विज्ञापन

Gold-Silver Crash: चांदी ₹2 लाख से भी सस्ती हुई, 10 दिन में सोना ₹9,693 तक लुढ़का, जानें ताजा भाव

Gold-Silver Price Crash: धनतेरस से पहले सोना-चांदी खरीदने वालों के लिए बड़ी खबर! चांदी ₹2 लाख से नीचे आई, सोना भी ₹1.42 लाख के पास फिसला. जानिए आज के ताजा भाव और आगे और कितनी गिर सकती हैं कीमतें...

Gold-Silver Crash: चांदी ₹2 लाख से भी सस्ती हुई, 10 दिन में सोना ₹9,693 तक लुढ़का, जानें ताजा भाव
Gold Silver Today Price: सोना-चांदी धड़ाम! आज कितने घट गए दाम?
NDTV इंडिया ग्राफिक्‍स
नई दिल्ली:

धनतेरस से पहले सोना-चांदी खरीदने वालों के लिए बड़ी खुशखबरी आई है. आज यानी शुक्रवार, 23 अक्टूबर को सोने-चांदी  की कीमतों में एक बार फिर तेज गिरावट आई. चांदी की कीमत में एक दिन में 6,799 रुपये तक की गिरावट आई, जिसके बाद इसका भाव ₹2 लाख प्रति किलो से नीचे पहुंच गया. वहीं, सोना भी ₹1.42 लाख प्रति 10 ग्राम के आसपास आ गया है. अगर आप त्योहार से पहले सोना या चांदी खरीदने की सोच रहे हैं, तो जान लीजिए कि आज कीमतें  घटकर कितनी रह गई हैं और आगे इनमें क्या बदलाव हो सकता है.

चांदी ₹2 लाख से नीचे, आज कितनी हुई सस्ती?

मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर दिसंबर डिलीवरी वाली चांदी शुक्रवार को ₹1,99,599 प्रति किलो के पिछले बंद भाव से ₹3,012 गिरकर ₹1,96,587 पर खुली. कारोबार के दौरान इसकी कीमत ₹6,799 यानी 3.40% तक गिरकर ₹1,92,800 प्रति किलो पर आ गई. लेकिन कुछ देर बाद में चांदी में रिकवरी हुआ. दोपहर के कारोबार में यह करीब ₹1,96,000 प्रति किलो के स्तर पर ट्रेड करती दिखी. चांदी लगातार तीसरे कारोबारी सत्र में गिरावट के साथ कारोबार कर रही है. पिछले 10 सत्रों में इसकी कीमत ₹32,955 यानी 14% से ज्यादा टूट चुकी है.

सोने के दाम भी गिरे, 10 दिन में ₹9,693 की गिरावट

सोने की कीमतों में भी बड़ी गिरावट देखने को मिली. MCX पर दिसंबर डिलीवरी वाला सोना पिछले बंद भाव ₹1,43,309 प्रति 10 ग्राम से ₹1,251 गिरकर ₹1,42,058 पर खुला.कारोबार के दौरान सोना ₹1,41,806 तक फिसल गया. इस तरह एक दिन में इसकी कीमत ₹1,503 तक गिर गई. बाद में इसमें कुछ सुधार हुआ और यह ₹1,42,680 के आसपास कारोबार करता दिखा. पिछले 10 कारोबारी सत्रों में सोना ₹9,693 यानी करीब 6.40% सस्ता हो चुका है.

अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोना-चांदी हुआ सस्ता

अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी दोनों गोल्ड-सिल्वर की कीमतों में गिरावट आई. कॉमेक्स पर सोना करीब 0.65% गिरकर 4,034 डॉलर प्रति औंस पर था, जबकि चांदी करीब 1.30% गिरकर 54.29 डॉलर पर कारोबार कर रही थी.रुपये में कमजोरी ने भारत में सोने की कीमतों को गिरावट से कुछ हद तक बचाया है.

क्यों गिर रहे हैं सोना-चांदी दाम?

सोना-चांदी की कीमतों में गिरावट के पीछे कच्चे तेल की बढ़ती कीमतें, महंगाई की चिंता और ब्याज दरों में जल्द कटौती की उम्मीद कम होना बड़ी वजहें हैं. कच्चे तेल का भाव 100 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर बना हुआ है. सऊदी अरब पर नए हमलों के बाद ब्रेंट क्रूड करीब 113 डॉलर तक पहुंचने से महंगाई की चिंता बढ़ी है.अगर महंगाई ऊंची रहती है, तो अमेरिकी फेडरल रिजर्व ब्याज दरें लंबे समय तक ऊंची रख सकता है. इससे सोने जैसी संपत्तियों की मांग पर दबाव पड़ता है, क्योंकि इनसे ब्याज नहीं मिलता. ऊंची अमेरिकी बॉन्ड यील्ड और मजबूत डॉलर भी सोने की कीमतों में गिरावट की वजह हैं.

आगे कितनी गिर सकती है चांदी?

एक्सपर्ट के मुताबिक, चांदी में अभी और गिरावट आ सकती है. इंडसइंड सिक्योरिटीज के जिगर त्रिवेदी के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय बाजार में 54 डॉलर प्रति औंस अहम स्तर है. इसके नीचे जाने पर चांदी 52-53 डॉलर तक गिर सकती है. 54.77 डॉलर से नीचे जाने पर 50 डॉलर का स्तर भी देखा जा सकता है. घरेलू बाजार में MCX चांदी दिसंबर वायदा अगले एक-दो महीने में ₹1.85 लाख से ₹1.75 लाख प्रति किलो तक आ सकती है.

एनरिच मनी के CEO पोनमुडी आर के मुताबिक, चांदी के लिए ₹1.92 लाख से ₹1.94 लाख का स्तर अहम सपोर्ट है. इसके नीचे जाने पर कीमत ₹1.83 लाख से ₹1.85 लाख तक गिर सकती है. वहीं, ₹2 लाख से ₹2.02 लाख का स्तर पार करना कीमतों में स्थिरता के लिए जरूरी है.

सोने अभी और सस्ता होगा या महंगा?

सोने के लिए ₹1.40 लाख से ₹1.41 लाख का स्तर अहम सपोर्ट है. इसके नीचे जाने पर कीमत ₹1.37 लाख से ₹1.38 लाख तक आ सकती है. वहीं, ₹1.43 लाख से ₹1.43 लाख 700 रुपये का स्तर पार करने पर कीमतों को सहारा मिल सकता है. इसके बाद ₹1.45 लाख से ₹1.46 लाख अगला रेजिस्टेंस है.

रिकॉर्ड भाव से काफी नीचे सोना-चांदी

इस साल MCX पर सोना ₹1,80,779 प्रति 10 ग्राम के रिकॉर्ड स्तर तक पहुंचा था. वहीं, चांदी का भाव ₹4,20,048 प्रति किलो के ऑल टाइम हाई  पर  था. अब दोनों की कीमतें अपने रिकॉर्ड स्तर से काफी नीचे हैं.  आगे सोना-चांदी की चाल अमेरिकी आर्थिक आंकड़ों, महंगाई, चीन की अर्थव्यवस्था, कच्चे तेल और दुनिया के राजनीतिक हालात पर निर्भर करेगी. एक्सपर्ट की सलाह है कि केवल कीमत गिरने के कारण जल्दबाजी में खरीदारी न करें और बाजार के संकेतों को देखकर फैसला लें.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Gold-Silver Price Crash, Gold Silver Price Today, Gold Silver Rate Today, MCX Gold Silver Price
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com