- लखनऊ यूनिवर्सिटी के एक असिस्टेंट प्रोफेसर ने छात्रा से अशोभनीय बातचीत करते हुए पेपर आउट करने का ऑफर दिया
- वायरल ऑडियो क्लिप के सामने आने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस को सूचना दी
- हसनगंज पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्रोफेसर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी
"अगर तुम कहोगी, तो मैं आ जाऊंगा डार्लिंग.... तुम सिर्फ बता देना क्या हेल्प चाहिए, तुम्हारे लिए सब कुछ ओपन है. फिर किस दिन मिलने आओगे, मैंने दोनों पेपर आउट कर लिये हैं आपके लिए? पूरा पेपर आउट कर दिया है, यार... तुम आ जाओ... मिलने नहीं आओगी एक बार भी...?" ये बातें लखनऊ यूनिवर्सिटी के एक प्रोफेसर ने एक छात्रा से कहीं. ऑडियो क्लिप के वायरल होने के बाद लखनऊ यूनिवर्सिटी प्रशासन अलर्ट मोड में आया और प्रोफेसर के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज की दी. पुलिस ने प्रोफेसर को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है. नीट पेपर लीक खुलासे के बाद लखनऊ यूनिवर्सिटी के इस मामले ने कई सवाल खड़े कर दिये हैं.
पेपर आउट कर प्रोफेसर पर छात्रा को ऑफर किया
लखनऊ यूनिवर्सिटी के जियोलॉजी डिपार्टमेंट के असिस्टेंट प्रोफेसर परमजीत सिंह का छात्रा से कथित अशोभनीय बातचीत का ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया है. वायरल ऑडियो में परीक्षा से जुड़ी बातों का भी जिक्र सुनाई दे रहा है. मामला सामने आने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन और पुलिस हरकत में आ गई. हसनगंज पुलिस ने एग्जाम कंट्रोलर की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर प्रोफेसर को हिरासत में ले लिया है. बताया जा रहा है कि छात्रा द्वारा इस वीडियो को वायरल किया गया, ताकि प्रोफेसर की हरकतें सबके सामने आ सकें.
प्रोफेसर से छात्रा की आपत्तिजनक बातचीत
सोशल मीडिया पर वायरल ऑडियो क्लिप में कथित तौर पर प्रोफेसर छात्रा से आपत्तिजनक और निजी बातचीत करते सुनाई दे रहे हैं. ऑडियो में परीक्षा और पेपर से जुड़ी बातें भी सामने आ रही हैं. वायरल क्लिप के बाद विश्वविद्यालय परिसर में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है. छात्रा के संज्ञान में मामला आने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने तत्काल पूरे प्रकरण को गंभीरता से लिया और पुलिस को सूचना दी गई.
प्रोफेसर और छात्रा के बीच हुई बातचीत....
प्रोफेसर - बच्चा, मामा ठीक है न सब?
छात्रा - जी, सर... सहीं हैं.
प्रोफेसर - तो अगर कुछ भी हेल्प चाहिए, केजीएमयू में तो ज्यादा डॉक्टर जाने वाले हैं, ठीक है डार्लिंग. अगर आप कहोगी तो मैं बिल्कुल आ जाऊंगा. अगर कोई फाइनेंशियल सपोर्ट चाहिए और कोई हेल्प चाहिए, तुम्हारे लिए सबकुछ ओपर है.
छात्रा - नहीं, सर ऐसी कोई दिक्कत नहीं है... हो जाएगा काम. इतना भी नहीं है हो जाएगा.
प्रोफेसर - तो नहीं बता दीजिएगा, अगर कुछ होगा, ठीक है मेम. किस दिन मिलने आओगी, मैंने दोनों पेपर आउट कर लिये हैं आपके?
छात्रा- सर, मुझे मुश्किल ही लग रहा है, क्योंकि अभी घर पर भी देखना है.
प्रोफेसर- जब आपके एग्जाम होंगे कोर और इलेक्टिव वाला, तो उससे पहले बता दीजिएगा, मैंने दोनों पेपर आउट कर लिये हैं, तुम्हारे लिये.
छात्रा- सर, वैसे मैंने पढ़ तो लिया है. सिलेबस तो मेरा पूरा हो गया है.
प्रोफेसर- नहीं-नहीं... तुम आ जाओ, तुम्हारे लिए मैं पेपर आउट कर दूंगा यार. पूरा पेपर रखा है मेरे पास, तो आ जाओ आप.
छात्रा- वैसे सर, मेरे सिलेबस तो कंप्लीट हो गया है और अभी सर से निकलने का माहौल नहीं है. पढ़ तो मैं ली थी इसलिए.
प्रोफेसर- तो मिलने नहीं आओगी एक बार भी?
छात्रा- सर, मम्मी का अभी देख लें... इस चक्कर में घर पर रुकना इंपॉर्टेंट है.
प्रोफेसर- तो बताओ कब तक आ पाओगी एक बार?
छात्रा- सर, घर पर थोड़ा स्टेबल हो जाए.
प्रोफेसर- सात दिनों के अंदर?
छात्रा- सर, अभी तो एग्जाम हैं, ये खत्म हो जाएं, फिर आते हैं.
प्रोफेसर- एग्जाम से पहले आ जाओ, दोनों पेपर आउट कर लिये हैं तुम्हारे लिये.
छात्रा- अच्छा, सर मैं ट्राई करती हूं. जिन दिन घर से निकल पाऊंगी, तब देखती हूं.
प्रोफेसर- ट्राई नहीं, आना पड़ेगा आपको. तो 7 दिन के अंदर आ जाओ फिर.
24 घंटे के भीतर जांच रिपोर्ट सौंपने के निर्देश
मामला सामने आने के बाद अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद कार्यकर्ताओं ने विश्वविद्यालय परिसर में प्रदर्शन किया और प्रोफेसर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई. विश्वविद्यालय प्रशासन ने साफ किया है कि संस्थान की छवि को प्रभावित करने वाली किसी भी गतिविधि को गंभीरता से लिया जाएगा. कुलपति जे.पी. सैनी ने आंतरिक शिकायत समिति को 24 घंटे के भीतर जांच रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए हैं. वहीं पुलिस वायरल ऑडियो और अन्य तथ्यों के आधार पर पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.
ये भी पढ़ें :- GPS से ट्रैकिंग, AI से निगरानी, नीट में नकल करने वाले अब बच नहीं पाएंगे. री-एग्जाम में होगा हाई सिक्योरिटी कवच
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं