दिल्ली सरकार की एंटी करप्शन ब्रांच ने दिल्ली जल बोर्ड के सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट टेंडर में कथित भ्रष्टाचार और अनियमतताओं के मामले में एक बहुत बड़ी कार्रवाई की है. इस कार्रवाई के तहत दिल्ली के पूर्व मंत्री सत्येंद्र कुमार जैन समेत 6 लोगों को गिरफ्तार किया गया है. गिरफ्तारी के तुरंत बाद आम आदमी पार्टी ने आक्रामक रुख अपनाते हुए इस पूरी कार्रवाई को राजनीतिक द्वेष से प्रेरित बताया है. सत्येंद्र जैन की गिरफ्तारी पर आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने एक्स पर लिखे पोस्ट में कहा- सत्येन्द्र जैन को एक बार फिर बीजेपी ने गिरफ्तार करवा दिया है. अभी कुछ वक्त पहले इन लोगों ने जेल में डालकर उनकी जो दुर्दशा की थी, वह सबको याद है. पिछला केस भी फर्जी था और यह केस भी फर्जी साबित होगा.
झूठे आरोप लगाकार जेल में डालाः केजरीवाल
केजरीवाल ने आगे लिखा- आखिर कब तक बीजेपी की ये तानाशाही चलती रहेगी? जिसे मन करता है, झूठे आरोप लगाकर जेल में डाल देते हैं. इनका झूठ एक बार फिर देश के सामने आएगा, लेकिन जेल में बिताए उस वक्त और मानसिक प्रताड़ना की भरपाई कौन करेगा? बीजेपी के पाप का घड़ा अब भर चुका है. ये चाहे जितनी तानाशाही कर लें, अब मोदी सरकार का अंत तय है. पूरी आम आदमी पार्टी और देश की जनता सत्येन्द्र जैन जी के साथ मज़बूती से खड़ी है.

सत्येंद्र जैन की गिरफ्तारी पर अरविंद केजरीवाल का एक्स पोस्ट.
टेंडर में रिश्वतखोरी और सांठगांठ का आरोप
ACB के अनुसार दिल्ली जल बोर्ड के STP टेंडर में शर्तों से कथित तौर पर छेड़छाड़ की गई ताकि एक खास तकनीक और चुनिंदा निजी कंपनियों को फायदा पहुँचाया जा सके. जांच एजेंसी का दावा है कि बिना पायलट स्टडी कराए टेंडर की शर्तों में बदलाव किए गए, जिससे सरकारी खजाने को भारी नुकसान पहुँचा. जांच एजेंसी ACB ने इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और वित्तीय लेन-देन के आधार पर निजी कंपनियों, बिचौलियों और वरिष्ठ अधिकारियों के बीच गहरी सांठगांठ का खुलासा किया है.गिरफ्तार लोगो की जानकारी कुछ इस प्रकार है.
आप का पलटवार: "पंजाब चुनाव और राजनीतिक डर का परिणाम'
सत्येंद्र जैन की गिरफ्तारी की खबर सामने आते ही आम आदमी पार्टी ने केंद्र सरकार और जांच एजेंसियों पर तीखा हमला बोला है. AAP नेता अनुराग ढांडा ने आरोप लगाया कि सत्येंद्र जैन को जानबूझकर निशाना बनाया जा रहा है क्योंकि वे पंजाब के सह-प्रभारी हैं और आने वाले महीनों में पंजाब के चुनाव भी हैं. सतेंद्र जैन की गिरफ़्तारी को पंजाब के चुनाव से जोड़ते हुए आम आदमी पार्टी ने बीजेपी पर हमला किया हैं. AAP का कहना है कि आगामी राजनीतिक घटनाक्रमों और पंजाब में पार्टी की मजबूत पकड़ से घबराकर यह कार्रवाई की गई है.
जिस समय का मामला, उस समय जेल में थे जैनः आप
पार्टी का दावा है कि जिस समय के जल बोर्ड मामले का जिक्र किया जा रहा है, उस वक्त सत्येंद्र जैन पहले से ही जेल में बंद थे. ऐसे में टेंडर प्रक्रिया को प्रभावित करने का सवाल ही नहीं उठता. सतेंद्र जैन की इस गिरफ्तारी के बाद दिल्ली का राजनीतिक पारा एक बार फिर चढ़ गया है. जहाँ एक तरफ जांच एजेंसी साक्ष्यों के आधार पर सख्त कार्रवाई का दावा कर रही है, वहीं आम आदमी पार्टी इसे अपनी छवि खराब करने और चुनावी लाभ लेने का जरिया बता रही है. फिलहाल ACB मामले की आगे की जांच में जुटी है और आने वाले दिनों में कई नए खुलासे होने की उम्मीद है.
AAP बनाम बीजेपी- सतेंद्र जैन की गिरफ़्तारी पर विवाद
अरविंद केजरीवाल ने सतेंद्र जैन की गिरफ्तारी पर बीजेपी पर हमला करते हुए इससे राजनीतिक कांस्पीरेसी बताई है. अरविंद केजरीवाल का बयान है कि जेल में रखने और जांच के बाद भी नहीं मिले थे सबूत. वही इस मामले में बीजेपी ने आम आदमी पार्टी को भ्रष्टाचार के मामले में घेरा हैं. बीजेपी दिल्ली अध्यक्ष ने साफ़ तौर पर सच जी जीत और आम आदमी पार्टी पर भ्रष्टाचार और लूट का आरोप लगाते हुए घेरा हैं. सतेंद्र जैन की गिरफ्तारी के बाद अब AAP और बीजेपी ने राजिन्तिक विरोध और बयान बाज़ी शुरू हो गई हैं.
यह भी पढ़ें - दिल्ली के पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन गिरफ्तार, जल बोर्ड टेंडर में भ्रष्टाचार मामले में ACB का बड़ा एक्शन
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं