विज्ञापन

डीके शिवकुमार 3 जून को बनेंगे कर्नाटक के सीएम, सादगी से होगा शपथ ग्रहण समारोह

कांग्रेस ने डीके शिवकुमार के शपथ ग्रहण समारोह को सादगी से करने का फैसला किया है. कार्यकर्ताओं से भी अपील की गई है कि वो समारोह स्थल पर पहुंचने की कोशिश नहीं करें.

डीके शिवकुमार 3 जून को बनेंगे कर्नाटक के सीएम, सादगी से होगा शपथ ग्रहण समारोह
राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे के साथ डीके शिवकुमार.
  • शपथ ग्रहण समारोह लोक भवन के ग्लास हाउस में आयोजित होगा, लेकिन इसके सटीक समय की घोषणा बाद में की जाएगी
  • कांग्रेस ने समारोह को सादगीपूर्ण और कम खर्चीला रखने का निर्णय लिया है, जिसमें दिखावे या तामझाम नहीं होगा
  • पार्टी ने कार्यकर्ताओं से अपील की है कि वे समारोह स्थल पर बड़ी संख्या में नहीं पहुंचें ताकि यातायात जाम न हो

डीके शिवकुमार को कर्नाटक में कांग्रेस विधायक दल का नेता चुन लिया गया है. वो 3 जून को कर्नाटक के नए सीएम के तौर पर शपथ लेंगे. कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी (केपीसीसी) के कार्यकारी अध्यक्ष चंद्रशेखर ने बताया कि कर्नाटक के नए मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण समारोह तीन जून को लोक भवन के ग्लास हाउस में होगा.

कर्नाटक में कांग्रेस विधायक दल (सीएलपी) के नए नेता के चुनाव के लिए शनिवार को होने वाली बैठक में भाग लेने के लिए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के महासचिव के.सी. वेणुगोपाल और रणदीप सिंह सुरजेवाला बेंगलुरु पहुंचे. सबसे पहले सिद्धारमैया ने विधायक दल के नेता के तौर पर इस्तीफा दिया. इसके बाद डीके शिवकुमार को विधायक दल का नेता चुना गया.

शपथ का समय अभी तय नहीं

राज्यसभा सदस्य चंद्रशेखर ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि शुरुआत में शपथग्रहण समारोह के आयोजन स्थल को लेकर भ्रम की स्थिति थी, लेकिन बाद में इसे लोक भवन में आयोजित करने का निर्णय लिया गया. उन्होंने कहा, ‘‘अब यह निर्णय लिया गया है कि शपथग्रहण समारोह तीन जून को आयोजित किया जाएगा.'' सांसद ने बताया कि शपथग्रहण समारोह का सटीक समय बाद में तय कर इसकी घोषणा की जाएगी. उन्होंने कहा, ‘‘तीन जून को होने वाला शपथग्रहण समारोह लोक भवन के ग्लास हाउस में आयोजित किया जाएगा.''

कार्यकर्ताओं से की अपील-समारोह स्थल पर मत पहुंचे

चंद्रशेखर के अनुसार, राज्य के विभिन्न हिस्सों से लोगों को बेंगलुरु लाकर बड़े पैमाने पर कार्यक्रम आयोजित करने के लिए लगभग 10,000 से 15,000 बस बुक करने पर चर्चा हुई थी, लेकिन ईंधन संकट और यातायात जाम को ध्यान में रखते हुए इस योजना को रद्द कर दिया गया. उन्होंने कहा, ‘‘शपथग्रहण समारोह भव्य या अत्यधिक खर्चीला नहीं होना चाहिए. इसे यथासंभव सादगीपूर्ण तरीके से आयोजित किया जाना चाहिए और इसमें दिखावे या तामझाम के बजाय काम एवं सेवा की भावना झलकनी चाहिए. पार्टी ने निर्णय लिया है और निर्देश जारी किए हैं कि कार्यक्रम सादगी के साथ आयोजित किया जाए.'' चंद्रशेखर ने सभी पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों से अपील की कि वे बड़ी संख्या में समारोह स्थल पर पहुंचने का प्रयास नहीं करें और सहयोग करें, ताकि यातायात जाम नहीं हो तथा आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े.

ये भी पढ़ें-

कांग्रेस के लिए कितना फायदेमंद होगा बीच सरकार में CM बदलना, क्या अगले दो सालों में चार दशक की परिपाटी बदल पाएंगे डीके शिवकुमार?

लेखक के बारे में
img
विजय शंकर पांडेय
चीफ सब एडिटर
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Karnataka, Karnataka New Cm, Karnataka New Cm Oath Date, Dk Shivkumar, Dk Shivkumar Oath Date
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com