बांकीपुर उपचुनाव के नतीजों को लेकर समाजवादी पार्टी के सांसद धर्मेंद्र यादव ने भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला है. दिल्ली में लोकसभा परिसर के बाहर एनडीटीवी से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि उपचुनाव के परिणाम जनता के बदलते राजनीतिक रुझान का संकेत हैं और देश में बीजेपी के प्रति भरोसा कमजोर हुआ है. धर्मेंद्र यादव ने भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार, अन्याय और दमन जैसे आरोप लगाते हुए कई मुद्दों पर निशाना साधा. वहीं, उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के मदरसों को लेकर दिए गए बयान पर भी उन्होंने कड़ी प्रतिक्रिया दी और राम मंदिर से जुड़े कथित मुद्दों पर सरकार से सवाल पूछे.
बांकीपुर उपचुनाव परिणाम पर बीजेपी पर हमला
लोकसभा के बाहर मीडिया से बातचीत में धर्मेंद्र यादव ने बांकीपुर उपचुनाव के नतीजों को भाजपा के लिए बड़ा संदेश बताया. उन्होंने कहा, "जिस तरीके से उपचुनाव के परिणाम आए हैं, वे बताते हैं कि दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी है और सबसे बड़ी पार्टी के सबसे बड़े अध्यक्ष यानी उनके राष्ट्रीय अध्यक्ष की अपनी 30 साल पुरानी परंपरागत सीट पर भी भाजपा बुरी तरह हारी है. ये उदाहरण है कि देश की जनता का विश्वास अब बीजेपी से पूरी तरह से खत्म हो चुका है."
धर्मेंद्र यादव ने आगे कहा, "बीजेपी के लोगों ने जो अंधेर किया है, लूट का, भ्रष्टाचार का, डकैती का, अन्याय का, अत्याचार का, शोषण का, लाठी चार्ज का, एके 47 का, जिस तरह से आंसू गैस, बच्चियों का अपमान, जिस तरह से प्रभु श्री राम के मंदिर में लूट या चोरी छोटा शब्द होगा डकैती डाली गई. इन तमाम चीजों को देश का जनमानस देख रहा है और शुरुआत की है यहां से." उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी को लाभ मिलेगा. धर्मेंद्र यादव ने कहा, "मैं समझता हूं आने वाले समय में उत्तर प्रदेश की जनता ऐतिहासिक तौर पर बीजेपी को हराकर समाजवादी पार्टी को, माननीय अखिलेश यादव को जीत दिलाकर आपको दिखाएगी."
केशव प्रसाद मौर्य के बयान पर प्रतिक्रिया
बातचीत के दौरान धर्मेंद्र यादव से उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के उस बयान पर भी सवाल किया गया, जिसमें उन्होंने कहा था कि मदरसे आतंकवाद को बढ़ावा देते हैं. इस पर धर्मेंद्र यादव ने कहा, "केशव प्रसाद मौर्य जी से मैं पूछना चाहता हूं आखिर प्रभु श्री राम का दिन-रात जाप करके आप टिकट मांगते रहे, वोट मांगते रहे, प्रचार करते रहे, तिलक भी बड़ा लगाते हो. आखिर आप सरकार के उपमुख्यमंत्री हो, आप बताओ कि जो प्रभु श्री राम के मंदिर की डकैती डालने वालों पर आपने क्या कार्रवाई की?" उन्होंने आगे कहा, "जो चीज आपके अंदर में आती है, आपके कार्यक्षेत्र के अंदर है, उस पर आपने क्या किया? क्या इधर-उधर की बातें कर रहे हो. उस पर आपने क्या किया?"
सरकार की कार्यशैली पर उठाए सवाल
धर्मेंद्र यादव ने अपनी प्रतिक्रिया में प्रदेश सरकार की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े किए. उन्होंने कहा कि जिन मुद्दों पर कार्रवाई की जरूरत है, सरकार को उन पर ध्यान देना चाहिए. उन्होंने केशव प्रसाद मौर्य को निशाने पर लेते हुए कहा, "कौन गंभीरता से लेता है उनको, उनके खुद के मुख्यमंत्री उनको गंभीरता से नहीं लेते हैं, उनको लेते हो तो बताइए."
यह भी पढ़ें : मदरसों को केशव प्रसाद मौर्य ने बताया-आतंकियों का गढ़, योगी कैबिनेट आज लेने जा रही है बड़ा फैसला
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं