- मुंबई के जुहू में फिल्ममेकर रोहित शेट्टी के घर फायरिंग की योजना जेल के अंदर से बनाई गई थी
- बिश्नोई गैंग से जुड़े प्रवीण लोनकर ने जेल में रहते हुए हथियार और पैसों का इंतजाम कराया था
- क्राइम ब्रांच का मानना है कि प्रवीण ने बाहरी संपर्कों के जरिए फायरिंग की लॉजिस्टिक्स संभाली थी
मुंबई के जुहू इलाके में फिल्ममेकर रोहित शेट्टी के घर के बाहर हुई फायरिंग के मामले में क्राइम ब्रांच को बड़ा सुराग मिला है. जांच में सामने आया है कि इस हमले की प्लानिंग कथित तौर पर जेल के अंदर से की गई थी. सूत्रों के मुताबिक, बिश्नोई गैंग से जुड़े शुभम लोनकर के भाई प्रवीण लोनकर की भूमिका इस पूरे मामले में सामने आई है. प्रवीण इस वक्त बाबा सिद्दीकी मर्डर केस में न्यायिक हिरासत में जेल में बंद है, लेकिन पुलिस का दावा है कि उसने जेल में रहते हुए ही हथियार और पैसों का इंतजाम कराया.
क्राइम ब्रांच का क्या कहना है?
क्राइम ब्रांच को शक है कि प्रवीण लोनकर ने बाहरी संपर्कों के जरिए इस वारदात की लॉजिस्टिक्स संभाली. यानी हथियार की व्यवस्था, पैसों की सप्लाई और आरोपियों के बीच तालमेल ये सब जेल में बैठकर कराया गया. अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि उसने किस-किस के जरिए संपर्क साधा और निर्देश किस माध्यम से बाहर पहुंचाए गए.
इस मामले में अब तक मुख्य शूटर समेत 12 आरोपियों को पुणे, हरियाणा और उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया जा चुका है. चूंकि प्रवीण लोनकर पहले से जेल में है, इसलिए क्राइम ब्रांच अब उसे इस केस में औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर रिमांड पर लेने की तैयारी में है, ताकि साजिश की पूरी कड़ी जोड़ी जा सके. पुलिस सूत्रों के अनुसार वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल, पिस्टल और फंडिंग का इंतजाम प्रवीण लोनकर के इशारे पर हुआ. अब जांच इस बात पर केंद्रित है कि जेल के अंदर रहते हुए उसने यह ऑपरेशन कैसे संचालित किया.
12 टीमें कर रही हैं जांच
क्राइम ब्रांच की करीब 12 टीमें इस केस पर काम कर रही हैं. एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि जैसे ही प्रवीण लोनकर की कस्टडी मिलेगी, साजिश के बाकी पहलुओं और गैंग की आगे की योजनाओं पर और खुलासा हो सकता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं