विज्ञापन
This Article is From Sep 29, 2013

दिल्ली की मुख्यमंत्री जवाबदेही लेने को तैयार नहीं : मोदी

दिल्ली की मुख्यमंत्री जवाबदेही लेने को तैयार नहीं : मोदी
दिल्ली की रैली में नरेंद्र मोदी
नई दिल्ली: दिल्ली में शीला दीक्षित के नेतृत्व वाली प्रदेश सरकार पर देश की प्रतिष्ठा को धूमिल करने का आरोप लगाते हुए नरेंद्र मोदी ने आज कहा कि राष्ट्रमंडल खेल, निर्भया बलात्कार मामला, सड़कों की स्थिति समेत किसी भी मामले में दिल्ली की मुख्यमंत्री जवाबदेही लेने को तैयार नहीं है और दूसरों पर दोष डाल देती हैं।

दिल्ली के रोहिणी में जापानी पार्क में विशाल रैली को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा, दिल्ली प्रदेश की मुख्यमंत्री सबसे सुखी हैं। सुबह शाम उन्हें रिबन काटने के अलावा कोई काम नहीं है। न कृषि के विषय पर चिंता, न पशुपालन, न सिंचाई, न ही मछुआरों की समस्या। उन्होंने कहा, दिल्ली में कहीं सड़कों पर गढ्ढे हैं तब वह (दिल्ली की मुख्यमंत्री) नगरपालिका पर आरोप लगा देती हैं। अगर कानून व्यवस्था की समस्या है तब केंद्र पर दोष डाल देती है। वह जिम्मदारी नहीं लेती हैं और दोष उपर या नीचे डाल देती हैं।

शीला दीक्षित पर निशाना साधते हुए मोदी ने कहा कि भारत राष्ट्रमंडल खेल का उपयोग देश को एक मजबूत राष्ट्र के रूप में पेश करने में नहीं कर सका।

उन्होंने कहा, राष्ट्रमंडल खेल घोटाला सिर्फ रुपये-पैसे का घोटाला नहीं है। इसमें न सिर्फ तिजोरी लूटी गई बल्कि हिन्दुस्तान की इज्जत और देश के भविष्य की लूट हुई। भारत की खेल भावना की लूट हुई। भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार ने कहा, दुनिया में कोरिया, चीन और अन्य देश खेल प्रतियोगिता का उपयोग देश की ब्रांडिंग के लिए करते हैं। हमें अच्छा अवसर मिला था जिसे कुप्रबंधन के कारण गंवा दिया गया। निर्भया बलात्कार मामले का जिक्र करते हुए मोदी ने कहा कि दिल्ली की मुख्यमंत्री कहती हैं कि वह एक मां है और फिर लड़कियों को जल्दी घर लौटने को कहती है। क्या मुख्यमंत्री के रूप में उनकी कोई जवाबदेही नहीं बनती है। मोदी ने देश की राजधानी में बिजली की कमी के लिए प्रदेश सरकार की आलोचना की।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
नरेंद्र मोदी, दिल्ली में रैली, बीजेपी की रैली, भाजपा की रैली, शीला दीक्षित, पीएम पद उम्मीदवार, Narendra Modi, Sheila Dikshit, Rally In Delhi, BJP Rally, PM Post
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com