विज्ञापन
This Article is From Dec 30, 2015

महाराष्ट्र विधान परिषद चुनाव : सभी प्रमुख दल अपनी ताकत बरकरार रखने में सफल

महाराष्ट्र विधान परिषद चुनाव :  सभी प्रमुख दल अपनी ताकत बरकरार रखने में सफल
प्रतीकात्मक फोटो
मुंबई: सात स्थानीय निकाय चुनाव क्षेत्रों में हुए हालिया दौर के चुनावों के बाद प्रमुख राजनीतिक पार्टियां महाराष्ट्र विधान परिषद में अपनी-अपनी ताकत बरकरार रखने में कामयाब रही हैं। इन चुनावों के नतीजे बुधवार को घोषित किए गए। कांग्रेस ने तीन, शिवसेना ने दो जबकि एनसीपी, भाजपा और निर्दलीय ने एक-एक सीट पर जीत हासिल करने में कामयाबी पाई।

15 उम्मीदवार थे चुनाव मैदान में  
महाराष्ट्र विधान परिषद के साथ स्थानीय निकाय चुनाव क्षेत्रों के रविवार को चुनाव कराए गए। इसमें 15 उम्मीदवार चुनाव मैदान में थे। मुंबई की तीन सीटों के लिए चुनाव हुए जिसमें कांग्रेस को एक पर जीत मिली। इसके अलावा, पार्टी धुले-नंदूरबार और कोल्हापुर में जीत हासिल करने में सफल रही। शिवसेना को मुंबई और अकोला-वाशिम-बुलढाना में एक-एक सीट पर जीत मिली। भाजपा को नागपुर सीट पर जीत हासिल हुई।

रामदास कदम जीते
शिवसेना के रामदास कदम को 8,600 वोट जबकि कांग्रेस के अशोक उर्फ भाई जगताप को 6,400 वोट हासिल हुए। उन्होंने मुंबई की दो अलग-अलग सीटों पर जीत हासिल की। जगताप को एनसीपी के पूर्व नेता और निर्दलीय उम्मीदवार प्रसाद लाड से कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ रहा था।

मुंबई में 230 में से 201 पार्षदों ने डाले वोट
230 सदस्यों वाले मुंबई नगर निगम में शिवसेना और भाजपा के कुल 119 निगम पार्षद हैं। 27 दिसंबर को हुए चुनाव में असल में सिर्फ 201 पार्षदों ने अपने वोट डाले। अन्य पार्षद वोटिंग से दूर रहे। नागपुर में भाजपा के गिरीश व्यास को निर्विरोध विजयी घोषित किया गया, क्योंकि उनके खिलाफ कोई प्रतिद्वंद्वी चुनाव मैदान में नहीं था।

धुले-नंदूरबार में कांग्रेस ने बचा ली सीट
धुले-नंदूरबार में कांग्रेस के मौजूदा विधान पार्षद अमरीशभाई पटेल ने 352 वोट हासिल कर अपनी सीट बचा ली। उन्हें भाजपा के डॉ शक्तिसिंह वानी से कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ा। कोल्हापुर में पूर्व मंत्री और कांग्रेस के आधिकारिक उम्मीदवार सतेज पाटिल को जीत हासिल हुई। उन्होंने मौजूदा विधान पार्षद और पार्टी से बगावत करने वाले महादेवराव महादिक को मात दी। पाटिल को 220 वोट मिले।

अहमदनगर में एनसीपी को मिली कामयाबी
अहमदनगर में मौजूदा एनसीपी विधान पार्षद अरुण जगताप ने 243 वोटों के साथ जीत हासिल की। अकोला-वाशिम-बुलढाना में शिवसेना के मौजूदा विधान पार्षद गोपीकिशन बाजोरिया ने एनसीपी के रवींद्र सकपाल को मात दी। सोलापुर में निर्दलीय उम्मीदवार प्रशांत परिचारक, जिन्हें भाजपा का समर्थन प्राप्त था, ने जीत हासिल की। इन चुनावों में 2,622 नगर निकाय पार्षदों में से 2,585 ने अपने वोट डाले।
डार्क मोड/लाइट मोड पर जाएं
Previous Article
PM मोदी जन्मदिन विशेष: जब नरेंद्र मोदी ने मां से नजदीकियों और अपने बचपन को याद कर सबको कर दिया था भावुक
महाराष्ट्र विधान परिषद चुनाव :  सभी प्रमुख दल अपनी ताकत बरकरार रखने में सफल
"तरंग शक्ति" मित्र देशों के बीच सहयोग और आपसी विश्वास बनाने का एक माध्यम : राजनाथ सिंह
Next Article
"तरंग शक्ति" मित्र देशों के बीच सहयोग और आपसी विश्वास बनाने का एक माध्यम : राजनाथ सिंह
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com