विज्ञापन
This Article is From Oct 24, 2015

देश के 13 राज्यों में 6,000 से अधिक छापों में 75,000 टन दाल जब्त

देश के 13 राज्यों में 6,000 से अधिक छापों में 75,000 टन दाल जब्त
प्रतीकात्मक फोटो
मुंबई: देश भर में दाल के जमाखोरों पर छापे मारने का सिलसिला शुरू हो गया है। शुक्रवार तक 74,846 मीट्रिक टन से ज्यादा दाल जब्त हो चुकी है, जिसमें आधे से भी ज्यादा यानी लगभग 46, 397 मीट्रिक टन दाल महाराष्ट्र में जब्त हुई है। हालांकि इस जब्ती का बहुत ज्यादा असर खुदरा बाजार पर नहीं दिख रहा है।

छापे के बाद चोरी-छिपे माल निकाला
नवी मुंबई में स्थित तुर्भे एमआईडीसी के एक गोदाम पर गुरुवार को छापा पड़ा और लगभग 47 करोड़ रुपये की दाल जब्त हुई, लेकिन रात में यहां चोरी छिपे कई ट्रकों से माल निकाल लिया गया। सवाल है कि जब्ती के आंकड़ों की बाजीगरी के बीच कहीं ऐसा खेल देशभर में तो नहीं हो रहा? मामले की जांच में जुटे अधिकारियों का कहना है कि राशनिंग अधिकारियों ने माल जब्त करने के बाद गोदाम को सील नहीं किया।

देश में छह हजार स्थानों पर छापे मारे गए
बहरहाल 24 अक्तूबर तक देश भर में कुल 6077 रेड डालकर 74,846  मीट्रिक टन दाल जब्त की गई है। इसमें से अकेले महाराष्ट्र में 46,397  मीट्रिक टन दाल जब्त हुई है। इसके बाद नंबर है कर्नाटक का जहां 8755 मीट्रिक टन दाल जब्त हुई है। पिछले कुछ अरसे में खुदरा बाजार में दाल की कीमत गिरी भी है। एशिया की सबसे बड़ी थोक मंडी वाशी स्थित एपीएमसी मंडी में दाल के थोक कारोबारियों का आरोप है कि प्रशासन चुनकर सिर्फ छोटे कारोबारियों पर हाथ डाल रहा है। उनकी मांग है कि अनाज में वायदा बाजार बंद होना चाहिए।

दाल के दाम जल्द कम होने की उम्मीद नहीं
थोक बाजार में दाल 160-165 रुपये प्रति किलो तक बिक रहा है, लेकिन खुदरा बाजार में यह अभी भी 200 के आसपास ही बना हुआ है। सरकार जमाखोरों पर कार्रवाई तो कर रही है, लेकिन सील किया गया दाल का स्टॉक तब तक अटका रहेगा, जब तक इसकी कानूनी प्रक्रिया पूरी न हो जाए। यानी इससे खुले बाजार में दाल की आपूर्ति प्रभावित होगी और जिस तेजी से दाल के दाम गिरने की उम्मीद है शायद वह मुमकिन न हो।
लेखक के बारे में
img
Anurag Dwary
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
दाल की कालाबाजारी, जमाखोरों पर कार्रवाई, छापे, महाराष्ट्र, 50 हजार मीट्रिक टन जब्त, Pulses, Black Marketing, Raid, Maharashtra
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com