विज्ञापन
This Article is From Oct 01, 2018

महात्मा गांधी की 150वीं जयंती पर वर्धा में कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक, पार्टी ने मोदी सरकार की तुलना की अंग्रेजी हुकूमत से

 कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने यह भी आरोप लगाया कि मोदी सरकार 'अंग्रेजी हुकूमत की तरह मुट्ठी भर अमीरों’ के हित में काम कर रही है.

महात्मा गांधी की 150वीं जयंती पर वर्धा में कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक, पार्टी ने मोदी सरकार की तुलना की अंग्रेजी हुकूमत से
फाइल फोटो
नई दिल्ली: कांग्रेस कार्यसमिति की महाराष्ट्र के वर्धा में होने वाली बैठक से एक दिन पहले पार्टी ने सोमवार को नरेंद्र मोदी सरकार पर जमकर हमला बोला और कहा कि वह ''दलितों-पिछड़ों का दमन तथा प्रजातंत्र का हनन करने वाली भाजपा सरकार’ से राहुल गांधी के नेतृत्व में देश को मुक्ति दिलाने के लिये तैयार हैं.  कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने यह भी आरोप लगाया कि मोदी सरकार 'अंग्रेजी हुकूमत की तरह मुट्ठी भर अमीरों’ के हित में काम कर रही है. पार्टी महात्मा गांधी की 150वीं जयंती के मौके पर कल वर्धा में कार्यसमिति की बैठक करने के साथ शांति मार्च निकालेगी और सभा भी करेगी.  सुरजेवाला ने कहा, ''राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस, महात्मा गांधी के मार्ग पर चल कर, देश को आर्थिक अराजकता, किसानों के दमन, भ्रष्टाचारी, बैंक लूट, घोटालों व राफेल के घोटालेबाजों, बेरोजगारी, महिला उत्पीड़न, दलितों-पिछड़ों का दमन तथा प्रजातंत्र का हनन करने वाली ‘भाजपा सरकार’ से मुक्ति दिलाने के लिये तैयार है.'' उन्होंने कहा, ''अंग्रेजी हुकूमत भी भारत के संसाधनों को लूट कर विदेश ले जाती थी. भाजपा सरकार भी भारत के ‘बैंक लुटेरों को विदेश भागने की खुली छूट’ देकर भारत के संसाधनों पर डाका डाल रही है. '' 

मध्य प्रदेश में 15 साल से काबिज है बीजेपी, महागठबंधन के लिए कई दलों की बैठक में हुआ ये फैसला

उन्होंने कहा, ''अंग्रेजी हुकूमत भी भारत के बहुलतावाद को कुचल कर ‘फूट डालो और शासन करो’ की नीति अपनाए हुए थी. भाजपा सरकार भी सांप्रदायिक-जातीय-क्षेत्रीय बंटवारे और ध्रुवीकरण के बीज बोकर ‘शकुनि’ की भांति हर हालत में सत्ता प्राप्ति के लिए ‘राजनैतिक चौसर’ खेल रही है.'' उन्होंने आरोप लगाया, ''अंग्रेजी हुकूमत भी चंपारण में नील का ‘तीन कठिया कानून’ बनाकर किसानों का दमन करती थी. भाजपा सरकार भी किसानों को फसलों के दाम न देकर ‘आत्महत्या की ड्योढ़ी’ पर जबरन पहुंचाती है और न्याय मांगने पर किसान के ‘सीने में गोलियां’ उतार देती है.'' 

राफेल सौदा: रक्षा मंत्री ने एचएएल की अनदेखी से संबंधित आरोपों को गलत बताया 

उन्होंने कहा, ''अंग्रेजी हुकूमत भी समाज की ‘अंतिम पंक्ति’ के लोगों का शोषण कर गुलामी की जंजीरों में धकेलती थी. बीजेपी सरकार का ‘डीएनए’ भी दलितों, आदिवासियों, पिछड़ों, अल्पसंख्यकों, महिलाओं तथा अंतिम पंक्ति में खड़े लोगों के शोषण एवं प्रताड़ना वाला है." सुरजेवाला ने कहा, ''अंग्रेजी हुकूमत भी नमक का ‘काला कानून’ बना कर भारत के नागरिकों को भारी भरकम करों के बोझ तले दबाती थी. भाजपा सरकार भी ‘गब्बर सिंह टैक्स (जीएसटी) और नोटबन्दी’ जैसे मनमाने फैसले थोप कर आम नागरिक और छोटे-छोटे दुकानदार तथा व्यवसायियों की रोजी रोटी पर कुठाराघात करती है.'' उन्होंने दावा किया, ''अंग्रेजी हुकूमत भी ‘मुट्ठी भर अमीरों’ और ‘जमींदारों’ के हितों को साधकर अपना शासन चलाती थी. मोदी सरकार भी ‘मुट्ठी भर अमीरों और सरमायादारों’ के लिए काम कर रही है और गरीब के अधिकार छीन कर, भारत के संसाधनों को अपने मुट्ठी भर अमीर दोस्तों पर लुटा रही है.'' उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि यह सरकार विरोधियों की आवाज दबाने के लिए सरकारी एजेंसियों का इस्तेमाल कर रही है. 

मिशन 2019: हंगामा है क्यों बरपा?​
 

(हेडलाइन के अलावा, इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है, यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Congress Working Commitee
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com