Namo Bharat Rapid Rail Update: दिल्ली से मेरठ तक नमो भारत यानी रैपिड रेल चल रही है. नमो भारत से दिल्ली से मेरठ तक का सफर महज घंटेभर में पूरा हो जाता है. मेरठ के अलावा गाजियाबाद और साहिबाबाद जैसे इलाकों को भी इसने कनेक्ट किया है. दिल्ली-मेरठ के बाद अब दिल्ली-गुड़गांव-अलवर और दिल्ली-पानीपत-करनाल कॉरिडोर पर भी काम शुरू होगा. रैपिड रेल से आने वाले वक्त में घंटेभर में पूरे एनसीआर के शहरों का सफर पूरा होगा. रैपिड रेल अपनी सुपरफास्ट रफ्तार के साथ-साथ एनसीआर में बहुत कुछ बदल देगी.
सुपर फास्ट स्पीड, मिनटों में सफर पूरा
रैपिड रेल यानी नमो भारत ट्रेन की सबसे बड़ी खासियत इसकी हाई स्पीड है. यह ट्रेन 160 किमी प्रति घंटे की स्पीड से दौड़ती है. फिलहाल दिल्ली के सराय काले खां से रैपिड रेल मेरठ के मोदीपुरम स्टेशन तक दौड़ रही है. यह सफर 55 से 60 मिनट में पूरा हो रहा है. आने वाले समय में दिल्ली से अलवर, पानीपत और करनाल तक रैपिड रेल प्रोजेक्ट शुरू किए जाएंगे. इसके साथ ही नोएडा और जेवर एयरपोर्ट को भी रैपिड रेल से कनेक्ट किया जाएगा. अर्बन एनसीआर प्लान-2041 के अनुसार, भविष्य में एनसीआर के सभी शहरों को नमोभारत से कनेक्ट करने की योजना है.
प्रदूषण और ट्रैफिक से भी आजादी
दिल्ली-एनसीआर की एक बड़ी समस्या ट्रैफिक जाम और पर्यावरण प्रदूषण है. ऐसे कई हॉटस्पॉट हैं, जहां सालभर जाम का झंझट रहता है. वहीं दिसंबर-जनवरी जैसे सर्दियों के महीनों में प्रदूषण भी गंभीर स्तर पर पहुंच जाता है. कई पाबंदियां लागू हो जाती हैं. ऐसे में रैपिड रेल गेम चेंजर है. माना जा रहा है कि एनसीआर में रैपिड रेल के पूरी तरह चालू हो जाने पर सड़कों से हजारों वाहन कम हो जाएंगे. सड़कों पर वाहनों का दबाव कम होने से सालाना लाखों टन कार्बन उत्सर्जन कम होगा, जिससे दिल्ली-NCR की हवा सुधरेगी. इसके साथ ही मेरठ, जेवर या मुरथल से दिल्ली आने-जाने वालों का रोजाना का 2 से 3 घंटे का सफर मिनटों में सिमट जाएगा.

नमो भारत ट्रेन
Photo Credit: IANS
रियल एस्टेट और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे
अब तक दिल्ली-एनसीआर को केवल राजधानी दिल्ली, नोएडा गुरुग्राम और गाजियाबाद जैसे बड़े शहरों तक ही सीमित माना जाता है. लेकिन रैपिड रेल इस सीमा को तोड़ देगी. अब करनाल, मेरठ, पानीपत, अलवर और जेवर जैसे शहरों का भी विकास होगा. इन शहरों में भी कंपनियां और ऑफिस खुलेंगे और रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे. गाजियाबाद, मेरठ, जेवर और मुरथल जैसे शहर अब दिल्ली के सैटेलाइट टाउन न बनकर बड़े आर्थिक केंद्र के रूप में उभरेंगे.
इन रूट्स पर मिनटों में होगा सफर
- दिल्ली -गुरुग्राम -बावल-अलवर नमो भारत कॉरिडोर: 164 KM लंबा यह कॉरिडोर दिल्ली से गुरुग्राम, धारूहेड़ा, बावल होते हुए राजस्थान के अलवर तक जाएगा. इसका पहला हिस्सा (दिल्ली-एसएनबी) जल्द ही जमीनी काम के लिए तैयार है.
- दिल्ली-पानीपत-करनाल नमो भारत कॉरिडोर: 136 किलोमीटर लंबा यह कॉरिडोर दिल्ली से करनाल तक की यात्रा के समय को घटाकर सिर्फ 1.5 घंटे कर देगा. दिल्ली से मुरथल तक 30 मिनट में पहुंचेंगे.
- दिल्ली - जेवर एयरपोर्ट: यह कॉरिडोर दिल्ली और गाजियाबाद को जेवर में बन रहे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से सीधे जोड़ेगा.
- दिल्ली-फरीदाबाद-बल्लभगढ़-पलवल: हरियाणा के औद्योगिक क्षेत्रों फरीदाबाद और पलवल को दिल्ली से जोड़ने के लिए यह रूट प्रस्तावित है.
- गाजियाबाद-हापुड़: गाजियाबाद से हापुड़ के बीच कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए यह कॉरिडोर प्रस्तावित है.
- दिल्ली-शाहदरा-बड़ौत: यह कॉरिडोर बागपत और बड़ौत क्षेत्र के लोगों के लिए कनेक्टिविटी आसान करेगी.
यह भी पढ़ें: हरियाणा से चलेगी पहली नमो भारत ट्रेन, यूपी में नोएडा तक दौड़ेगी दिल्ली NCR की ये रैपिड रेल, जानें पूरा रूट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं