- तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में थलापति विजय की पार्टी टीवीके 108 सीटें जीतकर भी बहुमत से दूर है
- टीवीके को बहुमत के लिए किसी अन्य पार्टी से गठबंधन करना होगा क्योंकि डीएमके के साथ गठबंधन संभव नहीं
- विजय के पिता ने कांग्रेस को सत्ता देने का ऑफर दिया है जिससे कांग्रेस तमिलनाडु में फिर प्रभावी हो सकती है
Tamil Nadu Elections TVK-Congress Alliance: 5 राज्यों के विधानसभा चुनाव के नतीजे आ चुके हैं. पिक्चर शीशे की तरह साफ है. पश्चिम बंगाल में जहां भारतीय जनता पार्टी ने पहली बार ममता बनर्जी को उन्हीं के गढ़ में हराकर इतिहास रच दिया तो वहीं असम में हिमंता बिस्वा सरमा ने कांग्रेस को करारी शिकस्त दी. केरल में कांग्रेस की गठबंधन वाली सरकार सत्ता में आ गई तो वहीं पुडुचेरी में भी बीजेपी गठबंधन वाली सरकार सत्ता में वापसी कर गई. जिस एक राज्य ने सबसे ज्यादा चौंकाया वो है तमिलनाडु, डीएमके से नाराजगी और कमजोर विकल्प के रूप में दिख रही ADMK का लाभ एक्टर थलापति विजय को मिला और 108 सीटें हासिल एक मजबूत नेता के रूप में उभरे. अब विजय की TVK भले चुनाव जीत गई हो पर एक्टर के पिता ने कांग्रेस के लिए हार के बाद भी तमिलनाडु में सत्ता के दरवाजे खोल दिए हैं. पिता चंद्रशेखर ने कांग्रेस को जो ऑफर दिया है उसके बाद देश की सबसे पुरानी पार्टी के लिए केरल के बाद मौका-मौका वाला सीन बन गया है. आइए आपको पूरी बात समझाते हैं.
विजय के पिता का ऑफर और कांग्रेस के लिए छिपी गुड न्यूज!
पहले आपको बताते हैं कि विजय की टीवीके की जीत के बाद उनके पिता ने कांग्रेस के लिए कहा क्या है या कहें कि ऑफर क्या है? एक्टर विजय के पिता एसए चंद्रशेखर ने मीडिया से बातचीत में कहा कि कांग्रेस का एक इतिहास और परंपरा रही है.ऐसी कांग्रेस क्यों कमजोर होती जा रही है? इसकी वजह है सत्ता का अभाव. उन्होंने आगे कहा कि किसी दूसरी पार्टी का समर्थन करने से कांग्रेस और कमजोर हो रही है. वह सत्ता हम देंगे,विजय देने के लिए तैयार हैं. अगर आपको वह सत्ता मिलती है, तो कांग्रेस अपना इतिहास और विरासत बचा सकती है.उन्हें इस मौके का इस्तेमाल करना चाहिए.”
चंद्रशेखर ने विजय की सार्वजनिक जीवन में रुचि पर भी बात की और कहा कि अभिनेता लंबे समय से “तमिलनाडु के लिए कुछ करना चाहते थे.”एएनआई से उन्होंने कहा,“एक इंसान के तौर पर सिर्फ कलाकार होना ही काफी नहीं होता, समाज के बारे में सोच भी होनी चाहिए. पिछले 30 सालों से विजय के मन में यह बात थी कि उन्हें तमिलनाडु के लिए कुछ करना है.यह सोच धीरे‑धीरे विकसित हुई.आज वह मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं.”
विजय के पिता का बयान और कांग्रेस की तमिलनाडु सरकार में साथ आने की संभावना
विजय के पिता चंद्रशेखर के कांग्रेस को उसका खोया स्थान दिलाने के लिए ऑफर तो दे दिया पर सीटों का गणित क्या कहता है,ये भी समझिए. 4 मई को आए तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के नतीजे विजय की टीवीके के पक्ष में हैं. हालांकि विजय की पार्टी बहुमत से दूर है. उसे 108 सीटें जीतने के बाद भी 118 के पार जाने के लिए किसी एक पार्टी से गठबंधन करना होगा. डीएमके के साथ वो जाएगी नहीं क्योंकि उसी के खिलाफ उपजे गु्स्से को ढाल बनाकर पार्टी सत्ता में आई है. विजय के पिता का कांग्रेस के साथ गठबंधन पर आते हैं. मौजूदा नंबर्स देखें तो चुनाव आयोग के डेटा के अनुसार, तमलिनाडु में डीएमके के पास 59 सीटें आईं हैं और कांग्रेस को 5 सीटें मिलीं. कल को कांग्रेस टीवीके के साथ आ जाए तो ये आंकड़ा बढ़कर 113 हो जाएगा, बहुमत से 5 कम. ऐसे में पीएमके, आईयूएल जैसी पार्टियों के साथ बात करनी पड़ेगी जिन्हें इस चुनाव 4 और 2 सीट ही मिली हैं.
तमिलनाडु में कांग्रेस के लिए क्यों खोया वर्चस्व पाने का मौका?
तमिलनाडु में 2016 के आंकड़ों पर पहले नजर डालिए
2016 तमिलनाडु चुनाव के मुख्य परिणाम
➔कुल सीटें: 234 AIADMK (विजेता)
➔134 सीटें DMK (विपक्ष): 89 सीटें
➔कांग्रेस (DMK के साथ गठबंधन): 8 सीटें
अब विजय के पिता के कांग्रेस को लेकर कही गई बात का मतलब समझ आ जाएगा. इस नतीजे से पहले तमिलनाडु की वर्तमान डीएमके (DMK) सरकार में कांग्रेस का कोई भी विधायक मंत्री नहीं था. मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन के नेतृत्व वाली कैबिनेट में कांग्रेस को शामिल नहीं किया गया, हालांकि कांग्रेस 'इंडिया' गठबंधन के हिस्से के रूप में सरकार का समर्थन कर रही थी. विजय के पिता चंद्रशेखर के कहने का मतलब है कि अगर कांग्रेस टीवीके के साथ आ जाए तो सत्ता में उसके कोटे के मंत्री भी बन सकते हैं. देश की सबसे पुरानी पार्टी होने के नाते दक्षिण के दो राज्यों में कांग्रेस का दबदबा बना रहेगा. अब ये कांग्रेस और गांधी परिवार को तय करना है कि वो एमके स्टालिन के साथ को छोड़ते हैं या गठबंधन धर्म का पालन करते हैं, बाकि एस चंद्रशेखर ने पार्टी के लिए मौका-मौका तो कर ही दिया है.
यह भी पढ़ें- तृषा ने 22 साल पहले जताई थी सीएम बनने की ख्वाहिश, विजय तलपती जीते तो वायरल हुआ पुराना वीडियो
यह भी पढ़ें- सिर्फ 1 वोट से जीत, तमिलनाडु में विजय के कैंडिडेट ने मंत्री के जबड़े से छीन ली जीत
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं