हरियाणा के नूंह जिले से गुजर रहे कुंडली-मानेसर-पलवल (KMP) एक्सप्रेसवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में यूपी पांच पुलिसकर्मियों की मौके पर ही मौत हो गई. जिसमें दो दारोगा, दो सिपाही और मुकदमा वादी समेत 5 पुलिसकर्मियों की मौत हो गई. बताया जा रहा है कि हादसे में जान गंवाने वाले पांचों पुलिसकर्मी यूपी के जालौन जिले में तैनात थे. यह घटना धुलावत टोल प्लाजा के पास हुई. पुलिस ने बताया कि पलवल की तरफ से आ रही काली स्कॉर्पियो कार का चालक एक वाहन को ओवरटेक करने की कोशिश कर रहा था, तभी उसका नियंत्रण बिगड़ गया और वह आगे चल रहे दूसरे वाहन से टकरा गई. बताया जा रहा है कि SOG की पुलिस टीम अपहरण के केस में दबिश के लिए गई थी. लेकिन इससे पहले ही हादसे का शिकार हो गई.
जानकारी के अनुसार एक स्कॉर्पियो कार HR 31 V 7550 पलवल की ओर से आ रही थी. धुलावट टोल प्लाजा से 500 मीटर पहले ही ओवरटेक करने की कोशिश में स्कॉर्पियो गाड़ी टकरा गई और सभी स्कॉर्पियो गाड़ी में सवार उत्तर प्रदेश पुलिस के पांच जवानों की मौत हो गई.
पुलिस की आईडी कार्ड से हुई पहचान
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक स्कॉर्पियो चालक ने ओवरटेक करने की कोशिश की, लेकिन इसी दौरान वाहन असंतुलित हो गया और सामने चल रही गाड़ी से जोरदार टक्कर हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार सभी पांच लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.
रेस्क्यू टीम को शव निकालते समय एक पुलिसकर्मी का आईडी कार्ड मिला, जिससे उनकी पहचान सब-इंस्पेक्टर मोहित कुमार यादव के रूप में हुई. इसके बाद उत्तर प्रदेश पुलिस से संपर्क किया गया.
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल तुरंत मौके पर पहुंचे. वाहन में फंसे शवों को बाहर निकालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी. एंबुलेंस की मदद से सभी को अस्पताल भिजवाया गया.
कृष्ण कुमार थाना प्रभारी केएमपी ट्रैफिक धुलावट ने बताया कि मृतक सभी उत्तर प्रदेश पुलिस के जवान हैं, जो जालौन जिले में तैनात थे. मामले की सूचना जालौन के पुलिस अधीक्षक को दे दी गई है. फिलहाल मृतकों की शिनाख्त और अन्य कानूनी प्रक्रियाएं पूरी की जा रही हैं.
पुलिस ने शुरू की जांच
प्राथमिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और ओवरटेक के दौरान वाहन का नियंत्रण खोना बताया जा रहा है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि एक्सप्रेसवे पर सावधानी बरतें और यातायात नियमों का पालन करें.
हाईवे पर पेट्रोलिंग टीम के अनुसार सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची, जहां स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त मिली. उसमें सवार पांचों व्यक्तियों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी. शवों को पोस्टमार्टम के लिए नलहड़ और सिविल अस्पताल भेज दिया है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं