ने मिलकर'सामाजिक परिवर्तन मोर्चा' बनाया है. इस गठबंधन की नजर दलित और मुस्लिम वोटों को एक मंच पर लाने पर है और यह करीब 150 सीटों पर असर डाल सकता है. विश्लेषण के मुताबिक, 58 ऐसी सीटें हैं जहां पिछली बार जीत-हार का अंतर काफी कम था और नया मोर्चा वहां चुनावी समीकरण बदल सकता है. सबसे बड़ा सवाल यही है कि यह गठबंधन BJP को नुकसान पहुंचाएगा, SP के वोट काटेगा या खुद एक नई राजनीतिक ताकत बनकर उभरेगा.
खबर विस्तार से पढ़ें: यूपी चुनाव में छोटा पैकेट बड़ा धमाका न साबित हो जाए ओवैसी-चंद्रशेखर का गठबंधन, 58 सीटों पर सुनाई दे सकती है गूंज
पहाड़ों पर बर्फबारी का अलर्ट, मैदानी इलाकों में बढ़ेगी ठंड; IMD की चेतावनी
भारतीय मौसम विभाग के अनुसार जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है, जिससे उत्तर भारत में ठंड और बढ़ सकती है. दिल्ली-NCR समेत मैदानी क्षेत्रों में तापमान में गिरावट दर्ज होने के आसार हैं, जबकि प्रदूषण भी चिंता का विषय बना हुआ है. मौसम में इस बदलाव का असर उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा और आसपास के राज्यों में भी देखने को मिल सकता है. पहाड़ों पर होने वाली बर्फबारी के बाद सर्द हवाएं मैदानी इलाकों में ठिठुरन बढ़ा सकती हैं.
खबर विस्तार से पढ़ें: कल का मौसम: दिल्ली-यूपी में ठंड और प्रदूषण, कश्मीर-हिमाचल में बर्फबारी, राजस्थान-बिहार समेत 10 राज्यों में बारिश
सिर्फ PAN और वोटर ID से नहीं साबित होगी भारतीय नागरिकता, गुवाहाटी हाई कोर्ट की अहम टिप्पणी
गुवाहाटी हाई कोर्ट ने एक अहम फैसले में कहा है कि केवल PAN कार्ड और वोटर ID के आधार पर भारतीय नागरिकता साबित नहीं की जा सकती. अदालत ने असम की कुलचन बेगम की याचिका खारिज करते हुए फॉरेनर्स ट्रिब्यूनल के उस आदेश को सही ठहराया, जिसमें उन्हें 25 मार्च 1971 के बाद भारत आने वाला विदेशी घोषित किया गया था. कोर्ट ने कहा कि PAN कार्ड और EPIC (वोटर ID) स्व-घोषणा के आधार पर जारी किए जाते हैं, इसलिए इनके पीछे मौजूद रिकॉर्ड और दस्तावेज भी साबित करना जरूरी है.
खबर विस्तार से पढ़ें: 'सिर्फ PAN कार्ड या वोटर ID से नागरिकता साबित नहीं होती', गुवाहाटी हाई कोर्ट ने खारिज की महिला की याचिका
सैटेलाइट से बचने के लिए रात में पराली जला रहे हैं किसान, मोगा में AQI 300 के पार
पंजाब के मोगा जिले में पराली जलाने के मामले लगातार बढ़ रहे हैं और अब तक 264 घटनाएं दर्ज की जा चुकी हैं. किसानों पर सैटेलाइट निगरानी से बचने के लिए रात के समय पराली जलाने के आरोप लग रहे हैं. जिले का AQI 306 दर्ज किया गया, जिससे शहर और आसपास के इलाकों में धुएं की चादर छा गई. प्रशासन ने करीब 50 किसानों के खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है, हालांकि अब तक किसी के खिलाफ FIR दर्ज नहीं हुई है. एडीसी जसपिंदर सिंह का कहना है कि पराली जलाने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई होगी और किसानों को वैकल्पिक प्रबंधन तकनीकों के इस्तेमाल के लिए लगातार जागरूक किया जा रहा है.
70 साल के हुए नोएल टाटा, टाटा ग्रुप की कई कंपनियों से हुए रिटायर
70 वर्ष पूरे होने पर Noel Tata समूह की रिटायरमेंट पॉलिसी के तहत Trent, Voltas, Tata Investment Corporation और Tata International समेत कई कंपनियों के बोर्ड पदों से रिटायर हो गए हैं. ग्रुप की नीति के मुताबिक, गैर-कार्यकारी निदेशकों को सामान्यतः 70 वर्ष की आयु पूरी होने पर बोर्ड से हटना होता है ताकि नई नेतृत्व टीम को अवसर मिल सके.हालांकि Noel Tata की भूमिका पूरी तरह खत्म नहीं हुई है. वह Tata Trusts के चेयरमैन और Tata Sons के बोर्ड में नॉमिनी डायरेक्टर बने रहेंगे. टाटा संस में टाटा ट्रस्ट्स की करीब 66% हिस्सेदारी है, इसलिए समूह में उनका प्रभाव बरकरार रहेगा
ईरान का दो टूक संदेश, धमकियां और प्रतिबंध नहीं रोक पाएंगे मिसाइल कार्यक्रम
इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के प्रमुख मेजर जनरल अहमद वाहिदी ने कहा है कि धमकियों और प्रतिबंधों के बावजूद ईरान अपने मिसाइल कार्यक्रम और सैन्य क्षमताओं को मजबूत करता रहेगा. उन्होंने कहा कि देश के मिसाइल कार्यक्रम की नींव रखने वाले हसन तेहरानी मोघद्दम की विरासत को रोका नहीं जा सकता.वाहिदी ने दावा किया कि ईरान की एयरोस्पेस फोर्स "पहाड़ों के बीच और जमीन के काफी नीचे" अपनी सामरिक ताकत को और मजबूत कर रही है.वहीं बसीज संगठन के प्रमुख हुसैन ताएब ने कहा कि ईरान किसी भी बातचीत के एजेंडे या स्वरूप पर फैसला तभी करेगा, जब उसकी सात शर्तें स्वीकार की जाएंगी.
U-19 एशिया कप फाइनल में भारत-पाकिस्तान की टक्कर, अफगानिस्तान को हराकर टीम इंडिया फाइनल में
भारत ने U-19 एशिया कप के सेमीफाइनल में अफगानिस्तान को हराकर फाइनल में जगह बना ली है. युवा भारतीय टीम ने दबाव वाले मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की और खिताब से एक कदम दूर पहुंच गई. अब फाइनल में भारत का मुकाबला पाकिस्तान से होगा, जिससे टूर्नामेंट का सबसे बड़ा मुकाबला तय हो गया है. क्रिकेट प्रशंसकों की नजरें अब भारत-पाकिस्तान के हाई-वोल्टेज फाइनल पर टिकी हैं.
खबर विस्तार से पढ़ें: भारत-पाकिस्तान के बीच होगा U19 एशिया कप फाइनल, सेमीफाइनल में टीम इंडिया ने अफगानिस्तान को रौंदा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं