Lucknow Metro Expansion Latest Update: लखनऊ मेट्रो का विस्तार अब उसके आसपास के जिलों बाराबंकी, उन्नाव, मोहनलाल गंज तक होगा. दिल्ली मेट्रो जिस तरह नोएडा, गाजियाबाद से लेकर गुरुग्राम तक फैली है और एनसीआर में मेट्रो कनेक्टिविटी को रफ्तार दे रही है, उसी तरह लखनऊ मेट्रो काम करेगी. उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (UPMRC) ने 10 नए रूट वाला मेगा मेट्रो प्रोजेक्ट का प्लान तैयार किया है. यूपी सरकार की योजना लखनऊ स्टेट कैपिटल रीजन में आने वाले 6 जिलों तक ट्रांसपोर्ट सिस्टम को मजबूत ग्रिड बना रही है. लखनऊ मेट्रो के मेगा प्रोजेक्ट के तहत 150 से 170 किलोमीटर का नया नेटवर्क जोड़ा जाएगा. इसमें से करीब 150 किलोमीटर एलिवेटेड सेक्शन होगा और करीब 20 किमी अंडरग्राउंड मेट्रो ट्रैक होगा. एलिवेटेड रूट होने से परियोजना को आगे बढ़ाने में ज्यादा दिक्कत नहीं आएगी.
लखनऊ मेट्रो का महाविस्तार
लखनऊ मेट्रो विस्तार प्रोजेक्ट में करीब 30 हजार करोड़ रुपये की लागत आने का अनुमान है. ये अगले 10 साल में पूरा किया जाएगा. सभी नए मेट्रो स्टेशनों पर ई-साइकिल, ई-बाइक और मल्टीलेवल पार्किंग की सुविधा भी होगी. मुख्यमंत्री कार्यालय और मुख्य सचिव स्तर पर लखनऊ मेट्रो रूट को सैद्धांतिक मंजूरी मिलने के बाद उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल निगम (UPMRC) चरणबद्ध तरीके से इनकी डीपीआर और फंडिंग मॉडल तैयार करने में जुटी है. इसमें सबसे पहले चारबाग-वसंत कुंज ईस्ट-वेस्ट कॉरिडोर और पीजीआई, अयोध्या रोड वाले सबसे ज्यादा व्यस्त रूट पर काम तेजी से आगे बढ़ेगा.
नए मेट्रो कॉरिडोर का प्लान
1. ईस्ट-वेस्ट कॉरिडोर (चारबाग से वसंत कुंज)
लखनऊ मेट्रो के ईस्ट-वेस्ट कॉरिडोर रूट की लंबाई 11.16 किमी है. लखनऊ मेट्रो का फेज-1B प्रोजेक्ट सबसे अहम है. केंद्रीय आवास एवं शहरी मामलों के मंत्रालय और यूपी कैबिनेट से अंतिम मंजूरी मिल चुकी है. इसमें 7 भूमिगत और 5 एलिवेटेड मेट्रो स्टेशन होंगे. यह पुराने लखनऊ के बेहद भीड़भाड़ वाले इलाकों जैसे अमीनाबाद, चौक को जोड़ेगा.
2. राजाजीपुरम से आईआईएम (IIM)
राजाजीपुरम से आईआईएम मेट्रो रूट की लंबाई लगभग 18 किमी है. यह मेट्रो रूट राजाजीपुरम की घनी आबादी वाले को सीधे आईआईएम लखनऊ रोड और आसपास के नए विकसित हो रहे एजुकेशन हब से कनेक्ट करेगा.
3. चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट से कल्ली वेस्ट
लखनऊ के चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट से कल्ली वेस्ट मेट्रो रूट की लंबाई 15.5 किमी होगी. लखनऊ एयरपोर्ट से अमौसी होते हुए यह लाइन कल्ली पश्चिम तक जाएगी. इससे दक्षिण लखनऊ और सुल्तानपुर रोड के बड़े हिस्से को सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी.
4. इंदिरा नगर से सीजी सिटी (CG City)
इंदिरा नगर से सीजी सिटी यानी चक्र गजरिया सिटी मेट्रो की लंबाई 11.5 किमी है. ट्रांस गोमती क्षेत्र इंदिरा नगर के मेट्रो यात्रियों को सीधे शहीद पथ और आईटी सिटी, सीजी सिटी (कई बड़े कॉर्पोरेट और सरकारी इमारतें और संस्थान हैं) से जोड़ने वाला यह एक बेहद महत्वपूर्ण लिंक होगा.
5. सीजी सिटी से एसजीपीजीआई (SGPGI)
सीजी सिटी से एसजीपीजीआई मेट्रो रूट की लंबाई 9.8 किमी है. ये रूट इलाज के लिए लखनऊ आने वाले यात्रियों के लिए गेम-चेंजर साबित होगा। यह सीजी सिटी और शहीद पथ को सीधे पीजीआई अस्पताल से जोड़ेगा, जिससे मरीजों और डॉक्टरों को बड़ी राहत मिलेगी।
6. वसंत कुंज से कल्ली पश्चिम
वसंत कुंज से कल्ली पश्चिम का मेट्रो रूट लखनऊ का सबसे लंबा कॉरिडोर होगा. इसकी लंबाई 34.8 किमी होगी. इस पूरे महाविस्तार प्लान का सबसे लंबा रूट है. यह लखनऊ वेस्ट के वसंत कुंज को आउटर रिंग रोड और रायबरेली रोड के पास स्थित कल्ली पश्चिम से जोड़ेगा.इसके पास में बड़ी स्मार्ट टाउनशिप भी बसाई जाएगी.
ये भी पढ़ें - Lucknow Metro का मेगा प्लान: 10 नए कॉरिडोर, 150 KM ट्रैक… अब सफर में रोज बचेंगे 2 घंटे
7. अनौरा कला से बाराबंकी
अनौरा कला से बाराबंकी मेट्रो रूट की लंबाई 14.43 किमी है. इससे लखनऊ मेट्रो सैटेलाइट टाउन तक पहुंच बना लेगी. अयोध्या रोड पर अनौरा कला से आगे बढ़ते हुए यह लाइन सीधे पड़ोसी जिले बाराबंकी तक जाएगी. इससे रोजाना अप डाउन करने वाले लाखों लोगों को फायदा होगा.
8. मुंशीपुलिया से जानकीपुरम
मुंशीपुलिया से जानकीपुरम मेट्रो रूट की लंबाई 6.5 किमी होगी. लखनऊ मेट्रो के रेड लाइन के आखिरी स्टेशन मुंशीपुलिया को आगे बढ़ाते हुए सीधे जानकीपुरम और विस्तार क्षेत्र से जोड़ा जाएगा. इससे इंजीनियरिंग कॉलेज और एकेटीयू (AKTU) की तरफ जाने वाले छात्रों को काफी मदद मिलेगी.
9. इंदिरा नगर से अनौरा कला
इंदिरा नगर से अनौरा कला मेट्रो रूट की लंबाई 9.6 किमी की रहेगी. यह रूट फैजाबाद रोड यानी अयोध्या रोड पर तेजी से बढ़ रही आबादी और BBD यूनिवर्सिटी जैसे बड़े एजुकेशनल इंस्टीट्यूट संस्थानों को मुख्य शहर की मेट्रो से जोड़ेगा.
ये भी पढ़ें - Lucknow Metro: चारबाग-अमीनाबाद से ठाकुरगंज-वसंतकुंज तक, लखनऊ मेट्रो का 12 स्टेशनों वाला नया रूट, यूपी सरकार की मुहर लगी
10. राजाजीपुरम से मूसाबाग, वसंत कुंज से आईआईएम
राजाजीपुरम से मूसाबाग मेट्रो रूट की लंबाई क्रमशः 5.98 किमी और वसंत कुंज से आईआईएम मेट्रो रूट की लंबाई 12 किमी है. वेस्टर्न ग्रिड को मजबूत करने के लिए राजाजीपुरम से मूसाबाग (हरदोई रोड) और वसंत कुंज से आईआईएम को जोड़ने वाले इंटर-कनेक्टिंग लूप तैयार किए जा रहे हैं, ताकि शहर के पश्चिमी छोर पर भी एक मजबूत ट्रैफिक ग्रिड बन सके.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं