फ्लाईदुबई की उड़ान में भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार पर हमले और विमान को हाईजैक या क्रैश करने की कोशिश के मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने FIR दर्ज कर ली है. NIA ने इस मामले में एंटी-हाइजैकिंग एक्ट और UAPA की गंभीर धाराएं लगाई हैं. एजेंसी का कहना है कि यह मामला अंतरराष्ट्रीय नागरिक उड्डयन सुरक्षा से जुड़ा है.इसमें भारतीय नागरिक और भारतीय पायलट प्रभावित हुए हैं.
NIA ने किन धाराओं में दर्ज किया मामला?
NIA ने 9 अक्टूबर 2026 को इस मामले को RC-34/2026/NIA/DLI के रूप में दर्ज किया है. इसमें एंटी-हाइजैकिंग एक्ट--2016 की धारा 3, UAPA की धारा 15(1)(a) और UAPA की धारा 16 के तहत मामला दर्ज किया गया है.
क्या है पूरा मामला?
बीते 30 सितंबर को फ्लाईदुबई की फ्लाइट संख्या FZ-1073 दुबई से सुबह 7:05 बजे रवाना हुई थी. विमान में 174 यात्री और 6 क्रू सदस्य सवार थे. विमान को भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार और एक ओमानी फर्स्ट ऑफिसर उड़ा रहे थे. जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 9:21 बजे जॉर्डन-सऊदी अरब सीमा के पास विमान अचानक नीचे की ओर जाने लगा और फिर वापस सऊदी हवाई क्षेत्र की ओर मुड़ गया.
पायलट पर चाकू से हमला
यात्रियों और क्रू के बयानों के अनुसार, फर्स्ट ऑफिसर ने कथित तौर पर विमान को हाईजैक या क्रैश करने की कोशिश के दौरान कैप्टन स्मित मच्छार पर चाकू से हमला कर दिया. हमले में कैप्टन मच्छार के सिर पर और हाथों पर गहरे घाव आए. स्थिति बिगड़ने पर यात्रियों और क्रू मेंबर्स ने मिलकर आरोपी फर्स्ट ऑफिसर को काबू कर लिया.
दूसरे पायलटों ने बचाई फ्लाइट
फ्लाईदुबई के अन्य पायलटों ने विमान का कंट्रोल संभाला और सुबह 10:45 बजे सऊदी अरब के ताबुक स्थित प्रिंस सुल्तान बिन अब्दुलअज़ीज़ एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग कराई. इसके बाद सऊदी अधिकारियों ने आरोपी फर्स्ट ऑफिसर को हिरासत में ले लिया.
NIA को क्यों सौंपी गई जांच?
केंद्र सरकार ने इस घटना को हाईजैकिंग या विमान को क्रैश करने की संभावित कोशिश के रूप में देखा है. सरकार का मानना है कि यह मामला अंतरराष्ट्रीय नागरिक उड्डयन सुरक्षा से जुड़ा है. इसमें भारतीय नागरिक और भारतीय पायलट प्रभावित हुए हैं. घटना के राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा पर असर पड़ सकते हैं. इस वजह से ही मामले की जांच NIA को सौंपी गई है.
यह भी पढ़ें: Flydubai हाईजैक साजिशः घायल पायलट की पत्नी से PM मोदी ने की बात, सऊदी में चल रहा इलाज- बड़े अपडेट्स
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं