- राहुल गांधी ने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान वायरल हुए मोहम्मद इरफान से मुलाकात की
- मोहम्मद इरफान दिल्ली की एक झुग्गी बस्ती के हैं वो कभी स्कूल नहीं गए
- इरफान ने प्रदर्शन में भारत के संविधान की प्रस्तावना को जोश के साथ पढ़ा और समानता तथा न्याय पर जोर दिया था
जंतर-मंतर पर छात्रों का प्रदर्शन खत्म हो चुका है. इस बीच कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने मोहम्मद इरफान से मुलाकात की. इरफान जंतर-मंतर प्रदर्शन के दौरान वायरल हुए थे. उन्होंने प्रदर्शन में भारत के संविधान की प्रस्तावना को बहुत जोश के साथ पढ़ा था. सोशल मीडिया पर उनका वीडियो काफी वायरल हुआ था.
राहुल गांधी ने की मुलाकात
राहुल गांधी ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से इरफान के साथ मुलाकात की तस्वीरें शेयर की. उन्होंने इरफान को 'दिल्ली के एक इलाके का ऐसा युवा बताया, जिसकी सोच उसके हालात से कहीं आगे की है.'
उन्होंने इंस्टाग्राम पर लिखा, 'इरफान से मुलाकात हुई, दिल्ली की बस्ती का एक युवा, जिसकी सोच उसके हालात की मोहताज नहीं है. संविधान की उसकी समझ, देश के प्रति उसका नजरिया और सीखने की उसकी इच्छा यही बताती है कि भारत की सबसे बड़ी ताकत उसके युवाओं में बसती है. इरफान जैसे लाखों युवा ही देश की असली उम्मीद हैं, जिज्ञासु, संवेदनशील और अपने अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति सजग.
NEET पेपर लीक के विरोध के दौरान इरफान तब चर्चा में आए, जब सोशल मीडिया पर उनका एक वीडियो वायरल हुआ. इस वीडियो में वे संविधान की प्रस्तावना सुनाते हुए और संविधान, समानता और न्याय के बारे में जोश के साथ बात करते हुए दिखे.

कौन हैं इरफान?
मोहम्मद इरफान दिल्ली के रहने वाले हैं. इरफान कभी स्कूल नहीं गए. लेकिन उन्होंने काम के साथ-साथ कई चीजें सीखीं. उन्होंने संविधान में गहरी दिलचस्पी है. युवाओं के आंदोलन में इरफान पहुंचे और बेहद जोश में संविधान की प्रस्तावना बताते दिखे. एक झुग्गी बस्ती से आने वाले इरफान ने अपने अनुभवों और मुश्किलों के आधार पर मजदूर वर्ग, असंगठित क्षेत्र के कामगारों, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा और लोकतांत्रिक अधिकारों जैसे अहम मुद्दों को उठाया.
यह भी पढ़ें: छात्रों के खिलाफ दिल्ली में पैलेट गन, बिहार में AK-47 का इस्तेमाल, विपक्ष का बड़ा बवाल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं