विज्ञापन

कर्नाटक में 18 जगहों पर ED की छापेमारी, मंत्री सतीश जारकीहोली और उनकी बेटी के ठिकानों पर रेड

ईडी ने कर्नाटक में PWD मंत्री सतीश जारकीहोली, उनकी बेटी प्रियंका जारकीहोली के ठिकानों सहित 18 जगहों पर छापेमारी की.

कर्नाटक में 18 जगहों पर ED की छापेमारी, मंत्री सतीश जारकीहोली और उनकी बेटी के ठिकानों पर रेड
कर्नाटक के मंत्री के ठिकानों पर पर ईडी की रेड (Photo: IANS/NDTV)
  • ईडी ने कर्नाटक में 18 परिसरों पर छापेमारी की.
  • मंत्री सतीश जारकीहोली और उनकी बेटी प्रियंका जारकीहोली के ठिकाने शामिल.
  • अधिकारियों के मुताबिक यह एक नई जांच का हिस्सा है.
बेंगलुरु:

ईडी यानी प्रवर्तन निदेशालय की टीम ने बुधवार को एक जांच के सिलसिले में कर्नाटक में कई जगहों पर छापेमारी की. राज्य के लोक निर्माण विभाग मंत्री सतीश जारकीहोली, उनकी बेटी एवं सांसद प्रियंका जारकीहोली और कुछ अन्य लोगों से जुड़े परिसरों पर छापेमारी की गई. अधिकारियों से मिली जानकारी के मुताबिक, करीब 18 परिसरों की तलाशी ली जा रही है. इनमें सतीश जारकीहोली (64) का शहर के ‘डॉलर्स कॉलोनी' इलाके में स्थित परिसर भी शामिल है.

अधिकारियों ने बताया कि चिक्कोड़ी लोकसभा सीट से सांसद उनकी बेटी प्रियंका जारकीहोली के परिसरों की भी तलाशी ली जा रही है.

उन्होंने बताया कि यह एक नयी जांच है और इसका जारकीहोली के बहनोई एवं आबकारी विभाग के अधिकारी वाई. डी. मंजूनाथ से जुड़े मामले से कोई संबंध नहीं है. मामले में पूरी जानकारी का इंतजार है.

वाई.डी मंजूनाथ कौन हैं?

कर्नाटक सरकार में मंत्री सतीश जारकीहोली के रिश्तेदार मंजूनाथ मूल रूप से बल्लारी के हरपनहल्ली के रहने वाले हैं और अभी बेलगावी डिवीजन में एक्साइ विभाग के एडिशनल कमिश्नर के तौर पर काम कर रहे हैं. मंजूनाथ, सतीश जारकीहोली की छोटी बहन महादेवी के पति हैं.

एक्साइज विभाग में आने से पहले वे PSI थे और बाद में उन्होंने KAS परीक्षा पास की थी. कुछ दिन पहले ईडी ने मंजूनाथ से जुड़ी जगहों पर छापेमारी की थी.

मंजूनाथ पर लगे आरोपों में आबकारी विभाग में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार शामिल है, जिसमें शराब की दुकानों के लाइसेंस जारी करने और उन्हें रिन्यू करने के लिए रिश्वत लेना भी शामिल है. इसके अलावा, बार (Bar) से हर महीने एक तय रकम वसूलने, गैर-कानूनी तरीके से विदेशी पैसे का लेन-देन करने और हवाला से जुड़े होने के आरोप भी हैं. आरोपों में बेनामी नामों से बार और प्रॉपर्टी खरीदना और गैर-कानूनी संपत्ति जमा करना भी शामिल है.

ये भी पढ़ें: हर महीने 3% रिटर्न का लालच, 1,777 करोड़ रुपये अब भी लापता; कर्नाटक के निवेश घोटाले में ED की बड़ी रेड

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Karnataka, Satish Jarkiholi, ED Raid, Bengaluru, Manjunath
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com