विज्ञापन

चालान से बचने के लिए नंबर प्लेट में छेड़छाड़, हैदराबाद में पुलिस की सख्ती के परिणाम जान चौंक जाएंगे

हैदराबाद में फर्जी नंबर प्लेट और फर्जी रजिस्ट्रेशन के खिलाफ पुलिस ने अभियान चलाया. इस दौरान ट्रैफिक पुलिस ने 100 से ज्यादा गाड़ियों को जब्त किया है.

चालान से बचने के लिए नंबर प्लेट में छेड़छाड़, हैदराबाद में पुलिस की सख्ती के परिणाम जान चौंक जाएंगे
हैदराबाद में फर्जी नंबर प्लेट का जाल (फोटो- NDTV)
हैदराबाद:

तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में ट्रैफिक पुलिस ने लाल बत्ती जंप करने वाले, ट्रैफिक कैमरा को धोखा देने वाले और फर्जी नंबर प्लेट वालों के खिलाफ जोरदार अभियान चलाया है. पुलिस ने इस दौरान करीब 100 वाहनों को सीज किया है और इसके ही आपराधिक मामले दर्ज किए हैं. ट्रैफिक पुलिस ने पिछले आठ महीनों में इन वाहनों को जब्त किया है. इससे साफ पता चलता है कि शहर में फर्जी नंबर प्लेट और ट्रैफिक कैमरों को धोखा देने का खेल चल रहा था. 

पुलिस ने जब शुरुआत में ये अभियान शुरू किया तो उसे इतने बड़े पैमाने पर फर्जीवाड़े का अंदाजा नहीं था. हैदराबाद शहर के संयुक्त पुलिस आयुक्त (ट्रैफिक) डी जोएल डेविस ने कहा कि फर्जी रजिस्ट्रेशन की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने विशेष अभियान चलाया था. इस दौरान पुलिस ने ट्रैफिक चालान से बचने और कानूनी कार्रवाई से बचने वाले लोगों पर शिकंजा कसा. 

पुलिस आयुक्त ने बताया कि सबसे ज्यादा फर्जी नंबर प्लेट वाली गाड़ियां पकड़ी गईं. ऐसे वाहनों पर लगे नंबर प्लेट की वजह से ऐसी गाड़ियों के किसी अपराध में शामिल होने की पुष्टि करने में मुश्किल हो रही है. इससे पुलिस को जांच करने में दिक्कत आ रही है. ऐसे लोग जवाबदेही से भी बच सकते हैं. 

अधिकारियों ने ऐसे वाहन मालिकों के खिलाफ मोटर वीइकल ऐक्ट 1988 और सेंट्रल मोटर वीइकल रूल्स के तहत गाड़ियों में हाई सिक्यॉरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट लगाने को कहा है. पुलिस ने ऐसी 100 गाड़ियों को जब्त किया है और इतनी ही संख्या में केस भी दर्ज किए हैं. हैदराबाद पुलिस ने साफ किया है फर्जी नंबर प्लेट लगाकर कोई कानून से नहीं बच सकता है. 
 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Hyderabad Crime News, Hyderabad Traffic Challan, Hyderabad Traffic Cops
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com