विज्ञापन
22 days ago

LIVE: पीएम नरेंद्र मोदी ने आज कोलकाला में एक चुनावी रैली को संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने बंगाल की टीएमसी सरकार पर जमकर निशाना साधा. इधर अमेरिका-इजरायल और ईरान युद्ध के 15वें दिन डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि अमेरिकी सेना ने ईरान के रणनीतिक खारग द्वीप पर सैन्य ठिकानों को पूरी तरह नष्ट कर दिया है.  इस वैश्विक उथल-पुथल का असर आपकी जेब पर भी पड़ने लगा है, क्योंकि अब अकासा एयर ने भी ईंधन की बढ़ती कीमतों के चलते फ्यूल सरचार्ज लागू कर दिया है. राहत की बात केवल मौसम से है, जहां उत्तर भारत में ठंडी हवाओं और बादलों ने दस्तक दी है और अगले 24 घंटों में दिल्ली-यूपी समेत कई मैदानी राज्यों में बारिश की संभावना है. देश-दुनिया की बड़ी खबरों को जानने के लिए बने रहिए एनडीटीवी के साथ.

ये भी पढ़ें- बादल आए और बारिश का अलर्ट, दिल्ली से यूपी तक बदला मौसम, पहाड़ों में भी बरसात-बर्फबारी के आसार

ये भी पढ़ें- जिस रूसी तेल के कारण भारत समेत कई देशों पर लगाया टैरिफ, अब उसी पर क्यों फिसल गए ट्रंप

ALL LIVE UPDATES ...

कोलकाता में TMC और बीजेपी कार्यकर्ताओं के बीच झड़प, मंत्री के घर पर पथराव

कोलकाता में शनिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की रैली से करीब आधा घंटा पहले टीएमसी और BJP के समर्थकों के बीच झड़प हुई, जिसमें एक पुलिस अधिकारी और भाजपा के एक नेता घायल हो गए. झड़प के बीच, यह आरोप भी सामने आया कि गिरीश पार्क इलाके में पश्चिम बंगाल की मंत्री शशि पांजा के आवास पर पथराव किया गया. इस संबंध में एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि झड़प में शामिल होने के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है और अन्य लोगों को पकड़ने के लिए छापेमारी जारी है.

जम्मू-कश्मीर पुलिस ने फारुख अब्दुल्ला फायरिंग मामले में गठित की SIT

जम्मू-कश्मीर पुलिस ने नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला पर हुई गोलीबारी के मामले की जांच के लिए DIG की देखरेख में एक SIT का गठन किया है.

असम चुनाव के लिए कांग्रेस ने जारी की उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट

असम विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट जारी की. दूसरी लिस्ट में 23 सीटों पर उम्मीदवारों का ऐलान किया गया है. इससे पहले कांग्रेस 42 सीटों पर उम्मीदवार घोषित कर चुकी है. कांग्रेस ने अब तक 65 सीटों पर उम्मीदवार उतारे हैं. कांग्रेस ने सहयोगी दलों के लिए 15 सीटें छोड़ी हैं.

बिहार में राज्यसभा चुनाव को लेकर मंथन का दौर जारी, उपेंद्र कुशवाहा के आवास पर जुटे एनडीए विधायक

बिहार में राज्यसभा की पांच सीटों के लिए 16 मार्च को होने वाले मतदान को लेकर शनिवार को एनडीए में मंथन का दौर जारी रहा. शनिवार को भाजपा की कोर कमिटी की बैठक आयोजित की गई, तो लोजपा (रामविलास) के प्रदेश कार्यालय में विधायक दल की बैठक हुई.

इसके बाद शाम को राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा के आवास पर एनडीए विधायकों की बैठक हुई. इस दौरान राज्यसभा चुनाव को लेकर मंथन हुआ. कुशवाहा के आवास पर भोज का भी आयोजन किया गया.

दिल्ली पुलिस ने कपिल सांगवान गैंग के गुर्गे को किया गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस ने कपिल सांगवान गैंग के एक गुर्गे को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले आरोपी को पकड़ा. पुलिस के मुताबिक, आरोपी लकी उर्फ ​​भवानी दिल्ली के बिजवासन इलाके में दर्ज फायरिंग के एक केस में फरार था और द्वारका कोर्ट ने उसके खिलाफ नॉन-बेलेबल वारंट और प्रोक्लेमेशन प्रोसिडिंग्स जारी की थीं.

दिल्ली-NCR में मौजूदा गैस सप्लाई पर IGL का बयान

दिल्ली-एनसीआर में मौजूदा गैस सप्लाई पर इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (IGL) का बयान सामने आया है. IGL ने कहा है कि अस्पतालों और अन्य जरूरी सेवा संस्थानों को PNG की सप्लाई स्थिर और बिना किसी रुकावट के जारी है. हमारी टीमें लगातार स्थिति पर नजर रख रही हैं और सभी प्राथमिकता वाले ग्राहकों को बिना किसी रुकावट के सप्लाई बनाए रखने के लिए अपस्ट्रीम सप्लायरों के साथ मिलकर काम कर रही हैं.

होर्मुज खोलने के लिए अमेरिका अन्य देशों के साथ मिलकर भेजेगा सेना, राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा

US के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, 'कई देश, खासकर वे जो ईरान द्वारा होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद करने की कोशिश से प्रभावित हैं, अमेरिका के साथ मिलकर इस जलडमरूमध्य को खुला और सुरक्षित रखने के लिए युद्धपोत भेजेंगे. हमने ईरान की 100% सैन्य क्षमता को पहले ही खत्म कर दिया है, लेकिन ईरान ड्रोन छोटा मोटा और मिसाइल अटैक कर सकता है, भले ही वे कितनी भी बुरी तरह हार गए हों. उम्मीद है कि चीन, फ्रांस, जापान, दक्षिण कोरिया, UK और अन्य देश इस इलाके में अपने जहाज भेजेंगे ताकि होर्मुज जलडमरूमध्य अब उस देश से कोई खतरा न रहे जिसकी सैन्य शक्ति पूरी तरह से खत्म हो चुकी है. अमेरिका तटरेखा पर जोरदार बमबारी करेगा और लगातार ईरानी नावों और जहाजों को पानी में ही नष्ट करता रहेगा. किसी भी तरह से हम जल्द ही होर्मुज जलडमरूमध्य को खोल देंगे.

इजरायल से बातचीत कर सकता है लेबनान

लेबनान, इजराइल के साथ बातचीत के लिए प्रतिनिधिमंडल बनाने पर विचार-विमर्श कर रहा है. एक आधिकारिक सूत्र ने अल जजीरा अरबी को बताया कि इजराइल के साथ बातचीत के लिए एक प्रतिनिधिमंडल बनाने के लिए लेबनान में उच्च-स्तरीय विचार-विमर्श चल रहा है.

सूत्र ने बताया कि इस प्रतिनिधिमंडल के राजदूत-स्तर पर गठित होने की उम्मीद है, ताकि किसी भी संभावित बातचीत की तैयारी की जा सके. इस बातचीत के लिए संभावित स्थान साइप्रस हो सकता है, हालांकि लेबनान किसी भी यूरोपीय राजधानी में बातचीत करने के लिए तैयार है.

सूत्र ने आगे बताया कि राष्ट्रपति कार्यालय इस बात को सुनिश्चित करने के लिए काम कर रहा है कि प्रतिनिधिमंडल में लेबनान के सभी गुटों का प्रतिनिधित्व हो, लेकिन संसद के स्पीकर नबीह बेरी ने एक शिया प्रतिनिधि की भागीदारी को मंजूरी नहीं दी है.

ईरान ने UAE के लोगों को अबू धाबी और दुबई के पोर्ट के आसपास से जाने की चेतावनी दी

ईरान की समाचार एजेंसी 'तसनीम' ने UAE में रहने वाले लोगों को चेतावनी दी है कि वे दुबई में जेबेल अली बंदरगाह, अबू धाबी में खलीफा बंदरगाह और फुजैरा बंदरगाह के आस-पास के इलाकों को तुरंत खाली कर दें. एजेंसी ने बताया, आने वाले कुछ घंटों में इन इलाकों को निशाना बनाया जाएगा.

मणिपुर के नोनी में बम विस्फोट में एक बच्चे की मौत, पिता घायल

मणिपुर के नोनी जिले में शनिवार को हुए बम विस्फोट में चार साल के एक बच्चे की मौत हो गई. पुलिस के अनुसार, यह घटना खौपुम के ताओलिंगपुंग गांव में उस समय हुई जब बच्चे का पिता अपने घर के बाहर झाड़ियां हटाने का काम कर रहा था. उस दौरान बच्चा भी उसके साथ था. झाड़ियां हटाने के दौरान वहां छिपाकर रखा गया बम फट गया. अधिकारियों ने बताया कि इस घटना में बच्चे की मौत हो गई और 40 वर्षीय उसका पिता घायल हो गया, जिसे इंफाल के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है.पुलिस ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और बम के स्रोत का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है.

भारत आ रहे दो टैंकरों ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पार किया

भारत के शिपिंग मंत्रालय ने बताया कि LPG ले जा रहे भारत के झंडे वाले दो टैंकर स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से सुरक्षित रूप से गुजर गए हैं. मध्य-पूर्व युद्ध के कारण बाधित इस महत्वपूर्ण नौसैनिक मार्ग में यह एक दुर्लभ अपवाद है. भारत के बंदरगाह, शिपिंग और जलमार्ग मंत्रालय के विशेष सचिव राजेश कुमार सिन्हा ने शनिवार को नई दिल्ली में एक प्रेस ब्रीफिंग में पत्रकारों को बताया, 'उन्होंने शनिवार सुबह स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को सुरक्षित रूप से पार कर लिया और अब वे भारत की ओर बढ़ रहे हैं.' लगभग 92,700 मीट्रिक टन LPG ले जा रहे टैंकर "शिवालिक" और "नंदा देवी" के अगले कुछ दिनों में पहुंचने की उम्मीद है.

दिल्ली को जलभराव से मिलेगी मुक्ति, सीएम रेखा गुप्ता ने ड्रेनेज रीमॉडलिंग की शुरुआत की

 दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को शालीमार बाग विधानसभा क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया. उन्होंने क्षेत्र में चल रहे कार्यों का औचक निरीक्षण भी किया और अधिकारियों को गुणवत्ता व समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि इस काम से बरसात के समय जलभराव की समस्या कम होगी और सड़कों व आसपास का बुनियादी ढांचा भी मजबूत होगा.

सिंगर बादशाह को लारेंस बिश्नोई की धमकी

मशहूर सिंगर बादशाह को लारेंस बिश्नोई गैंग की तरफ से धमकी मिली है. लारेंस बिश्नोई गैंग ने सोशल मीडिया पोस्ट कर धमकी दी. इस पोस्ट में लिखा कि आज असंध रोड, पानीपत में वेस्टर्न यूनियन (हवाला कारोबार) से जुड़े गैरी और शैंकी के ऑफिस पर जो फायरिंग हुई है, उसकी जिम्मेदारी मैं रंदीप मलिक और अनिल पंडित (USA) लेता हूं. यह लोग हवाला के जरिए देश का पैसा विदेश भेजकर देश की अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचा रहे थे. हमने इन्हें पहले फोन करके चेतावनी भी दी थी, लेकिन इन्हें समझ नहीं आया। आज की घटना सिर्फ एक ट्रेलर है, पूरी पिक्चर अभी बाकी है. जो भी लोग हवाला का काम करते हैं, समय रहते सुधर जाएं, नहीं तो उनका अंजाम बहुत बुरा होगा.Ndtv इस पोस्ट की पुष्टि नहीं करता

ईरान की नौसेना का दावा: अबू धाबी और बहरीन में अमेरिकी सेना पर हमले किए

ईरानी मीडिया ने IRGC के नौसेना प्रमुख, एडमिरल अलीरेजा तंगसिरी के हवाले से कहा है कि ईरानी नौसेना बलों ने इस क्षेत्र में दो सैन्य ठिकानों पर मौजूद अमेरिकी सेना के खिलाफ कई हमले किए. उन्होंने इन ठिकानों के नाम अबू धाबी के अल-धफरा और बहरीन के शेख ईसा बताए. तंगसिरी ने दावा किया कि इन हमलों के लक्ष्यों में पैट्रियट रडार सिस्टम, विमान और विमानों के ईंधन भंडारण टैंक शामिल थे.

हमारे सभी नाविक सुरक्षित, दो जहाज भारत के लिए निकले

शिपिंग मंत्रालय के सचिव राजेश कुमार सिन्हा ने बताया कि पारस खाड़ी में सभी नाविक सुरक्षित हैं. 24 वेसल इस वक्त हरमुज के पास हैं. इसमें शिवालिक और नंदा जहाज हरमुज क्रॉस करके भारत की तरफ बढ़ रहे हैं. इसमें 92700 मीट्रिक एलपीजी है. ये 16-17 मार्च को मुंद्रा तट पर आएंगे. उन्होंने बताया कि होर्मुज जलडमरूमध्य में मौजूद 24 भारतीय मालवाहक जहाजों में से 2 पहले ही होर्मुज जलडमरूमध्य पार कर चुके हैं और भारत के रास्ते में हैं. ये दोनों जहाज 16 और 17 मार्च को कांडला और मुंद्रा पोर्ट पर पहुंचेंगे.

पुणे की एक हाउसिंग सोसाइटी की लिफ्ट के दरवाजे में फंसा नन्हीं बच्ची का हाथ

पुणे के पिंपरी-चिंचवड के दिघी इलाके में एक हाउसिंग सोसाइटी की लिफ्ट के दरवाजे में एक नन्हीं बच्ची का हाथ फंस गया. गनीमत रही कि कुछ मिनटों की कड़ी मशक्कत के बाद लिफ्ट में मौजूद लोगों ने किसी तरह बच्ची का हाथ सुरक्षित बाहर निकाल लिया. 

राज्यसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस की रिसोर्ट पॉलिटिक्स जारी

राज्यसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस की रिसोर्ट पॉलिटिक्स जारी है. पहले कांग्रेस ने ओडिशा के 14 विधायकों को भुवनेश्वर से बेंगलुरु भेजा. उसी तरह कांग्रेस ने हरियाणा के 37 में से 31 विधायकों को चंडीगढ़ से शिमला के पास कुफरी के द ट्वीन टावर्स में ठहराया है. इनकी मेजबानी मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू कर रहे हैं.

ईरान पड़ोसी देशों को न बनाए निशाना-हमास की अपील

हमास ने शनिवार को ईरान से पड़ोसी देशों को निशाना बनाने से परहेज करने का आह्वान किया, साथ ही इजरायल और अमेरिका के खिलाफ खुद की रक्षा करने के तेहरान के अधिकारों को लेकर भी आवाज उठाई.

कोलकाता में BJP और TMC कार्यकर्ताओं के बीच झड़प, फेंके गए पत्थर

पश्चिम बंगाल के कोलकाता के गिरीश पार्क इलाके में BJP और TMC कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई; पत्थर भी फेंके गए. 

आम आदमी पार्टी में नशे का कारोबार समाप्त करने का दम नहीं-अमित शाह

अमित शाह ने पंजाब के मोगा में कहा कि आम आदमी पार्टी में नशे का कारोबार समाप्त करने का दम नहीं है. कांग्रेस और अकाली तो पहले भी थे, वे भी नहीं रोक पाए. नशे का कारोबार सिर्फ भाजपा रोक सकती है. मैं आपसे वादा करता हूं आप फरवरी 2027 में आशीर्वाद दे दीजिए दो साल में हम नशे के कारोबार को मूल समेत उखाड़ फेंकेंगे.

पंजाब में नशे के साथ ही धर्म परिवर्तन को भी खत्म करेंगे-अमित शाह

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पंजाब के मोगा में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि आज पूरा पंजाब धर्म परिवर्तन से जूझ रहा है. आप एक बार भाजपा सरकार बनाइए, हम पहला बिल पंजाब में धर्म परिवर्तन पर प्रतिबंध लगाने का लाएंगे. कांग्रेस, AAP वोट बैंक की लालच में धर्म परिवर्तन को बढ़ावा देती है. हम पंजाब में नशा तो बंद करेंगे ही साथ ही धर्म परिवर्तन को भी समाप्त करेंगे. 

पाकिस्तान के एक सैन्य ठिकाने पर अफगानिस्तान ने किया हमला

अफगानिस्तानी रक्षा मंत्रालय ने दावा किया कि शुक्रवार को उनके एयरफोर्स ने इस्लामाबाद में पाकिस्तान के एक सैन्य ठिकाने पर हमला कर दिया.  

इंडिया, एयर इंडिया ने बढ़ाए टिकट के दाम

 देश की प्रमुख एयरलाइन्‍स में शामिल एयर इंडिया, एयर इंडिया एक्‍सप्रेस और इंडिगो ने फ्लाइट टिकट महंगे कर दिए हैं. वजह है- फ्लाइट का ईंधन यानी ATF का महंगा होना. तेल मार्केटिंग कंपनियों ने इस महीने ATF के दाम 5,500 रुपये तक बढ़ा दिए हैं और इसलिए दोनों प्रमुख एयरलाइन कंपनियों ने फ्लाइट टिकटों पर फ्यूल सरचार्ज (ईंधन अधिभार) लागू कर दिया है. इसके पीछे मुख्य वजह मिडिल ईस्ट संकट है.

एक व्यक्ति की सनक को पूरा विश्व भुगत रहा- जंग पर इमरान मसूद

ईरान-अमेरिका तनाव पर कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने कहा, "युद्ध कभी भी बेहतर नहीं होता. एक आदमी की सनक के कारण पूरा विश्व युद्ध की आग में झोंक दिया गया. उस व्यक्ति की सनक को पूरा विश्व भुगत रहा है. ईरान जो कुछ कर रहा है अपने बचाव में कर रहा है. कितने मासूम लोगों को नेतन्याहू ने मार दिया. उसे ईरान से मुंह तोड़ जवाब मिल रहा है. मैं अच्छा नहीं मानता कि लोग इजराइल में मर रहे हैं लेकिन शुरू किसने किया."

बेंगलुरु की गैस एजेंसी में अवैध रूप से जमा हो रहे थे LPG सिलेंडर

बेंगलुरु के चोक्कासंद्रा मेन रोड पर श्री विनायका गैस एजेंसी पर छापेमारी के दौरान बड़ी मात्रा में एलपीजी सिलेंडर अवैध रूप से जमा किए हुए पाए गए. जांच के दौरान, अधिकारियों ने पाया कि परिसर में लगभग 498 किलोग्राम एलपीजी अवैध रूप से जमा की गई थी.जबकि मालिक के पास गैस वितरण से संबंधित कोई वैध डीलरशिप दस्तावेज नहीं थे.

कांग्रेस ने बराक घाटी के विकास के लिए कुछ किया- पीएम मोदी

असम के सिलचर में कांग्रेस पर हमलावर पीएम मोदी ने कहा कि जब देश आजाद हुआ तो कांग्रेस ने ऐसी सीमा खींचने दी जिससे बराक घाटी का समुद्र से संपर्क ही हट गया, जो बराक घाटी कभी एक औद्योगिक केंद्र के रूप में जानी जाती थी उससे उसकी ताकत ही छीन ली गई. आजादी के बाद भी दशकों तक कांग्रेस की सरकारें रही लेकिन बराक घाटी के विकास के लिए कुछ खास नहीं हुआ. बीजेपी की डबल इंजन सरकार इस स्थिति को बदल रही है. 

कांग्रेस नॉर्थ ईस्ट को भूल चुकी थी, सिलचर में पीएम मोदी का हमला

पीएम मोदी ने असम के सिलचर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस ने नॉर्थ ईस्ट को दिल्ली और दिल से दूर रखा. कांग्रेस तो नॉर्थ ईस्ट को भल चुकी थी. उसने बराक घाटी की ताकत छीनी.

गैस टैंकरों वाले दो भारतीय जहाजों ने होर्मुज जलडमरूमध्य को किया पार

मिडिल ईस्ट संकट के बीच ईरान ने जिन भारतीय ध्वज वाले दो लिक्विफाइड पेट्रोलियम गैस के टैंकरों से भरे जहाजो को होर्मुज जलडमरूमध्य से सुरक्षित गुजरने को मंजूरी दी थी, वे अब इस रास्ते को पार कर चुके हैं और भारत की तरफ बढ़ रहे हैं. 

ईरान ने बगदाद में अमेरिकी दूतावास पर किया मिसाइल हमला

ईरान ने बगदाद में अमेरिकी दूतावास पर मिसाइल हमला किया है. इराकी सुरक्षा अधिकारियों ने बताया कि बगदाद में अमेरिकी दूतावास परिसर के अंदर हेलीपैड पर मिसाइल से हमला किया गया. दूतावास परिसर के ऊपर धुएं का गुबार उठता हुआ दिखाई दिया. 

कांशीराम को लेकर मायावती का राहुल गांधी पर हमला

मायावती का आरोप है कि कांग्रेस ने सालों तक सत्ता में रहने के बाद भी बाबा साहेब को कभी भी आदर-सम्मान नहीं दिया. न ही कांग्रेस ने उनको कभी 'भारतरत्न' की उपाधि से सम्मानित किया. अब कांग्रेस कैसे कांशीराम जी को इस उपाधि से सम्मानित कर सकती है. 

नोएडा की इमारत में 2 दिन बाद भी नहीं बुझी आग

उत्तर प्रदेश के नोएडा के सेक्टर 4 की एक कंपनी में 12 मार्च को लगी आग को बुझाने की कोशिश अब तक जारी है.  अभी भी बिल्डिंग धुंआ निकलता देखा जा रहा है. दमकल की गाड़ियां मौके पर मौजूद हैं. 

ईरान पूरी तरह से हार चुका, समझौता करना चाहता है-ट्रंप

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 'ट्रुथ सोशल' पर पोस्ट में लिखा कि ईरान पूरी तरह से हार चुका है और एक समझौता चाहता है, लेकिन ऐसा समझौता नहीं जिसे मैं स्वीकार करूं. 

हैदराबाद एयरपोर्ट पर सिंगापुर से लाए गए 70 ड्रोन जब्त

हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशल एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग ने बड़ा एक्शन लेते हुए सिंगापुर से आने वाले यात्रियों से 70 ड्रोन जब्त कर लिए. इन ड्रोन की कीमत 41 लाख रुपये से ज्यादा बताई जा रही है.

तेल अवीव में ईरानी मिसाइल हमलों में सरकारी इमारतें ध्वस्त

ईरान, इजरायल पर जवाबी हमले कर रहा है. तेल अवीव पर मिसाइल हमलों के बाद सरकारी इमारतों को जमकर  नुकसान पहुंचा है. वह नष्ट हो गईं हैं. 

US सैनिकों की जानकारी देने पर 114 हजार डॉलर का ईनाम देगा इराक

ट्रंप के ऐलान के बाद इराकी ‘इस्लामिक रेजिस्टेंस’ ने ऐलान किया है कि अमेरिकी सैनिकों की जानकारी देने पर वह 114 हजार डॉलर का ईनाम देगी.

ईरानी सुप्रीम लीडर की जानकारी देने वाले को 10 मिलियन डॉलर देगा अमेरिका

अमेरिका ने ईरानी सुप्रीम लीडर मुजतबा और अधिकारियों की जानकारी देने वालो को 10 मिलियन डॉलर का ईनाम देने का ऐलान किया है. 

इस्लामाबाद में हुई 'यौम-ए-कुद्स' रैली, इजरायल के खिलाफ लगे नारे

 पाकिस्तान के इस्लामाबाद में शुक्रवार को 'यौम-ए-कुद्स' रैली आयोजित की गई, जिसमें शामिल लोगों ने फ़िलिस्तीनी जनता के साथ एकजुटता व्यक्त की और इज़राइल के ख़िलाफ़ नारे लगाए. इस रैली में विभिन्न राजनीतिक और धार्मिक नेताओं के साथ-साथ बड़ी संख्या में आम लोगों ने भी हिस्सा लिया. 

जयपुर में सीएम भजनलाल का स्वच्छता अभियान

 राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने 'राजस्थान दिवस' समारोह के तहत आयोजित राज्य-स्तरीय स्वच्छता सप्ताह में भाग लिया. 

अमेरिकी सेना ने ईरान के मुख्य तेल केंद्र खार्ग द्वीप पर किया हमला

आज सुबह अमेरिकी हवाई हमलों में ईरान के मुख्य तेल केंद्र खार्ग द्वीप को निशाना बनाया गया, जिसकी वजह से 15 से अधिक विस्फोट हुए और इलाके से धुएं का गुबार उठने लगा. 

दिल्‍ली में आज कितना है पेट्रोल-डीजल का दाम?

आज 14 मार्च, 2026 को दिल्‍ली में पेट्रोल का भाव 94.77 रुपये/लीटर है, जो कि एक दिन पहले 13 मार्च (94.72 रुपये) की तुलना में 5 पैसे ज्‍यादा है. वहीं डीजल का भाव 87.67 रुपये/लीटर है और ये भी एक दिन पहले की तुलना में 5 पैसे ज्‍यादा है. 

ईरान ने दो भारतीय जहाजों को दी होर्मुज जलडमरूमध्य से सुरक्षित गुजरने की मंजूरी

मिडिल ईस्ट में जारी भारी तनाव के बीच  ईरान ने भारतीय ध्वज वाले दो लिक्विफाइड पेट्रोलियम गैस के टैंकरों से भरे जहाज को दुनिया के सबसे संवेदनशील समुद्री रास्ते, होर्मुज जलडमरूमध्य, से सुरक्षित गुजरने की आधिकारिक मंजूरी दे दी है.

ईरान के सबसे अहम ठिकाने पूरी तरह से तबाह- ट्रंप

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर पोस्ट करते हुए लिखा कि कुछ देर पहले मेरे निर्देश पर यूनाइटेड स्टेट्स सेंट्रल कमांड ने मध्य पूर्व के इतिहास में सबसे शक्तिशाली बमबारी हमलों में से एक को अंजाम दिया और ईरान के सबसे अहम ठिकाने, खर्ग द्वीप पर मौजूद हर सैन्य लक्ष्य को पूरी तरह से तबाह कर दिया. 

अबू धाबी से बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा एयरपोर्ट पहुंची भारतीयों की फ्लाइट

अबू धाबी से भारतीय यात्रियों को लेकर एक विशेष फ्लाइट बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचा. 

अबू धाबी से दिल्ली लाए गए वहां फंसे भारतीय नागरिक

अबू धाबी से एक विशेष फ्लाइट दिल्ली के IGI हवाई अड्डे पर पहुंची,  जो पश्चिम एशिया के हवाई क्षेत्र में जारी संकट के कारण वहां फंसे नागरिकों को वापस लाई है. 

दुबई से विशेष विमान भारतीयों को लेकर कोचीन एयरपोर्ट पहुंचा

 मिडिल ईस्ट में जल रही टेंशन की वजह से फंसे भारतीय नागरिकों को लेकर दुबई से एक विशेष विमान कोचीन एयरपोर्ट पहुंचा. 

ईरान-इजरायल जंग का आज 15वां दिन

ईरान-इजरायल और अमेरिका युद्ध का आज 15वां दिन है. जंग कम होने के बजाय बढ़ती जा रही है. जमकर ड्रोन और मिसाइलें दागी जा रही हैं. इतना ही नहीं जहाजों को भी निशाना बनाया जा रहा है.

असम विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस की दूसरी लिस्ट हो सकती है जारी

कांग्रेस केंद्रीय चुनाव समिति ने शुक्रवार को असम विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट पर मुहर लगाई थी, जो कि आज जारी हो सकती है.

पीएम मोदी का आज पश्चिम बंगाल दौरा

 पीएम मोदी शनिवार को पश्चिम बंगाल दौरे पर जाएंगे. वह राज्य को दें 18,680 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की शुरुआत करेंगे.

Track Latest News Live on NDTV.com and get news updates from India and around the world

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com