- ठाणे के मुंब्रा इलाके में एक महिला ने अपने प्रेमी की हत्या करने के लिए पति, भाई और दोस्त के साथ साजिश रची.
- पीड़ित अरबाज मकसूद अली खान घर से काम के बहाने निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा, जिससे गुमशुदगी दर्ज कराई गई.
- पुलिस ने कॉल रिकॉर्ड और लोकेशन डेटा के आधार पर मेहजबीन शेख को हिरासत में लेकर पूछताछ की.
मेरठ के 'ब्लू ड्रम कांड' की खौफनाक यादें अभी धुंधली भी नहीं पड़ी थीं कि वैसी ही रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात अब ठाणे से सामने आई ह. मेरठ में जिस तरह मुस्कान ने अपने पति की हत्या कर शव के 15 टुकड़े किए और उन्हें ड्रम में छिपा दिया था, ठीक उसी तर्ज पर ठाणे में भी एक क्रूर हत्याकांड को अंजाम दिया गया है. ठाणे के मुंब्रा इलाके में एक महिला ने अपने प्रेमी की हत्या करने के लिए अपने पति, भाई और उसके दोस्त के साथ मिलकर साजिश रची. बताया जा रहा है कि पीड़ित अरबाज मकसूद अली खान घर से काम के सिलसिले में बाहर गया था, लेकिन वापस नहीं लौटा. इसके बाद परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस जांच में पूरे मामले का खुलासा हुआ.
अरबाज मकसूद अली खान 3 अप्रैल को घर से काम के बहाने दादर जाने की बात कहकर निकले थे, लेकिन उसके बाद वह कभी वापस नहीं लौटे. काफी तलाश के बाद जब उनका कोई सुराग नहीं मिला, तो उनके पिता ने मुंब्रा पुलिस स्टेशन में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की.
जांच के दौरान पुलिस ने कॉल रिकॉर्ड और लोकेशन डेटा खंगाला, जिसमें आखिरी लोकेशन वसई इलाके में मिली. इसी दौरान अरबाज की प्रेमिका मेहजबीन शेख का फोन भी उसी इलाके में सक्रिय पाया गया, जिससे उस पर शक गहराया. पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें शुरू में उसने कुछ भी बताने से इनकार किया, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने पूरा राज खोल दिया.
पूछताछ में मेहजबीन ने कबूल किया कि उसने अपने पति, भाई और एक साथी के साथ मिलकर अरबाज की हत्या की. दरअसल, आरोपी उससे पैसे वसूलना चाहते थे, लेकिन जब उनकी कोशिश नाकाम रही तो उन्होंने अरबाज के हाथ बांधकर प्लास्टिक पाइप से पीटा और फिर उसकी हत्या कर दी. इसके बाद सबूत मिटाने के लिए शव को एक हरे रंग के ड्रम में भरकर मुंब्रा के एक नाले में फेंक दिया गया.
पुलिस ने इस मामले में मेहजबीन और उसके भाई तारिक शेख को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका पति हसन और एक अन्य आरोपी अभी फरार हैं. पुलिस ने हत्या और आपराधिक साजिश के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच तेज कर दी है.
ये भी पढ़ें : भोजशाला मंदिर घोषित: सुप्रीम कोर्ट में हिंदू पक्ष की 'कैविएट', कहा- बिना हमें सुने न आए कोई आदेश
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं