- दिव्या मित्तल 30 अगस्त को IAS से इस्तीफा दे चुकी हैं और वे अब वैष्णो देवी की यात्रा पर हैं
- दिव्या मित्तल ने सोशल मीडिया पर मां वैष्णो देवी के दर्शन के अनुभव को एक कविता के जरिए साझा किया है
- दिव्या मित्तल ने 13 वर्षों की सेवा के बाद अपने इस्तीफे को अपनी इच्छा और सोच-विचार के बाद लिया निर्णय बताया है
IAS से इस्तीफा देने के बाद उत्तर प्रदेश कैडर की पूर्व आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल इन दिनों माता वैष्णो देवी की यात्रा पर हैं. 12 सितंबर को दिव्या मित्तल ने अपनी यात्रा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए लिखा, "मां वैष्णो देवी के अलौकिक दर्शन का परम सौभाग्य प्राप्त हुआ."
वीडियो शेयर कर जताई भावनाएं, कविता के जरिए व्यक्त किया आभार
अपनी वैष्णो देवी यात्रा के वीडियो के कैप्शन में पूर्व आईएएस दिव्या मित्तल ने अपनी भावनाएं एक खूबसूरत कविता के जरिए व्यक्त की हैं. उन्होंने लिखा:
"मां, बिन मांगे तूने सब दिया, मैं तेरे चरणों में चढ़ाऊं क्या?
बस अपना आभार चढ़ाती हूं, भर आई आंखों की अश्रुधार चढ़ाती हूं.
पर आगे राह कठिन है, सद्बुद्धि देना कि समझ सकूं सही-गलत का अंतर.
साहस देना कि सही पथ पर चल सकूं निरंतर.
मन में इतना प्रेम देना कि कोई दुख पराया न रह पाए,
और वो नजर देना कि जिसे दुनिया ने अनदेखा किया, उसमें मुझे तेरा ही रूप नजर आए. जय माता दी."
30 अगस्त को दिया था इस्तीफा, 13 साल के सफर को दिया विश्राम
बता दें कि उत्तर प्रदेश कैडर में 2013 बैच की आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल ने 30 अगस्त 2026 को अपने पद से इस्तीफा दे दिया था. उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए अपने इस्तीफे की जानकारी साझा करते हुए लिखा था कि वे 13 साल की इस अविस्मरणीय यात्रा को अपनी इच्छा से विराम देते हुए त्यागपत्र दे रही हैं.
राजनीति में जाने की चर्चाओं पर क्या बोलीं दिव्या मित्तल?
आईआईटी दिल्ली और आईआईएम बैंगलोर से पढ़ाई के बाद लंदन में नौकरी करने वाली दिव्या मित्तल ने यूपीएससी क्रैक कर आईएएस बनने में सफलता हासिल की थी. हालांकि, उनके नौकरी छोड़ने की असली वजह अभी सामने नहीं आई है.
उनके राजनीति में कदम रखने को लेकर भी तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं. हालांकि, NDTV से खास बातचीत में उन्होंने स्पष्ट किया था कि इस्तीफा देने का फैसला कोई रातों-रात या किसी दबाव में लिया गया निर्णय नहीं है. उन्होंने बहुत सोच-विचार करने के बाद ही अपना त्यागपत्र दिया है और फिलहाल उनका राजनीति में जाने का कोई इरादा नहीं है.
आईएएस दिव्या मित्तल वर्तमान में उत्तर प्रदेश सरकार में राजस्व विभाग के विशेष सचिव के पद पर तैनात थीं. उन्होंने 06 मई 2026 को इस पद पर कार्यभार ग्रहण किया था. करीब दो साल देवरिया की डीएम रहने के बाद उनका तबादला राजस्व विभाग में हुआ था. यहीं से 30 अगस्त 2026 को दिव्या मित्तल ने इस्तीफा दिया है.
दिव्या मित्तल के इस्तीफे से संबंधित खबरें
यह भी पढ़ें- कर्ज चुकाना था... IIT दिल्ली, IIM बेंगलुरु से पढ़ीं IAS दिव्या मित्तल का इस्तीफा, कई जिलों में रहीं DM
यह भी पढ़ें- 'करप्शन इतना है कि ईमानदार अधिकारी काम नहीं कर पा रहे हैं', IAS दिव्या मित्तल के इस्तीफे पर बोले अखिलेश यादव
यह भी पढ़ें- IIT-IIM से पढ़ाई, फिर UPSC की तैयारी, ऐसे IAS बनीं दिव्या मित्तल; पढ़ें Success Story
यह भी पढ़ें- IAS दिव्या मित्तल के इस्तीफे पर सियासत: राहुल गांधी से मुलाकात, UP चुनाव 2027 से कनेक्शन की सच्चाई क्या?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं