विज्ञापन

ट्रंप की टैरिफ धमकी के बीच रूस के दौरे पर अचानक क्यों जा रहे एस जयशंकर? लावरोव से होगी मुलाकात

विदेश मंत्री जयशंकर 23 अगस्त से 2 दिन के रूस दौरे पर जा रहे हैं. लावरोव से मुलाकात करेंगे और भारत-रूस आयोग की बैठक में शामिल होंगे.

ट्रंप की टैरिफ धमकी के बीच रूस के दौरे पर अचानक क्यों जा रहे एस जयशंकर? लावरोव से होगी मुलाकात
रूस के दो दिन के दौरे पर रहेंगे विदेश मंत्री एस. जयशंकर (Photo: IANS)
नई दिल्ली:

भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर रूस का दौरे पर जाने वाले हैं. इस दौरान वे व्यापार, विज्ञान, टेक्नोलॉजी और संस्कृति पर भारत-रूस अंतर-सरकारी आयोग की 27वीं बैठक की सह-अध्यक्षता करेंगे. भारतीय विदेश मंत्रालय ने शनिवार को एक बयान में कहा कि 23 अगस्त से शुरू होने वाली दो दिन की ट्रिप के दौरान, जयशंकर अपने रूसी समकक्ष सर्गेई लावरोव से भी मिलेंगे और क्षेत्रीय व वैश्विक मुद्दों पर चर्चा करेंगे. रूस का यह दौरा ऐसे वक्त में हो रहा है, जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने उन देशों पर 100 फीसदी का अतिरिक्त टैरिफ लगाने की धमकी दी है, जो रूस से तेल, गैस और यूरेनियम खरीदते हैं. 

यूक्रेन युद्ध के बीच भारत रूस से तेल खरीदता रहा है, लेकिन अमेरिका के ऊंचे टैरिफ से बचने के लिए उसने तेल आयात कम करना शुरू कर दिया था, क्योंकि नई दिल्ली वॉशिंगटन के साथ व्यापार समझौते पर बातचीत कर रही थी.

हालांकि, मिडिल ईस्ट में संघर्ष के बाद रूस के कच्चे तेल पर भारत की निर्भरता बढ़ने लगी और जुलाई में यह रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई. इस दौरान, दुनिया के तीसरे सबसे बड़े तेल खरीदार और उपभोक्ता देश के कुल आयात में रूस से आने वाले तेल की हिस्सेदारी 50.83 प्रतिशत रही.

हथियारों पर हो सकती है डील!

यह दौरा ऐसे वक्त में हो रहा है, जब भारत और रूस कई क्षेत्रों में आपसी सहयोग को और गहरा करने की लगातार कोशिश कर रहे हैं. इससे पहले, नई दिल्ली में रूस-भारत अंतर-सरकारी आयोग (सैन्य और सैन्य-तकनीकी सहयोग पर) के प्लानिंग वर्किंग ग्रुप की बैठक हुई थी, जिसमें दोनों पक्षों ने सशस्त्र बलों के बीच आपसी सहयोग बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा की.

ये भी पढ़ें: ट्रंप की धमकी नजरअंदाज, भारत-रूस साझेदारी की नई उड़ान... आर्थिक संबंधों की मजबूती के लिए नए क्षेत्रों पर फोकस

IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, भारत में रूसी दूतावास ने शुक्रवार को अपने आधिकारिक टेलीग्राम चैनल पर बताया, "20-21 अगस्त को नई दिल्ली में रूस-भारत अंतर-सरकारी आयोग के प्लानिंग वर्किंग ग्रुप की बैठक हुई. दोनों पक्षों ने मौजूदा साल के लिए संयुक्त गतिविधि योजना के नतीजों की समीक्षा की, 2027 के लिए उपाय तय किए और दोनों देशों की सेनाओं के बीच आपसी सहयोग बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा की."

पिछले हफ्ते, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने आर्थिक, सामाजिक, वैज्ञानिक और तकनीकी क्षेत्रों में भारत की 'शानदार सफलता' की तारीफ की और कहा कि देश को दुनिया भर में 'सही मायने में बहुत सम्मान' मिल रहा है.


 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Russia, S Jaishankar, Lavrov, America, Trump
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com