विज्ञापन

'बाहर जाती हो तो...' चरित्र पर शक कर पति ने गुप्तांग पर डाला तेजाब, अस्पताल न ले जाकर बनाया 15 दिन तक बंधक

पुणे में चरित्र पर शक और बेटा न होने के कारण एक पति ने अपनी 24 वर्षीय पत्नी पर तेजाब डाल दिया. इस खौफनाक वारदात के बाद आरोपी ने गंभीर रूप से झुलसी पत्नी को 15 दिनों तक घर में ही बंधक बनाकर रखा.

'बाहर जाती हो तो...' चरित्र पर शक कर पति ने गुप्तांग पर डाला तेजाब, अस्पताल न ले जाकर बनाया 15 दिन तक बंधक
पुणे में पति ने पत्नी पर डाला एसिड (सांकेतिक तस्वीर)
  • पुणे के उरुली कांचन इलाके में पति ने पत्नी पर शक कर उसे बेरहमी से पीटा और तेजाब डाल दिया
  • पीड़िता के गुप्तांग पर तेजाब डालने के बाद आरोपी ने उसे 15 दिनों तक घर में बंधक बनाकर रखा
  • घटना के दिन आरोपी शराब के नशे में था और पत्नी से नाजायज संबंधों के बारे में सवाल कर हिंसा की
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।

पुणे के उरुली कांचन (तहसील हवेली) इलाके से दिल दहला देने वाली क्रूरता की एक घटना सामने आई है. चरित्र पर शक करने और बेटा ना होने के चलते एक पति ने अपनी 24 वर्षीय पत्नी को बेरहमी से पीटा और उसके गुप्तांग पर तेजाब डाल दिया. हैवानियत यहीं नहीं रुकी, इस खौफनाक वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने गंभीर रूप से झुलसी पत्नी को अस्पताल ले जाने के बजाय 15 दिनों तक घर में ही बंधक बनाकर रखा. पीड़ित महिला की शिकायत के बाद उरुली कांचन पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है. 

शराब के नशे में आया और वारदात को दिया अंजाम

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, यह घटना बीती 20 अप्रैल को हुई थी. घटना वाले दिन आरोपी पति शराब के नशे में धुत्त होकर घर आया. उसने पत्नी पर चिल्लाते हुए कहा, "तुम काम पर जाती हो, बताओ तुम्हारे बाहर किसके साथ नाजायज संबंध हैं?" यह कहकर उसने गाली-गलौज और बेरहमी से मारपीट शुरू कर दी. इसके बाद उसने जान से मारने की धमकी देते हुए तेजाब की बोतल उठाई और महिला के गुप्तांग पर उड़ेल दी.

तेजाब गिरते ही महिला असहनीय दर्द से चीखने-चिल्लाने लगी और जान बचाने के लिए घर से बाहर भागने की कोशिश की. लेकिन आरोपी ने अंदर से दरवाजा बंद कर लिया और उसे लात-घूंसों से फिर पीटा. महिला की चीखें सुनकर पड़ोस में रहने वाली उसकी जेठानी वहां पहुंची और फोन करके सास-ससुर को बुलाया. इस बीच आरोपी ने पीड़ित महिला को धमकी दी कि अगर इस बारे में किसी को कुछ भी बताया तो वह उसे जान से मार देगा, और वह वहां से फरार हो गया.

15 दिनों तक घर में कैद रही महिला

इस खौफनाक दर्द को सहते हुए पीड़ित महिला 15 दिनों तक घर में कैद रही. आखिरकार शनिवार 9 मई को जब पति काम पर गया, तो महिला को मौका मिल गया. वह अपनी दोनों बेटियों को साथ लेकर सीधे अपने मायके पहुंच गई. वहां उसने परिजनों को अपने साथ हुई इस आपबीती को रोते हुए बताया. पूरी घटना सुनकर दहल गए रिश्तेदारों ने उसे उरुली कांचन पुलिस स्टेशन लाया.

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने पीड़िता को तुरंत इलाज के लिए पुणे के ससून अस्पताल में भर्ती कराया. अस्पताल में इलाज पूरा होने के बाद पीड़िता ने शुक्रवार 15 मई को पुलिस में आधिकारिक शिकायत दर्ज कराई.

यह भी पढ़ें: लखनऊ में खौफनाक वारदात, ट्रेन में मिली महिला की बिना सिर वाली लाश, कई टुकड़ों में था शव

क्या बोली पुलिस?

उरुली कांचन पुलिस स्टेशन के पुलिस निरीक्षक सचिन वांगडे ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर आरोपी पति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.

यह भी पढ़ें: मेरठ मर्डर मिस्ट्री: "चैट देखते ही खो बैठा आपा..." प्रेमी ने गन्ने के खेत में की बीए की छात्रा की हत्‍या

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com