विज्ञापन

फिलिस्तीनी राजदूत बोले- भारत मेरा दूसरा घर, अमिताभ बच्चन के देश में बहुत सुरक्षित महसूस करता हूं

NDTV World Summit में भारत में फिलिस्तीन के राजदूत अब्दुल्ला एम.ए. अबुशावेश ने कहा कि भारत उनका दूसरा घर है और वह 'अमिताभ बच्चन के देश' में बेहद सुरक्षित महसूस करते हैं. उन्होंने भारत-फिलिस्तीन संबंधों, गाजा संकट और भारत की वैश्विक भूमिका पर भी खुलकर बात की.

फिलिस्तीनी राजदूत बोले- भारत मेरा दूसरा घर, अमिताभ बच्चन के देश में बहुत सुरक्षित महसूस करता हूं

NDTV World Summit 2026 में भारत में फिलिस्तीन के राजदूत अब्दुल्ला एम.ए. अबुशावेश ने दिलचस्प किस्सा सुनाया...उन्होंने बताया कि जब वह गाजा से भारत के लिए रवाना हो रहे थे तो उन्हें एक संदेश मिला, जिसमें लिखा था कि "बधाई हो, आप अमिताभ बच्चन के देश जा रहे हैं." भारत को अपना दूसरा घर बताते हुए उन्होंने कहा कि वह यहां बेहद सुरक्षित महसूस करते हैं और भारत के प्रति फिलिस्तीनियों के मन में गहरा सम्मान है. इसके साथ ही उन्होंने गाजा में जारी युद्ध को लेकर तीखी टिप्पणी करते हुए कहा कि यह सिर्फ मानवीय संकट नहीं, बल्कि "नरसंहार" है और हजारों बच्चों की जान जा चुकी है. वर्ल्ड समिट के इस सत्र उन्होंने इजरायल के साथ चल रहे संघर्ष को सिर्फ मानवीय परेशानी मानने से इनकार करते हुए इसे सीधे तौर पर 'नरसंहार' करार दिया. उन्होंने अमेरिका और इजरायल की भूमिका पर भी तीखे सवाल उठाए.

जब गाजा से चलते वक्त मिला 'अमिताभ बच्चन के देश' का लेटर

अबूशावेश ने भारत के प्रति अपना प्यार जताते हुए एक बेहद दिलचस्प किस्सा सुनाया. उन्होंने बताया कि जब वह गाजा से भारत के लिए रवाना हो रहे थे, तब उन्हें एक विदाई पत्र मिला था. उस पत्र में लिखा था कि "आपको बहुत-बहुत बधाई हो, क्योंकि आप महान अभिनेता अमिताभ बच्चन की धरती पर जा रहे हैं." राजदूत ने मुस्कुराते हुए इस बात को स्वीकार किया कि फिलिस्तीन के लोगों के दिलों में भारतीय सिनेमा और अमिताभ बच्चन के लिए एक बेहद खास जगह है. भारत के लोगों और यहां की संस्कृति को वह लंबे समय से पसंद करते आए हैं.

"भारत मेरा दूसरा घर है, यहाँ मैं बिना किसी डर के घूमता हूं"

राजदूत ने भारत की सुरक्षित आबोहवा की जमकर तारीफ की. उन्होंने कहा कि भारत में वह खुद को बेहद सुरक्षित महसूस करते हैं. वह रोजाना यहां बिना किसी सुरक्षा डर के लगभग डेढ़ घंटे तक टहलते हैं.

उन्होंने यह भी साझा किया कि वह रोज एक ही रास्ते से आते-जाते हैं, लेकिन उन्हें कभी कोई परेशानी नहीं हुई. वह आगे भी अपना रास्ता नहीं बदलेंगे क्योंकि वे भारत में बेहद सेफ महसूस करते हैं. यही वजह है कि वह भारत को अपना दूसरा होमलैंड यानी दूसरा घर मानते हैं.

द्विपक्षीय संबंधों पर बात करते हुए फिलिस्तीनी राजदूत ने कहा कि भारत एक विशाल देश है, जहां 1.4 बिलियन लोग रहते हैं. भारत के पास पूरा अधिकार है कि वह दुनिया के किसी भी देश के साथ अपने रिश्ते मजबूत रखे. उन्होंने याद दिलाया कि भारत ने हमेशा से न्याय का साथ दिया है. भारत ने इतिहास में फिलिस्तीनी नेता यासिर अराफात का गर्मजोशी से स्वागत किया था. आज भारत के रिश्ते इजरायल के साथ भी बहुत अच्छे हैं और फिलिस्तीन के साथ भी. उन्होंने प्रथम विश्व युद्ध के दौरान हाइफा की लड़ाई में भारतीय सैनिकों के शौर्य और बलिदान को भी याद किया.

"यह युद्ध नहीं, साफ तौर पर नरसंहार है"

फिलिस्तीन में चल रहे संघर्ष पर बात करते हुए अबूशावेश ने बेहद गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि यह कोई सामान्य युद्ध या केवल मानवीय पीड़ा का मामला नहीं है, बल्कि यह एक खुली किताब की तरह साफ तौर पर नरसंहार है. फिलिस्तीनी लोगों ने कभी इस नरसंहार के नीचे जीने का सपना नहीं देखा था. उन्होंने अमेरिका पर सीधा निशाना साधते हुए कहा कि आज यह कोई छिपी हुई बात नहीं है कि अमेरिका खुलकर इजरायल को हथियारों की सप्लाई कर रहा है. उन्होंने बताया कि संयुक्त राष्ट्र में अपने 8 साल के कार्यकाल के दौरान उन्होंने देखा कि कैसे अमेरिका ने गाजा में शांति बहाली के प्रस्तावों को रोकने के लिए 6 बार वीटो पावर का इस्तेमाल किया.
बच्चों की मौत के आंकड़ों ने दहलाया राजदूत ने संघर्ष में मारे गए निर्दोष बच्चों के आंकड़े पेश करते हुए दुनिया की चुप्पी पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि जहाँ ईरान में संघर्ष के दौरान 125 बच्चों की मौत हुई, वहीं फिलिस्तीन में अब तक 22,000 से ज्यादा मासूम बच्चों को बेरहमी से मार दिया गया है. इसके अलावा, 5,000 से अधिक फिलिस्तीनी नागरिक अब भी मलबे में या अन्य जगहों पर लापता हैं, जिनका कोई सुराग नहीं मिल पा रहा है
ये भी पढ़ें: 'सुप्रीम लीडर पूरी तरह स्वस्थ पर पब्लिक में नहीं आ सकते' ईरानी राजनयिक ने NDTV वर्ल्ड समिट में किया बड़ा दावा

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Palestine News, Palestine Ambassador, NDTV World Summit,  Amitabh Bachchan
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com