- संभव जैन ने वैवाहिक विवाद, बच्चे के खराब स्वास्थ्य और अपनी सेहत की समस्याओं से जूझते हुए आत्महत्या कर ली
- पत्नी ने एक करोड़ रुपये के गुजारे भत्ते की मांग की थी, जो बाद में पंद्रह लाख रुपये पर तय हुई थी
- उनके बच्चे का प्रीमैच्योर जन्म हुआ था और इलाज पर लगभग चालीस लाख रुपये खर्च हो चुके थे
नोएडा में दो दिन पहले सॉफ्टवेयर इंजीनियर के एक बिल्डिंग की 43वीं मंजिल से कूदकर सुसाइड करने के मामले में नए खुलासे हुए हैं. पुलिस के अनुसार, 29 साल के संभव जैन तीन मुख्य समस्याओं वैवाहिक विवाद, बच्चे की खराब सेहत और अपनी खुद की स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से जूझ रहे थे. उनका पत्नी के साथ विवाद चल रहा था, जिसमें पत्नी ने ₹1 करोड़ के गुजारे भत्ते (एलिमनी) की डिमांड की थी, हालांकि ये रकम ₹15 लाख पर तय हुई. इसमें उन्होंने ₹7.5 लाख की पहली किस्त दे भी दी थी.
संभव जैन का वजन लगभग 140 किलो था और बताया जा रहा है कि उन्हें अपने शरीर की बनावट (बॉडी इमेज) को लेकर भी काफी चिंता थी. साथ ही अपने स्वास्थ्य को लेकर एंग्जायटी (घबराहट) रहती थी. उनके अधिक वजन के कारण ऊंचाई से गिरने से उनकी मौत और भी घातक साबित हुई.
कुछ साल पहले उनके घर एक प्रीमैच्योर (समय से पहले जन्मे) बेटे का जन्म हुआ था और उसके इलाज पर उन्होंने लगभग ₹40 लाख खर्च किए थे. चूंकि ये इलाज का खर्च लगातार चलने वाला था, इसलिए समय के साथ बिल भी बढ़ते ही गए. जिससे संभव कर्ज में डूब गए. इन सब कारणों से वो गहरे मानसिक तनाव में थे.

आत्महत्या से तीन-चार दिन पहले तक वे अपने पिता के संपर्क में थे. उन्होंने अपने पिता को लिखकर ये बताया था कि वे आत्महत्या करने जा रहे हैं. उन्होंने अपने फोन पर एक वीडियो भी रिकॉर्ड किया था, जिसकी पुलिस जांच कर रही है.
हालांकि, पुलिस का कहना है कि वीडियो में किसी का नाम नहीं लिया गया है और उन्होंने किसी पर भी दोष नहीं मढ़ा है. उन्होंने मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के कारण ये कठोर कदम उठाने का फैसला बताया.
संभव जैन मानेसर के रहने वाले थे. उनके परिवार में माता-पिता, बेटा और छोटी बहन हैं. पुलिस ने उनका फोन जब्त कर लिया है और जांच टीम उनके आखिरी चैट्स, कॉल लॉग्स और उनके द्वारा शूट किए गए आखिरी वीडियो की भी जांच कर रही है.
गौरतलब है कि संभव जैन सुसाइड से एक दिन पहले नोएडा के सेक्टर-94 स्थित ‘सुपरनोवा स्पायरा' इमारत में अकेले गए थे और एक दिन के लिए एक कमरा किराये पर लिया था. बाद में उसी बिल्डिंग की 43वीं मंजिल से कूदकर संभव ने आत्महत्या कर लिया.

घटना का वीडियो भी सामने आया था. इमारत से कूदने से ठीक पहले जैन बालकनी की रेलिंग से लटका हुआ था. वहां मौजूद लोगों ने उसे ऐसा करने से रोकने की कोशिश भी की, लेकिन कुछ ही देर बाद जैन इमारत से नीचे कूद गया.
पुलिस के अनुसार, घटनास्थल पर शव की स्थिति बेहद गंभीर थी. उसके अलग-अलग हिस्से इमारत की अलग-अलग जगहों पर मिले. पुलिस और ज्यादा जानकारी के लिए इमारत और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है. साथ ही घटना के समय आसपास मौजूद लोगों से भी पूछताछ कर रही है.
इसे भी पढ़ें: सुपरनोवा से कूदने वाले युवक के डिप्रेशन की वजह- पत्नी से तलाक और बच्चे के इलाज में 30 लाख का कर्ज
इसे भी पढ़ें: नोएडा की सबसे ऊंची इमारत सुपरनोवा की 43वीं मंजिल से कूदा शख्स, शरीर के हो गए कई टुकड़े, VIDEO
| हेल्पलाइन | |
|---|---|
| वंद्रेवाला फाउंडेशन फॉर मेंटल हेल्थ | 9999666555 या help@vandrevalafoundation.com |
| TISS iCall | 022-25521111 (सोमवार से शनिवार तक उपलब्ध - सुबह 8:00 बजे से रात 10:00 बजे तक) |
| (अगर आपको सहारे की ज़रूरत है या आप किसी ऐसे शख्स को जानते हैं, जिसे मदद की दरकार है, तो कृपया अपने नज़दीकी मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ के पास जाएं) | |
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं