- शिवसेना संसदीय दल की अहम बैठक में छह सांसद शामिल नहीं हुए, सिर्फ तीन सांसद ही पहुंचे
- बैठक के लिए शिवसेना यूबीटी ने सांसदों को व्हिप जारी किया था, लेकिन बागी सांसद नहीं पहुंचे
- सूत्रों के मुताबिक, गैरहाजिर सांसदों के खिलाफ पार्टी कानूनी कार्रवाई कर सकती है
उद्धव ठाकरे की शिवसेना में टूट की अटकलों पर दिल्ली में हुई पार्टी की बैठक में नहीं पहुंचे 6 सांसदों ने बगावत पर मुहर लगा दी है. दरअसल गुरुवार को शिवसेना संसदीय दल के कार्यालय में पार्टी की अहम बैठक हुई. बैठक के लिए शिवसेना यूबीटी के मुख्य सचेतक अनिल देसाई ने व्हिप जारी कर सभी सांसदों को मौजूद रहने के लिए कहा था. लेकिन उद्धव ठाकरे को बड़ा झटका लगा. जिन बागियों पर पर सबकी नजर थी वे बैठक में पहुंचे ही नहीं. शिवसेना यूबीटी के 6 सांसद बैठक में नहीं पहुंचे. सिर्फ 3 लोकसभा सांसद ही बैठक में शामिल हुए हैं. इसे उद्धव को बड़े झटके और एकनाथ शिंदेगुट के लिए बड़ी कामयाबी के तौर पर देखा जा रहा है.
ये लोकसभा सांसद बैठक में नहीं पहुंचे
- संजय दिना पाटिल
- संजय देशमुख
- नागेश पाटिल अष्टीकर
- ओमराजे निंबालकर
- भाऊसाहेब वाकचौरे
- संजय जाधव
6 सांसद उद्धव की बैठक से नदारद
उद्धव ठाकरे के सांसद अरविंद सावंत द्वारा बुलाई गई ग्रुप लीडर्स की मीटिंग में ठाकरे के ये छह सांसद गैरहाजिर रहे. वहीं शिवसेना प्रवक्ता कृष्णा हेगड़े ने कहा कि आज की बैठक के लिए UBT पार्टी की ओर से जारी व्हिप का कोई महत्व नहीं है. बैठक को लेकर हर किसी की निगाहें बागियों पर ही टिकी थीं. बागी सांसद बैठक में शामिल होंगे या नहीं इसी बात का इंतजार था. छह सांसदों के बैठक में नहीं पहुंचने से उद्धव की शिवसेना में बगावत खुलकर सामने आ गई है.
शिवसेना के कुछ सांसदों का नए गुट बनाने की चर्चा
बता दें कि सामना संपादकीय में छपे एक लेख के मुताबिक, बुधवार को मीडिया और दिल्ली के राजनीतिक गलियारों में ऐसी चर्चा थी कि शिवसेना के कुछ सांसद पार्टी से अलग होकर नया गुट बना सकते हैं. इस पर विराम लगाने के लिए ही सभी सांसदों की बैठक दिल्ली में बुलाई गई थी. लेकिन बागियों ने बैठक में शामिल न होकर अपना संदेश दे दिया है.
बैठक में नहीं पहुंचे सांसदों पर होगा एक्शन
ठाकरे गुट ने इस मीटिंग में गैरहाजिर रहने वाले सांसदों के खिलाफ लीगल एक्शन लेने के लिए कदम उठाने शुरू कर दिए हैं. ठाकरे गुट से शिंदे के पास जाने वाले इन सांसदों को नोटिस भेजे जाएंगे.
'ठाकरे गुट का साथ मत छोड़ो'
ठाकरे गुट के नेता कैलास पाटील ने कहा है कि धाराशिव के सांसद ओमराजे निंबालकर के साथ उनका कोई संपर्क नहीं हो पा रहा है. पार्टी नेतृत्व के आदेश के बाद वह उनसे मिलने पुणे गए थे, लेकिन उनसे मुलाकात नहीं हो सकी. उन्होंने कहा कि ओमराजे निंबालकर के बगावत की खबरें केवल अफवाहें ही साबित हों. उनकी बगावत की चर्चाओं से काफी पीड़ा होती है, और हमारा मानना है कि ऐसी प्रतिकूल परिस्थितियों में उनको ठाकरे गुट का साथ नहीं छोड़ना चाहिए.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं